नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी ने मोदी सरकार के अधीन शिक्षा विभाग में बच्चों की किताबों के लिए पेपर के खरीद में हुए 441 करोड़ रुपए के घोटाले का खुलासा किया है। वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग ने एनसीईआरटी के जरिए पेपर खरीद का 441 करोड़ रुपए का ठेका दो ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को दे दिया। पिछले साल की तुलना में इस बार डेढ़ गुना ज्यादा कीमत चुकाकर करोड़ों रुपए की लूट की गई। इनमें से एक कंपनी 60 रुपए किलो वाला पेपर 75 रुपए में दे रही थी, फिर भी उसे 88.20 रुपए दिए गए। ये दोनों कंपनियां 2024 में असम में ब्लैकलिस्टेड हुई थीं और नियमानुसार 3 साल तक कोई सरकारी टेंडर नहीं डाल सकती थीं। फिर भी इनको ठेका दे दिया गया। उन्होंने पीएम मोदी से पूछा कि शिक्षा विभाग ने कितने करोड़ रुपए का रिश्वत खाकर दोनों कंपनियों को ठेका दिया है?
सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर संजय सिंह ने कहा कि देश का शिक्षा विभाग घोटालों का अड्डा बन गया है। कभी पेपर लीक, तो कभी किसी नाम पर घोटाला सामने आ रहा है। अब बच्चों की किताबें छापने के लिए खरीदे गए पेपर में घोटाला हुआ है। पीएम नरेंद्र मोदी के अधीन काम कर रहा देश का शिक्षा विभाग घोटाला करने का कोई अवसर नहीं छोड़ रहा है। मोदी जी खुद को बहुत ईमानदार और साफ छवि वाले नेता मानते हैं। कंपनियों ने टेंडर लेने के लिए आपस में जमकर नूरा कुश्ती कीं। एक ही जगह से बैठ कर कंपनियों ने टेंडर डाला और उन्हीं कंपनियों को टेंडर मिल भी गया। शिक्षा विभाग ने इन कंपनियों को पेपर का टेंडर मार्केट रेट से 47 फीसद अधिक कीमत पर दिया।

संजय सिंह ने कहा कि जिन कंपनियों को यह टेंडर मिला, वो सारी ब्लैक लिस्टेड हैं। इसमें शाह पेपर मिल्स लिमिटेड, सिल्वर टोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड शामिल हैं। भारत सरकार के नियमानुसार, ब्लैक लिस्टेड कंपनी को तीन साल तक किसी प्रकार का कोई ठेका नहीं मिल सकता। हमारा सवाल है कि नियमों को ताक पर रख कर इन ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को पेपर का ठेका क्यों दिया गया? इसका मतलब रिश्वत खाई गई है। साफ है कि पेपर खरीद के नाम पर जनता के पैसे की लूट हुई है। एनसीईआरटी ने बच्चों की किताबें छापने के नाम पर करोड़ों रुपए की लूट की। इन दोनों कंपनियों को 441 करोड़ रुपए कीमत का पेपर खरीदने का ठेका दिया गया।

संजय सिंह ने बताया कि खुद एनसीईआरटी ने माना है कि ये दोनों कंपनियों की जांच होनी चाहिए। शिक्षा मंत्रालय के अधीन एनसीईआरटी ने कंपिटिशन कमिशन ऑफ इंडिया को लिखा कि इन कंपनियों की जांच होनी चाहिए। इनको मालूम है कि ये दोनों कंपनियां भ्रष्ट हैं। मोदी जी को बताना चाहिए कि कितने करोड़ रुपए का रिश्वत देकर इन कंपनियों को पेपर खरीदने का ठेका दिया गया? एनसीईआरटी ने इन ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को 441 करोड़ रुपए का पेपर खरीदने का ठेका कितनी रिश्वत खाकर दिया है। मोदी जी की पार्टी रिश्वत के पैसे से विधायक, सांसद खरीदते हैं, आरएसएस और भाजपा के बड़े-बड़े कार्यालय बनाते हैं।
संजय सिंह ने कहा कि ये दोनों कंपनियां असम में ब्लैक लिस्टेड हुई थीं और असम में भाजपा की सरकार है। इन कंपनियों को कोई टेंडर डालना था तो ये महाराष्ट्र हाईकोर्ट गए और ब्लैक लिस्ट से हटाने की मांग की। महाराष्ट्र हाईकोर्ट ने तीन साल तक किसी भी टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने का अधिकार देने से साफ मना कर दिया। इन पर आरोप है कि ये एक ही आईपी एड्रेस से कई कंपनियां बनाते थे और टेंडर डाल देते थे। भ्रष्टाचार की जांच का सामना कर रही ब्लैक लिस्टेड कंपनी को 441 करोड़ का पेपर खरीद का ठेका दिया गया।
संजय सिंह ने कहा कि पेपर की कीमत को लेकर भी नियम है। अगर पेपर के दाम बढ़ते हैं तो 15 फीसद से ज्यादा नहीं बढ़ा सकते। पिछले साल एनसीईआरटी के टेंडर में पेपर का दाम 60.05 प्रति किलो था, जिसे बढ़ाकर 88.20 रुपए प्रति किलोग्राम कर दिया गया है। इसमें से एक कंपनी एनसीईआरटी को लिख कर दिया था कि 60 रुपए किलो वाला पेपर 75 रुपए में दे सकते हैं। इसके बावजूद एनसीईआरटी ने 88.20 रुपए प्रति किलो कागज लिया। मोदी सरकार का शिक्षा विभाग ने एनसीईआरटी के जरिए बच्चों की किताबों के लिए पेपर खरीदने में सैकड़ों करोड़ रुपए का घोटाला किया। इस भ्रष्टाचार की ईडी-सीबीआई की जांच हो और इसमें शामिल सभी जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो। ऐसे मामलों में ईडी-सीबीआई खामोश क्यों हो जाती हैं?
इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वर्ष 2024-25 में असम सरकार ने इन दोनों कंपनियों को ब्लैक लिस्ट किया था। क्योंकि दोनों ने एक ही आईपी एड्रेस से टेंडर डाले थे। ब्लैक लिस्ट होने के बाद अगले तीन साल तक ये कंपनियां किसी सरकारी टेंडर में हिस्सा नहीं ले सकती थीं। एनसीईआरटी के टेंडर की शर्तें स्पष्ट हैं कि 2023-24, 2024-25 या 2025-26 में किसी भी राज्य में ब्लैक लिस्टेड कोई भी कंपनी टेंडर में भाग नहीं ले सकती। इसके बावजूद एनसीईआरटी ने दोनों कंपनियों को टेक्नीकली क्वालीफाई किया। यह पूरी तरह से भ्रष्टाचार है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ये वही कंपनियां हैं जिनके बारे में 2024 में खुद एनसीईआरटी ने कंपिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया में शिकायत की कि ये कार्टिलाइजेशन कर रहीं हैं और 2025 में इन कंपनियों के यहां कंपिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया छापे भी मारे थे। एनसीईआरटी इन कंपनियों के बारे में अच्छे से जानती है कि ये कंपनियां फर्जीवाड़ा करती हैं। इस टेंडर में दोनों कंपनियों को पिछले तीन साल में ब्लैक लिस्टेड नहीं होने का हलफनामा देना था, लेकिन इन्होंने झूठा हलफनामा दिया। एनसीईआरटी को झूठा हलफनामा देने के लिए दोनों कंपनियों को फिर से ब्लैक लिस्टेड कर देना चाहिए। इसका सबसे बड़ा नुकसान सरकार को हुआ। पिछले साल एनसीईआरटी ने 60.05 रुपए प्रति किलो पेपर खरीदा था, उसे इस साल 88.20 रुपए प्रति किलो के हिसाब से खरीदा। इसका मतलब ये है कि करीब डेढ़ गुना अधिक दाम पर एनसीआरटी ने पेपर खरीदा है।