Scrollup

दिल्ली जल्द कचरा मुक्त होगी। एमसीडी में पहली बार मेगा सफाई अभियान शुरू किया गया है। डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर सभी 250 वार्डों में मेगा सफाई अभियान शुरू किया गया है। कचरा मुक्त दिल्ली जल्द ही एक वास्तविकता होगी। अब समय आ गया है कि हम आने वाले वर्षों के लिए एक मिसाल कायम करें। ‘आप’ के सभी पार्षद, विधायक और सफाई कर्मचारियों ने मिलकर आज से बड़ा सफाई अभियान शुरू किया है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब दिल्ली होगी साफ। दिल्ली नगर निगम द्वारा मेगा सफाई अभियान शुरू करने पर बहुत बहुत बधाई‌ मुझे पूरी उम्मीद है कि ये अभियान जरूर सफल होगा और दिल्ली साफ सुथरी बनेगी। एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि पूरी दिल्ली में अभियान को लेकर 3 हजार टीमें बनाई गई हैं। दिल्ली में 50 गलियों के ऊपर एक टीम बनाई गई है जो सुबह गलियों का निरीक्षण करेंगी‌, गलियों में कूड़ा मिलने पर शिकायत कर तत्काल सफाई करवाई जाएगी।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने आज पार्टी मुख्यालय में इस संबंध में प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि एमसीडी में भाजपा 15 साल तक रही। दिल्ली के लोगों ने उनको एकमात्र सफाई का काम दिया था, लेकिन भाजपा ने 15 साल में एक भी गली ठीक से साफ नहीं की। पूरी दिल्ली को कूड़े का ढेर बना कर रख दिया। साथ ही कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह भी नहीं दी। भाजपा के राज में एमसीडी में कोई भी काम नहीं हो पा रहा था। इसकी वजह यह थी कि भाजपा की लीडरशिप दिल्ली के लिए काम करना ही नहीं चाहती थी। ऐसे में सड़कों-गलियों में कूड़ा कई दिनों तक पड़ा रहता था।

उन्होंने कहा कि आखिरकार एमसीडी से दिल्ली के लोगों ने भाजपा को भगा दिया और पूरी दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को सौंप दी। महज 5 महीने के अंदर केजरीवाल जी ने वह काम करके दिखा दिया जो कोई सोच भी नहीं सकता था। एमसीडी के कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक सभी को 1 तारीख को सैलरी देना शुरू किया। यह कार्य बीजेपी 15 साल में नहीं कर पाई और हमने 5 माह में करके दिखा दिया। अब दिल्ली को साफ करने का वक्त आ गया है। सीएम अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर दिल्ली के सभी पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में हैं और सफाई कर रहे हैं। यह पूरी दिल्ली को साफ करने का अभियान है इसकी पूरी योजना तैयार की गई है।

गलियों में कूड़ा मिलने पर टीमें करेंगी शिकायत

विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि यह अभियान एक-दो दिन नहीं बल्कि पूरे 365 दिन चलेगा। पूरी दिल्ली में अभियान को लेकर 3 हजार टीमें बनाई गई हैं। 50 गलियों के ऊपर एक टीम बनाई गई है जो सुबह गलियों का निरीक्षण करेंगी‌। गलियों में कूड़ा मिलने पर शिकायत की जाएगी और तत्काल सफाई करवाई जाएगी।
इसका सिर्फ एक मकसद दिल्ली को साफ करना है। देश की राजधानी को साफ करने का प्रण हम लोगों ने लिया है। इस अभियान की शुरुआत 12 अगस्त आज से की गई है। हमारी मेयर, डिप्टी मेयर और नेता सदन हर दिन 2 से 3 वार्डो का निरीक्षण करेंगे। मैं खुद भी प्रतिदिन 3 वार्डों का निरीक्षण करूंगा।

दिल्ली का मौसम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सुधारने वाला है-आले मोहम्मद इकबाल

डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने निगम चुनावों से पहले दिल्ली की जनता से जो वादे किए थे, आज हम एक-एक करके उन वादों पर खरा उतर रहे हैं। कर्मचारियों को 1 तारीख को तनख्वाह देने के वादे को पूरा करने के बाद दिल्ली को साफ करने का वादा पूरा कर रहे हैं। दिल्ली के सभी 250 वार्ड में सफाई अभियान शुरू किया गया है। मैंने खुद कई वार्डों में जाकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया है। दिल्ली की मेयर डॉ शैली ओबरॉय, नेता सदन मुकेश गोयल ने वार्डों का दौरा किया है। जिन वार्डों में आम आदमी पार्टी के पार्षद नहीं है, वहां पर भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। इस अभियान में हमें उम्मीद से कई गुना ज्यादा जनता का सहयोग मिल रहा है। दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं कि आप अपनी कुर्सी की पेटी खोल दीजिए, अब दिल्ली का मौसम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सुधारने वाला है। दिल्ली नगर निगम सुधरने वाली है।

सफाई कर्मचारी और एसआई की प्रतिक्रिया

अब हमारी सैलरी एक तारीख को आ जाती है। इससे घर चलाने में कोई परेशानी नहीं होती तो काम में मन लगता है। दिल्ली को साफ और सुंदर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
-अमित, सफाई कर्मचारी (वार्ड-65)

पिछले दो-तीन महीने से हम लोगों की सैलरी 1 तारीख को आ रही है। इससे हम लोगों का जीवन काफी बेहतर हो गया है और किसी भी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। सरकार हमारा ध्यान रख रही है। हम दिल्ली को साफ बनाकर लोगों का ध्यान रखेंगे।
-दौलत, सफाई कर्मचारी, (वार्ड-68, मॉडल टाउन)

जबसे हमारी एक तारीख को तनख्वाह आने लगी है तबसे पूरा परिवार खुश रहता है। पहले आर्थिक तंगी के चलते काफी दिक्कत रहती थी। आर्थिक परेशानी खत्म होने से काम भी बेहतर हुआ है। सभी सफाई कर्मचारी ईमानदारी से काम कर रहे हैं।
-सुमित, सफाई कर्मचारी (एसके पुरम जोन)

निगम पार्षदों के नेतृत्व में बहुत अच्छे से सफाई का कार्य किया जा रहा है। विशेष अभियान के जरिए पूरे वार्ड में अलग अलग जगह सफाई अभियान चलाया गया।
-राजेन्द्र, सफाई कर्मचारी, वार्ड-98

लोगों ने सफाई कर्मचारियों और पार्षदों की तारीफ भी की है। लोगों ने कहा कि यह पहल काफी अच्छी है। इसी तरह आगे कार्य हो तो दिल्ली जल्द कूड़ा मुक्त हो जाएगी।
-अशोक शर्मा, एसआई (वार्ड-57)

पूरे वार्ड में अच्छे से सफाई का काम किया गया है। स्पेशल अभियान चलाकर बड़े स्तर पर सफाई का कार्य किया गया। सफाई कार्य से सभी लोग संतुष्ट थे।
-शिव कुमार, एसआई (केशवपुरम जोन)

निगम पार्षद मंजू सेतिया के नेतृत्व में बहुत अच्छे से सफाई का कार्य किया जा रहा है। विशेष अभियान के जरिए आर्य समाज रोड़, दो ब्लॉक-पांच ब्लॉक सहित पूरे वार्ड में अलग अलग जगह सफाई अभियान चलाया गया।
-ईश्वर सिंह, एसआई (वार्ड-98)

इस मेगा सफाई अभियान के जरिए लोगों की नगर निगम से जो शिकायतें हैं, वह खत्म हो जाएंगी। हमने लोगों को आश्वासन दिया है कि हम इस कार्य को जारी रखेंगे। दिल्ली को साफ करके ही दम लेंगे।
-सुरेश शर्मा, एसआई, (वार्ड 66)

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia