आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री मनोज सोरठिया ने कहा कि हमारी बहुत सामान्य मांगें हैं। हमें क्या चाहिए? हमें बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा चाहिए, युवाओं के लिए रोजगार चाहिए और खेत में या मेहनत करके परिवार का पालन-पोषण कर सकें, ऐसा सुरक्षित माहौल चाहिए। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने साबित कर दिया है कि किसी भी कीमत पर, साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपनाकर और अत्याचार करके भी उन्हें सिर्फ सत्ता में बने रहना है। आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर बैठे युवाओं ने मोदीजी की किडनी नहीं मांगी, उन्होंने तो सिर्फ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। यह बहुत सामान्य मांग है कि यदि आप असफल हो जाते हैं तो आपको जिम्मेदारी लेनी ही होगी। पिछले 14 वर्षों से गुजरात में डबल इंजन सरकार है, फिर भी यहां 35 के करीब पेपर लीक हुए हैं और इस सरकार ने हमारे बच्चों का भविष्य बर्बाद करने का काम किया है।
चैतरभाई वसावा के रास्ते पर चल रहे हजारों लोग
‘आप’ नेता मनोज सोरठिया ने आगे कहा कि हमें गर्व है कि अब धीरे-धीरे चैतरभाई वसावा के रास्ते पर चलने वाले हजारों लोग गुजरात में तैयार हो रहे हैं। जिस क्रांति का बीज बोया गया था, उससे आज पूरा गुजरात जागृत हो रहा है। हम सभी को मिलकर गुजरात से इस तानाशाही मानसिकता को उखाड़ फेंकना है। चैतरभाई के जेल जाने के बाद नर्मदा जिले के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लगभग डेढ़ लाख हस्ताक्षर एकत्र किए हैं। इन पत्रों को कलेक्टर के माध्यम से देश के राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाएगा। हम राष्ट्रपति जी से न्याय की मांग करते हैं कि चैतरभाई वसावा पर किया गया मामला पूरी तरह झूठा है, वे निर्दोष हैं और सिर्फ उनकी आवाज़ दबाने के लिए ही यह सरकारी नाटक रचा गया है।