दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी के दलित विधायक कुलदीप कुमार का अपमान करने पर दलित संगठनों और समर्थकों ने गुरुवार को कल्याणपुरी बस स्टैंड के पास भाजपा मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस बाबत कुलदीप कुमार ने कहा कि विधानसभा में जिस तरह प्रवेश वर्मा ने मेरे साथ अपमान जनक व्यवहार किया, उससे दलित समाज में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कोंडली पुल का उद्घाटन किया, लेकिन कोंडली का विधायक होने के बावजूद मुझे नहीं बुलाया, क्योंकि मैं दलित हूं। यह पुल केजरीवाल सरकार ने बनवाया है। मात्र 5 फीसद काम बचा था, जिसे पूरा करने में इन्हें डेढ़ साल लग गए।
दिल्ली विधानसभा के अंदर भाजपा मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा मेरे साथ किए गए अपमानजनक व्यवहार और उनकी भाषा के खिलाफ आज दलित समाज के कई संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किया है। उनमें इस बात को लेकर काफी आक्रोश है। प्रवेश वर्मा ने उस अधिकार का इस्तेमाल करने की कोशिश की, जो उनके पास है ही नहीं।

कुलदीप कुमार ने बताया कि आज दिल्ली की मुख्यमंत्री और प्रवेश वर्मा कोंडली विधानसभा में एक पुल का उद्घाटन करने आए थे। इनकी सोच इतनी संकीर्ण है कि इन्होंने मुझे इस उद्घाटन में इसलिए आमंत्रित नहीं किया क्योंकि मेरा नाम उस नेमप्लेट पर न आ जाए, क्योंकि मैं दलित समाज से आता हूं। कोंडली का यह पुल अरविंद केजरीवाल सरकार ने बनवाया था, जिसका मात्र 5 फीसद काम बचा हुआ था। भाजपा सरकार ने उस बचे हुए काम को पूरा करने में डेढ़ साल लगा दिए। 6 महीने पहले पुल बनकर तैयार हो चुका था, लेकिन उसके बावजूद मुख्यमंत्री ने इसका उद्घाटन नहीं किया। क्योंकि मुख्यमंत्री को दलित समाज के लोगों से नफरत है और यह विधानसभा एक दलित बहुल विधानसभा है। इसलिए मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार ने 6 महीने तक यहां के लोगों को परेशान किया।

कुलदीप कुमार ने कहा कि आज मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करने इसलिए आई हैं क्योंकि यह सरकार क्रेडिट चोर सरकार है। उन्हें लगता है कि जनता यह भूल जाएगी कि पुल केजरीवाल ने बनवाया था। लेकिन अरविंद केजरीवाल जनता के दिलों में बसते हैं और जनता भूलने वाली नहीं है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की जनता के साथ जो व्यवहार कर रही हैं, वह सब देख रहे हैं। उनके मंत्री और सरकार दलित विरोधी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। रेखा गुप्ता वही मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने बाबा साहब अंबेडकर की तस्वीर हटाई थी और उनके नाम पर बने स्कूलों का नाम बदलकर सीएम श्री कर दिया था। ये वही मुख्यमंत्री हैं, जो प्रवेश वर्मा जैसे मंत्रियों से हम जैसे दलित समाज से आने वाले विधायकों के खिलाफ असमाजिक और अपमानजनक शब्द बुलवाती हैं। जनता इसका जवाब जरूर देगी।

उधर प्रदर्शन के दौरान “आप” के पटपड़गंज जिला प्रभारी सुरेंद्र जागलान ने कहा कि दिल्ली सरकार हर मोर्चे पर सो रही है। दिल्ली के लोग बहुत जागरूक हैं। इन्हें लगता है कि जैसे केंद्र में बैठी भाजपा सरकार सो रही है, वैसे ही वे भी सो जाएं और लूट मचाएं, क्योंकि उनके खिलाफ कोई कुछ नहीं बोलेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा सदन में भाजपा मंत्री प्रवेश वर्मा ने हमारे दलित नेता कुलदीप कुमार के साथ जो बदतमीजी की है, आज हम उसी दलित विरोधी सोच के खिलाफ यहां इकट्ठे हुए हैं। अगर मार्शल किसी सदस्य को सदन से बाहर ले जाते हैं, तो उनका अपना एक तरीका और एसओपी होती है, जिसका वे पालन करते हैं। लेकिन प्रवेश वर्मा का मार्शलों से यह कहना कि ‘इसे लेकर जाओ’, यह दर्शाता है कि उनके दिमाग में यह चल रहा था कि कुलदीप कुमार एक दलित आदमी हैं।
सुरेंद्र जागलान ने कहा कि मैं भी जाट हूं और प्रवेश वर्मा भी जाट हैं। लेकिन अगर ये लोग दलितों के खिलाफ नफरत और छुआछूत का माहौल बनाकर रखेंगे, तो भाईचारा कैसे कायम होगा? भाजपा चाहती है कि दलित आपस में बंट जाएं। हम इनकी इसी दलित विरोधी सोच के खिलाफ यहां इकट्ठे हुए हैं और यह संदेश देने आए हैं कि हम सब एक हैं।