Scrollup

नई दिल्ली, 26 मार्च 2024

सीएम अरविंद केजरीवाल के समर्थन और लोकतंत्र को बचाने के लिए 31 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली ऐतिहासिक होगी। आम आदमी पार्टी ने महारैली को ऐतिहासिक सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी है। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली के अंदर छात्र-युवा, आरडब्ल्यूए, एनजीओ, सामाजिक संगठनों को रैली में पहुंचने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है। 27 मार्च को दिल्ली के सभी पोलिंग स्टेशनों पर पदाधिकारी व पार्षद जनता के साथ बैठक करेंगे। 28 मार्च से 2600 टीमें घर-घर जाकर लोगों को रामलीला मैदान में आने के लिए निमंत्रण देंगी। वहीं, मंत्रियों और विधायकों को ऑब्जर्वर बनाया गया है, जो विधानसभाओं में जाकर महारैली की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि आज अगर तानाशाह सरकार चुने हुए मुख्यमंत्री को उठा सकती है तो कल किसी भी आवाज़ उठाने वाले को उठा सकती हैं। अब यह लड़ाई देश के संविधान और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वाले हर व्यक्ति की लड़ाई बन चुकी है।

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने सीएम अरविंद केजरीवाल के समर्थन में 31 मार्च को होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारियों को लेकर प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की तानाशाही के खिलाफ यह लड़ाई रूकने वाली नहीं है। 31 मार्च को लोकतंत्र को बचाने के लिए रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में दिल्ली और देश की जनता तानाशाह सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि इस महारैली में पूरे देश से इंडिया गठबंधन के सभी प्रमुख नेता शामिल होने के लिए आ रहे हैं। दिल्ली समेत दूसरे राज्यों के लोग लाखों की तादाद में 31 मार्च को सुबह 10 बजे रामलीला मैदान पहुंचेंगे। इसकी तैयारी के लिए हमने अपनी रणनीति तेज कर दी है। 31 मार्च तक हम लोगों के बीच जाएंगे और इस तानाशाही के खिलाफ रामलीला मैदान में आकर शांतिपूर्वक अपनी आवाज बुलंद करने के लिए आह्वान करेंगे।

“आप” दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि आज हम दिल्ली की 70 विधानसभाओं में सभी विधायक, पार्षद और विधानसभा, वार्ड, मंडल, बूथ के पदाधिकारियों के साथ महारैली की तैयारी को लेकर बैठक करेंगे। 27 मार्च को दिल्ली के 2.5 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन पर विधानसभा के पदाधिकारी और पार्षद जनता के साथ रैली की तैयारी को लेकर तैयारी बैठक करेंगे। 28 मार्च से हर मंडल की टीम पर एक प्रभारी क नियुक्त किया जा रहा है, यानि कुल 2600 मंडल प्रभारी की नियुक्ति की जाएगी। रैली के लिए हर मंडल पर एक प्रभारी होगा। ये सभी 2600 प्रभारी मंडल स्तर पर अपनी टीम बनाकर 28 मार्च से घर-घर जाकर लोगों को रामलीला मैदान में आने के लिए निमंत्रण देंगे।

उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के सभी छात्र, युवा,किसान और मजदूरों के सामाजिक संगठन, आरडब्ल्यूए और व्यापारिक संगठनों को भी इस तानाशाही के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचने के लिए निमंत्रण दे रहे हैं। हमारी सबसे अपील है कि आप लोग वहां पहुंचें। क्योंकि आज अगर ये तानाशाह सरकार एक चुने हुए मुख्समंत्री को गिरफ्तार कर सकती है तो कल इस दिल्ली के अंदर आवाज उठाने वाला कोई नहीं बचेगा। इसलिए अब यह लड़ाई एक व्यक्ति, एक पार्टी, एक गठबंधन की सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इस देश में संविधान और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वाले हर व्यक्ति की लड़ाई बन चुकी है। मेरा सभी लोगों से निवेदन है कि आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस रैली में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचें।

“आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने जानकारी दी कि इस महारैली की पूरी तैयारी के लिए हमने अपने मंत्री और विधायकों में से ऑब्जर्वर्स नियुक्त किया है, जो अलग-अलग विधानसभाओं में जाकर इसकी तैयारी और समीक्षा कर रहे हैं। वो इसकी निगरानी करेंगे। इसके हमारे मंत्री सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन, राजकुमार आनंद, हमारे प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप पांडे, एमसीडी के प्रभारी दुर्गेश पाठक, मेयर शैली ओबेरॉय, पार्टी प्रवक्ता संजय झा, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, ऋतुराज झा और जितेंद्र तोमर, विधायक मुकेश अहलावत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता और दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार सहीराम पहलवान को इस महारैली के ऑब्जर्वर्स के तौर पर नियुक्त किया गया है, जो इस पूरी तैयारी ग्राउंड लेवल पर निगरानी करेंगे। हमें पूरा भरोसा है कि इस बार 31 मार्च का दिन रामलीला मैदान के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा। रामलीला मैदान से इस तानाशाही के खिलाफ जो आवाज उठेगी, ये आवाज पूरे देश में पहुंचेगी।

रैली की तैयारियों को लेकर आज कई बैठकें

31 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी की दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कई बैठकें होंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी हर विधानसभा में बैठक करेंगे। इस बैठक में आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, पार्षद और पदाधिकारी हिस्सा लेंगे

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia