आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार की ओर से प्रदूषण को कम दिखाने के लिए एक्यूआई के आंकड़ों में किए जा रहे फर्जीवाड़े को लेकर सीएक्यूएम और सीपीसीबी से लिखित शिकायत की है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण के आंकड़े में फर्जीवाड़ा कर दिल्लीवालों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रही है। पिछले साल की तरफ इस बार भी मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी छिड़क कर एक्यूआई को कम दिखाने का खेल हो रहा है। इस फ्रॉड की वजह से बाहर निकल रहे सांस-अस्थमा जैसे गंभीर बीमारियों के मरीज, बुजुर्ग व बच्चे बीमार हो सकते हैं। उन्होंने डेटा में फर्जीवाड़ा करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले साल रेखा गुप्ता की सरकार का पहला वर्ष था। हमने बार-बार कहा कि हवा में प्रदूषण बढ़ रहा है, लेकिन सीएम रेखा गुप्ता और उनके मंत्री नकारते रहे। हमने रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को यह भी बताया कि सरकार द्वारा प्रदूषण के आंकड़ों में फर्जीवाड़ा हो रहा है और एक्यूआई को मैनिपुलेट किया जा रहा है। इसके बावजूद, वे बातों को घुमाते रहे और एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर ट्रकों से छिड़काव चलता रहा। इसके वीडियो वायरल हुए, लेकिन रेखा गुप्ता और मनजिंदर सिंह सिरसा ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस वर्ष हमें लगा था कि दूसरे साल में थोड़ा सुधार हुआ होगा, लेकिन बड़ा खेद है कि मंगलवार को हमने एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाली। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा और पूर्व काउंसलर अजय ने भी वीडियो डाली कि जहांगीरपुरी, जो सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाका है, वहां एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन पर बकायदा पानी का फव्वारा चलाया गया ताकि एक्यूआई कम दिखे। मैं रेखा गुप्ता से बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं करता, क्योंकि वह एक्यूआई भी सही से बोलना नहीं जानतीं। वहीं, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा 12वीं पास हैं और पूरा पंजाबी बाग व राजौरी गार्डन उनका बैकग्राउंड जानता है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह एक्यूआई का फर्जीवाड़ा प्रॉपर्टी के कागजों में होने वाले फर्जीवाड़े जैसा नहीं है। यह एक बड़ा और गंभीर मामला है। जब सरकार एक्यूआई को फ्रॉड करके नीचे दिखाती है, तो दिल्ली के करीब दो करोड़ लोग- जिनमें बुजुर्ग, छोटे बच्चे और सांस व दिल की बीमारियों वाले मरीज शामिल हैं- उस झूठे एक्यूआई को सच मानकर अपनी दिनचर्या, दवाई और जिंदगी से जुड़े फैसले लेते हैं। अगर सरकार झूठा एक्यूआई दिखा रही है, तो उसके इस फ्रॉड की वजह से लोग बहुत बीमार हो सकते हैं, आईसीयू या वेंटिलेटर पर पहुंच सकते हैं, उन्हें कार्डियक अरेस्ट या रेस्पिरेटरी फेलियर हो सकता है और उनकी जान भी जा सकती है।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि मैंने कई डॉक्टरों से बात की है और उन्होंने तीन बहुत साधारण सिनेरियो बताई हैं, जिनसे साबित होता है कि मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और रेखा गुप्ता दिल्ली के लोगों की जान के साथ खेल रहे हैं। झूठे एक्यूआई को सच मानकर बाहर निकलने से लोगों की जान जा सकती है।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि अगर दिल की बीमारी वाले कोई बुजुर्ग साफ हवा समझकर मॉर्निंग वॉक पर जाते हैं, तो जहरीले कणों यानी पीएम 2.5 से उनके खून में क्लॉटिंग हो सकती है और उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ सकता है। दूसरा, अगर अस्थमा से पीड़ित कोई बच्चा साफ एक्यूआई देखकर बाहर खेलने जाता है, तो दौड़ते वक्त जहरीली हवा फेफड़ों में गहराई तक जाने से उसे अस्थमा का इतना गंभीर दौरा पड़ सकता है कि वेंटिलेटर की जरूरत पड़ जाए। तीसरा, अगर दम घुटने की बीमारी वाले कोई बुजुर्ग साफ एक्यूआई देखकर घर की खिड़कियां खोल लेते हैं, तो जहरीली हवा से उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर अचानक गिर सकता है और रेस्पिरेटरी फेलियर के कारण उनकी जान जा सकती है।
सौरभ भारद्वाज ने सीएक्यूएम और सीपीसीबी को दी ये शिकायत
सीएक्यूएम के अध्यक्ष और सीपीसीबी के अध्यक्ष को लिखे शिकायत पत्र में सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दिल्ली सरकार बड़े पैमाने पर डेटा धोखाधड़ी, एक्यूआई डेटा में हेरफेर कर रही है, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की सक्रिय मिलीभगत है।
शिकायत पत्र में सौरभ भारद्वाज ने आगे बताया है कि 3 नवंबर 2026 को मेरे आधिकारिक एक्स हैंडल से प्रकाशित एक वीडियो में आईटीआई जहांगीरपुरी में एक कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (सीएएक्यूएमएस) पर लगातार और सीधे पानी का छिड़काव करते हुए दिखाया गया है। बुराड़ी के विधायक संजीव झा ने भी इसी तारीख को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक ऐसा ही वीडियो पोस्ट किया है।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि अति-संवेदनशील एक्यूआई निगरानी सेंसर पर या उसके आसपास सीधे पानी का छिड़काव करने से कृत्रिम रूप से पीएम 2.5 और पीएम 10 सांद्रता स्थानीय स्तर पर कम हो जाती है। यह आपराधिक हेरफेर उपकरण को पूरी तरह से मनगढ़ंत, कम एक्यूआई रीडिंग दर्ज करने के लिए मजबूर करता है, जो आसपास के क्षेत्र की वास्तविक जहरीली जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाता है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रशासन ने राजधानी के समग्र औसत एक्यूआई को कम करने के लिए डेटा-फजिंग को हथियार बनाया है। इसके तहत दिल्ली के असामान्य रूप से हरे-भरे हिस्सों के अंदर नए स्थापित निगरानी स्टेशनों की रणनीतिक तैनाती शामिल है, जिसे स्पष्ट रूप से अत्यधिक प्रदूषित और औद्योगिक क्षेत्रों से उच्च रीडिंग को कम करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह सीपीसीबी द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन है।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि यह निरंतर, राज्यव्यापी हेरफेर उच्च स्तरीय प्रशासनिक मंजूरी और राजनीतिक कार्यकारी संरक्षण के बिना नहीं हो सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की भूमिका की जांच करने का अनुरोध किया क्योंकि वे इस कुप्रथा को सक्रिय रूप से छुपा रहे हैं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इसी तरह की डेटा-फजिंग प्रथाओं को पिछले साल भी हमने उजागर किया था, साथ ही स्वतंत्र डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ने भी इसकी रिपोर्टिंग की थी। इन सार्वजनिक खुलासों के बावजूद, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सुधारात्मक कार्रवाई करने, स्वतंत्र जांच का आदेश देने या इन भ्रामक कार्यों को रोकने में विफल रहे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक्यूआई डेटा में हेरफेर सार्वजनिक स्वास्थ्य पर एक घातक और जानलेवा हमला है। जब दिल्ली सरकार मनगढ़ंत, कम एक्यूआई डेटा प्रकाशित करती है, तो गंभीर अस्थमा रोगियों, गर्भवती महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित कमजोर मरीजों को सुरक्षा की झूठी भावना में धोखा दिया जाता है, जिससे उनके स्वास्थ्य को गंभीर खतरा होता है।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि इन मैट्रिक्स को कृत्रिम रूप से कम करके, दिल्ली सरकार ग्रैप के तहत आपातकालीन उपायों को समय पर लागू करने से रोकती है, जिससे भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और औद्योगिक रोक जैसे जरूरी कदम नहीं उठाए जा पाते। इस मनगढ़ंत डेटा के कारण वैज्ञानिक शोध और नियामक निकायों की दीर्घकालिक सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप की योजना बनाने की क्षमता खतरे में पड़ जाती है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब आधिकारिक डैशबोर्ड पर मध्यम या स्वीकार्य वायु गुणवत्ता मैट्रिक्स प्रसारित होते हैं और लोग वास्तव में गंभीर बीमारियों का सामना करते हैं, तो सरकार के प्रति में जनता का विश्वास खत्म हो जाता है।
सौरभ भारद्वाज ने सीएक्यूएम और सीपीसीबी से आग्रह करते हुए कहा कि कि दिल्ली भर में सभी सीएएक्यूएमएस इकाइयों के साथ हस्तक्षेप की तत्काल, स्वतंत्र और उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया जाए।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि डीपीसीसी द्वारा प्रबंधित डेटा अधिग्रहण प्रणालियों और निगरानी स्थानों का सख्त, स्वतंत्र ऑडिट किया जाना चाहिए। निगरानी स्टेशनों के भौतिक हेरफेर में शामिल लोक अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ दंडात्मक कानूनी कार्रवाई और आपराधिक मुकदमा चलाया जाए।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के खिलाफ उनकी मिलीभगत और सार्वजनिक चेतावनियों के बावजूद पर्यावरण अपराधों को रोकने में विफलता के लिए आपराधिक कार्यवाही शुरू की जाए। मैं इस शिकायत के समर्थन में सभी प्रासंगिक डिजिटल साक्ष्य, वीडियो रिकॉर्डिंग और तुलनात्मक डेटा रुझान किसी भी स्वतंत्र जांच प्राधिकरण के समक्ष पेश करने के लिए तैयार हूं।