नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार के डॉ. भीम राव अंबेडकर के डॉक्टरों की लापरवाही से हुई युवक की मौत को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के विधायक अनिल झा ने कहा कि रोहिणी स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टरों ने गलत ऑपरेशन करके 26 वर्षीय युवक की जान ले ली। डॉक्टर युवक के अपेंडिक्स का गलत ऑपरेशन करके करवा चौथ मनाने चले गए। रात में युवक की तबीयत बिगड़ती गई, लेकिन इलाज करने के लिए अस्पताल में कोई डॉक्टर ही मौजूद नहीं था। स्टॉफ ने अपनी समझ के अनुसार दवाइयां और इंजेक्शन दिया लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ और उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार में अस्पतालों में की गई शानदार व्यवस्था को भाजपा सरकार ने दो साल में ही बर्बाद कर दिया है।
विधायक अनिल झा ने कहा कि दिल्ली सरकार के अस्पताल बेलगाम हो चुके हैं। ‘‘आप’’ सरकार ने सरकारी अस्पतालों में क्रांतिकारी बदलाव लाया था, लेकिन अब भाजपा सरकार पिछली सरकार की मेहनत को बर्बाद करने का काम कर रही है। उन्होंने सरकारी अस्पताल में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल वहां आने वाले मरीजों के साथ इंसानों जैसा व्यवहार नहीं कर रहे हैं। अस्पताल संवेदनशीलता नहीं दिखा रहे हैं कि उनके यहां मरीज इलाज कराने आ सकें। पिछले महीने 26 अक्टूबर को राजेंद्र का 26 साल का बेटा अपेंडिक्स का ऑपरेशन कराने के लिए रोहिण स्थित डॉ. भीम राव अंबेडकर अस्पताल गए। वे इमरजेंसी में एडमिट हुए और सुबह टेस्ट करने की बात कही गई। टेस्ट के बाद राजेंद्र के बेटे को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया। इमरजेंसी में डॉक्टर नहीं मिल रहे थे। तबीयत गंभीर होने पर अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया।
अनिल झा ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली के सरकारी अस्पताल में इतनी लापरवाही हुई जब उस युवक को ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया तो वह बेहोश था। जब परिवार के लोग डॉक्टरों पर दबाव बनाया कि उनके बच्चे की तबीयत और गंभीर होती जा रही है तब डॉक्टरों ने कहा कि अब सीनियर डॉक्टर आकर देखेंगे। ऑपरेशन हो गया है। बच्चे को आईसीयू में रख देते हैं। चूंकि रात में डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। इसलिए बच्चे को नींद का इंजेक्शन देंगे और सुबह इलाज होगा। उस दिन करवा चौथ का त्योहार था। डॉक्टर करवा चौथ मनाने चले गए। अगली सुबह डॉक्टर आए और दूसरा ऑपरेशन किया। इसके बाद बच्चे की तबीयत और बिगड़ गई और 26 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
अनिल झा ने कहा कि दिल्ली में स्थित सरकारी अस्पतालों में मरीज को भर्ती कराना एक युद्ध लड़ने के बराबर है। सरकारी अस्पतालों में बदइंतजामी इतनी ज्यादा है कि सरकार का इस पर ध्यान नहीं है। सरकारी अस्पताल राजनीतिक अखाड़ा बन चुके हैं। एमएस कौन बनेगा, कहां से और किससे दवाइयां मंगाई जाएंगी, अस्पतालों में हमेशा यही राजनीति चलती रहती है। अरविंद केजरीवाल की सरकार में बनाए गए सारे मोहल्ला क्लीनिकों को बर्बाद कर दिया गया। अब सरकार नई जगह तलाश रही है, लेकिन जगह नहीं मिल रही है। पिछली सरकार में सरकारी अस्पतालों में जो परिवर्तन किए गए थे, वो सब ध्वस्त कर दिया गया है। अस्पताल की लापरवाही के कारण 26 साल के युवक की मौत हो गई।
अनिल झा ने कहा कि देश की जनता इतनी लापरवाह सरकार को कैसे माफ कर सकती है। दिल्ली सरकार के कृत्य माफी के लायक नहीं है। दिल्ली सरकार को केंद्र सरकार चला रही है। सरकारी अस्पतालों में उपकरण, दवाइयां खरीद में अक्सर भ्रष्टाचार नजर आता है। सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों में प्रायोजित हत्याएं हो रही हैं। पहले ब्लैंक पेपर पर साइन कराते हैं। अस्पताल के उपकरण नहीं चल रहे हैं। मशीनों का अभाव है। अस्पतालों के अंदर गंदगी का अंबार लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट को इस मामले पर स्वतः संज्ञान लेना चाहिए और संगठित अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। दिल्ली सरकार को दोषी अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
इस दौरान मृतक युवक के पिता राजेंद्र ने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज सही नहीं हो रहा है। अस्पताल ने पहले ऑपरेशन में ही गड़बड़ी कर दी। हमें लगता है कि ऑपरेशन के दौरान बेटे की आंत कट गई थी। जब बेटे को वार्ड शिफ्ट किया गया तो उसे चला नहीं जा रहा था। उसे स्ट्रेचर पर लेकर आए। वार्ड में आने के बाद ही बेटे को उल्टी होनी शुरू हो गई। हमें लगा कि खाली पेट होने के कारण गैस बन गई है। इसलिए उल्टी हो रही है। दर्द भी हो रहा था। डॉक्टरों ने कुछ भी खिलाने से मना कर दिया था। डॉक्टरों के कहने पर जब हमने खिचड़ी खिलाई तो उसकी आंत से खाना रिसना चालू हो गया। इंफेक्शन फैलने लगा और उल्टी तेज होने लगी। अटेंडेंट ने कुछ इंजेक्शन लगाए। लेकिन तबीयत और बिगड़ती गई। फिर हम इमरजेंसी में लेकर गए, लेकिन वहां भी कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।

राजेंद्र ने बताया कि मेरे अनुरोध के बाद भी कोई मेरे बेटे को देखने को तैयार नहीं था। तभी मुझे अंदेशा हो गया कि अब मेरा बेटा बचेगा नहीं। ऐसा लग रहा था कि उनको अंदेशा हो गया था कि बच्चा बचने वाला नहीं है। बड़ी मुश्किल से बेटे को बेड मिला। लेकिन वीपी नापने की मशीन खराब थी। फिर दूसरे बेड पर शिफ्ट किया गया। वह मॉनिटर भी खराब था। वहां चार मॉनिटर लगे थे और सारे खराब थे। एक कर्मचारी ने बताया कि सरकार बजट ही नहीं दे रही है।
राजेंद्र ने कहा कि एक घंटे बाद बेटे की तबीयत और गंभीर हो गई। फिर स्टाफ ने एक और ऑपरेशन करने के लिए ब्लड का इंतजाम करने को बोला। इससे पहले एक पर्चे पर मुझसे साइन कराया गया। उस पर सिर्फ एक लाइन लिखी हुई थी। लेकिन जब मै ब्लड की व्यवस्था कर आया तो वह पर्चा पूरा लिखा हुआ था। फिर एक और पर्चे पर साइन कराया गया। हमें समझ आ गया था कि डॉक्टर सिर्फ औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। अब बेटा बचेगा नहीं। मैंने अपने जिंदा बेटे का अपनी बेटी को आखिरी दर्शन कराया। बेटे की मौत के 21 दिन हो गए हैं, लेकिन अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं मिली है। अभी तक जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ कोई एफआईआर नहीं हुई है।