नई दिल्ली, 28 नवंबर 2026
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने महिला आरक्षण बिल के बहाने परिसीमन बिल पास कराने के पीछे की साजिश का खुलासा करते हुए भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि परिसीमन की सच्चाई यह है कि अगर भाजपा सरकार परिसीमन में हेरफेर करती है, तो अगले 25 सालों तक उसे सत्ता से हटाना मुश्किल हो जाएगा। भले ही ज्यादातर लोग उन्हें सत्ता में नहीं देखना चाहेंगे, फिर भी भाजपा ही बार-बार सरकार बनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को महिलाओं की चिंता है तो 33 फीसद ही क्यों, उन्हें 50 फीसद आरक्षण देना चाहिए। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री पद भी महिलाओं के लिए 50 फीसद आरक्षित करना चाहिए। लेकिन भाजपा ऐसा नहीं करेगी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर भाजपा की सरकार चाहेगी तो परिसीमन के जरिए इनके वोट कम भी होंगे तब भी ये बार-बार अपनी सरकार राज्य और केंद्र में बना सकते हैं। सौरभ भारद्वाज ने उदाहरण देते हुए समझाया कि मान लीजिए की किसी राज्य में 20 पॉइंट ऐसे हैं, जहां रहने वाले लोग भाजपा को समर्थन करते हैं। उसी राज्य में 30 ऐसे पॉइंट हैं, जहां रहने वाले लोग विरोधी पार्टी को समर्थन करते हैं। ऐसे में उस राज्य में स्थित कुल पॉइंट में 40 फीसद भाजपा समर्थक इलाके हैं और 60 फीसद इलाके विपक्ष के समर्थक इलाके हैं। अगर ईमानदारी से परिसीमन और चुनाव हो तो 60 फीसद सीटें विपक्ष की और 40 फीसद भाजपा की आनी चाहिए। ऐसे में मुख्यमंत्री और सरकार विपक्षी दल की बननी चाहिए।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर भाजपा को परिसीमन करने की छूट मिल जाए तो इस तरह से विधानसभा और लोकसभा के निर्वाचन क्षेत्र बनाएं जाएंगे कि हर बार भाजपा ही जीतेगी। मसलन, एक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थकों के 4 स्ट्रॉग होल्ड एरिया ले लिया जाए और 2 विपक्षी दलों के समर्थकों के स्ट्रॉग होल्ड एरिया ले लिया जाए तो वहां भाजपा चुनाव जीतेगी। राज्य में बचे विपक्षी दलों के समर्थकों के कई स्ट्रॉग होल्ड एरिया को मिलाकर बड़ा निर्वाचन क्षेत्र बना दिया जाए तो वहां विपक्ष जीत जाएगा। ऐसे में कुल निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा 5 सीटें जीतेगी, लेकिन विपक्ष मात्र 2 सीटें ही जीतेगा। इसके बाद विपक्ष चाहे जो आरोप लगाए या जनता परेशान रहे, बार-बार भाजपा ही जीतेगी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सभी जानते हैं कि भाजपा महिला आरक्षण बिल का बहाना करके परिसीमन कर बेइमानी करना चाहती है। यह समय भाजपा की साजिश का पर्दाफाश करने का है। अगर भाजपा और पीएम मोदी सही में महिलाओं के लिए इतना चिंतित हैं तो महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण ही क्यों दे रहे हैं। दिल्ली समेत पूरे देश में आधी आबादी महिलाओं की है। ऐसे में महिलाओं के लिए आरक्षण 50 फीसद होनी चाहिए। मोदी जी महिलाओं को सिर्फ सांसद तक ही क्यों बनाना चाहते हैं। अगर महिलाओं को शक्ति देनी है, उनको सशक्त बनाना है तो उन्हें भी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाएं। सीएम, पीएम और मंत्री पद पर भी महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण मिलना चाहिए।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 22 राज्यों में भाजपा की सरकार है। इन 22 राज्यों में कम से कम 11 राज्यों में महिला मुख्यमंत्री होनी चाहिए। हर जगह एक बार महिला मुख्यमंत्री, एक बार पुरुष मुख्यमंत्री, एक बार महिला प्रधानमंत्री, एक बार पुरुष प्रधानमंत्री, ऐसे बनना चाहिए। मैं चाहता हूं कि इस बात को तमाम लोग उठाएं और भारतीय जनता पार्टी से कहें कि टोकनिज्म न करे। अगर सही में महिलाओं की चिंता है, तो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पद पर महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण दीजिए।