दिल्ली के पूर्व पर्यावरण मंत्री और आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं को असामाजिक तत्वों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर कुछ असामाजिक तत्व मारपीट, गाली गलौंज कर आंदोलन को बदनाम करने और इसे हिन्दू मुस्लिम का रंग दे सकते हैं। छात्रों से अपील है कि वालेंटियर बनकर ऐसे लोगों से अपना आंदोलन बचाएं। देश तभी जीतेगा, जब यह आंदोलन जीतेगा। अब एक बात साफ हो चुकी है कि देश भर में फैल रहे इस आंदोलन से केंद्र सरकार घबराई हुई है। तभी प्रधानमंत्री को रात 12 बजे आकर वीडियो संदेश जाती करना पड़ा।
असामाजिक तत्वों और घुसपैठियों से सावधान रहने की अपील
शुक्रवार को “आप” के नेता व गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने एक्स पर कहा कि सोनम वांगचुक के अनशन तोड़ने के बाद भी जंतर-मंतर पर छात्र-युवाओं का आंदोलन जारी है। लाठियां और आंसू गैस के गोले खाने के बावजूद देशभर से आए युवा जिस जोश और हिम्मत के साथ अपने और देश के भविष्य के लिए इस आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं, वह काबिले तारीफ है।
जैसे-जैसे यह आंदोलन बढ़ रहा है, सरकार की घबराहट भी बढ़ रही है। रात 12 बजे प्रधानमंत्री का वीडियो जारी होना इसी घबराहट का सबूत है। जब लाठी और आंसू गैस के दम पर यह आंदोलन नहीं टूटा, तो अब सरकार इसे अंदर से बदनाम करने और तोड़ने का षड्यंत्र रच रही है।
गोपाल राय ने आंदोलनकारी छात्रों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें हर हाल में इस शांतिपूर्ण आंदोलन का रक्षक और प्रहरी बनना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार के इशारे पर कुछ घुसपैठिए एजेंट आंदोलन में शामिल होकर हिंदू-मुसलमान, भारत-पाकिस्तान, गाली-गलौज और मारपीट कर इसे बदनाम करने की कोशिश कर सकते हैं। छात्रों को वॉलिंटियर बनकर ऐसे लोगों से हाथ जोड़कर इस आंदोलन को बचाना होगा।
गोपाल राय ने युवाओं से देश की बेहतरी और नौजवानों के भविष्य के लिए इस जिम्मेदारी को उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि अगर यह आंदोलन जीतेगा, तो पूरा देश जीतेगा।