नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी के कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कोंडली में 22 वर्षीय युवक की हत्या के प्रदर्शन करने को मजबूर पीड़ित परिवार को लेकर भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार में न्याय के लिए दिल्ली की जनता थानों के बाहर बैठने के लिए मजबूर है। एक तरफ मंडावली में हुई युवक की हत्या के आरोपी फरार हैं और लगातार पीड़ित परिवार को धमकी दे रहे हैं तो दूसरी तरफ युवक को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे परिवार की पुलिस सुनने को तैयार नहीं है। इस सरकार में अपराधियों को मिली खुली छूट ने दिल्ली को अपराध की राजधानी बना दिया है।
कुलदीप कुमार ने कहा कि मंडावली गांव में जिस तरह 22 वर्षीय वंश की हत्या हुई, वह बेहद गंभीर और दुखद घटना है। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी फरार हैं और परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पूरा परिवार और स्थानीय लोग सिर्फ एक मांग लेकर थाने के बाहर बैठे हैं कि वंश को न्याय मिले और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो। जिस दिल्ली को सुरक्षित राजधानी होना चाहिए था, वह बढ़ते अपराधों के कारण “अपराध की राजधानी” बनती जा रही है। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस से मांग करते हुए कहा कि इस मामले का तत्काल संज्ञान लिया जाए, परिवार को सुरक्षा दी जाए और वंश की हत्या में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कुलदीप कुमार ने आगे कहा कि आज जिस तरह से मंडावली गांव के अंदर खुलेआम 22 साल के बच्चे वंश की हत्या की गई है, उसके बाद अपराधी फरार हैं। अभी तक कोई भी अपराधी पकड़ा नहीं गया है और जिन लोगों ने साजिश रची, वे खुलेआम घूम रहे हैं। अपराधी परिवार को धमका रहे हैं, जिसके कारण वंश की माता और बाकी सभी लोग न्याय मांगने के लिए थाने के बाहर बैठे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई करने के बजाय उन्हें भगा रही है और एसएचओ कह रहे हैं कि उन्हें काम करने दो।
कुलदीप कुमार ने कहा कि रेखा गुप्ता देखें कि उनकी सरकार में हत्या करवाने वाले लोग पकड़े नहीं जा रहे हैं। आज दिल्ली के थानों के बाहर यह आम बात हो गई है कि लोगों को इंसाफ पाने के लिए लंबे-लंबे धरने-प्रदर्शन करने पड़ते हैं, क्योंकि दिल्ली में न्याय व्यवस्था अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है। भाजपा की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस मामले का संज्ञान लें, क्योंकि उनकी पुलिस और उनकी सरकार अपराधियों को बचा रही है। इसलिए ऐसे अपराधियों को तुरंत जेल भेजने का काम किया जाए।