नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के प्रदूषण को कम दिखाने के लिए फर्जीवाड़ा कर रही भाजपा सरकार को लेकर बड़ा खुलासा किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आईआईटी जहांगीरपुरी में लगे एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन का दौरा किया, जहां सरकार की ओर से स्टेशन के आसपास लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर कहा कि भाजपा सरकार एक्यूआई डेटा में हेरफेर करने के लिए एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशनों के ऊपर पानी का छिड़काव करा रही है। इनको प्रदूषण कम नहीं करना है, बल्कि जीडीपी की तरह डेटा में हेराफेरी करके एक्यूआई को कम दिखाना है। इसी तरह पिछले साल भी इन्होंने मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ धोखाधड़ी की थी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सिर्फ एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन के ऊपर पानी छिड़का जा रहा है और कहीं नहीं। यह छिड़काव इसलिए किया जा रहा है ताकि दिल्ली का एक्यूआई रीडिंग कम आ सके। चाहे प्रदूषण 600 हो, लेकिन आंकड़ों में 300 ही दिखेगा। सिर्फ एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन पर पानी छिड़क कर दिल्ली वालों और पूरी दुनिया को बेवकूफ बनाने का काम किया जा रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदूषण कम नहीं करना है, बल्कि जीडीपी के डेटा की तरह सिर्फ डेटा में हेराफेरी करनी है। जीडीपी के आंकड़ों में गड़बड़ी करके जीडीपी तो दिखा रहे हैं, लेकिन देश बर्बाद हो गया है। लोगों की नौकरियां चली गईं, लोग महंगाई में मर गए और गरीब आदमी और गरीब हो गया है। इसी तरह प्रदूषण भी लगातार दो साल से बढ़ रहा है, लेकिन आंकड़ों में प्रदूषण कम करने के लिए भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार यह फर्जीवाड़ा जनता के सामने खुल्लम-खुल्ला कर रही है।
वहीं, बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन पर मशीन के जरिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन के आसपास के धूल कण न उड़ें। यहां दूर-दूर तक टैंकर से पानी डाला जा रहा है, जिससे साफ पता चलता है कि ये लोग कितने बड़े फ्रॉड हैं। जहांगीरपुरी स्टेशन पर एक्यूआई 400 से ज्यादा है और यह तब है जब इस तरह का फ्रॉड किया जा रहा है। जहां मशीन है, वहीं पर छिड़काव किया जा रहा है, जबकि छिड़काव सड़कों पर और उन तमाम जगहों पर होना चाहिए जहां से धूल कण आते हैं। अगर यह छिड़काव नहीं किया गया होता, तो यहां की धूल कण की जो स्थिति है, वही एक्चुअल रीडिंग बन जाती।
संजीव झा ने कहा कि भाजपाइयों को प्रदूषण नहीं रोकना है, इन्हें सिर्फ फ्रॉड करना है और किसी भी तरह से आंकड़ों की चोरी करनी है। हम पहले दिन से ही कह रहे हैं कि यह फ्रॉड और चोरों की सरकार है। प्रदूषण कैसे रुकेगा, उस पर कोई काम नहीं करना है, लेकिन मशीन की रीडिंग कैसे कम करनी चाहिए, उस पर काम किया जा रहा है। इससे बड़ा लाइव उदाहरण और क्या हो सकता है कि रोज छिड़काव करके रीडिंग को कम करने की कोशिश की जा रही है।
संजीव झा ने कहा कि हम जनता के सामने भाजपा सरकार के एक-एक फ्रॉड को एक्सपोज करेंगे और सच्चाई लाएंगे। जिस सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे, वे कितने बड़े फ्रॉड हैं, यह उसका एक नमूना है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी वहां कूद जाएंगे जहां यमुना पहले से साफ है, लेकिन जहां यमुना गंदी है, वहां वे नहीं जाएंगे। उन्होंने मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से पूछा कि क्या उनके पास दिल्ली के प्रदूषण को कम करने का यही तरीका है कि प्रदूषण वाली मशीन के इर्द-गिर्द छिड़काव कर दो और प्रदूषण खत्म हो गया? यही दिल्ली में भाजपा की सरकार है और यही इनकी असलियत है। ये लोग बहुत बड़े फ्रॉड हैं और लोगों को कितना गुमराह करते हैं।