नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान गुरुवार को कपूरथला जिले के फगवाड़ा में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या में शामिल हुए। भजन संध्या सुनने उमड़ी भक्तों की भीड़ को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के अपने अभिभावकों की तीर्थयात्रा करा भगवंत मान ने साबित किया कि वह आधुनिक युग के श्रवण कुमार हैं। भगवंत मान पंजाब के सभी बुजुर्ग को अपने माता-पिता जैसे मानकर सेवा कर रहे हैं। पंजाब के बुजुर्ग अपने बेटे भगवंत मान पर आशीर्वाद बनाए रखें, वह ताउम्र आपकी सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के लिए जितना काम भगवंत मान सरकार ने किया, उतना आज तक पंजाब में कभी नहीं हुआ।

भजन संध्या को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने तीर्थयात्रा योजना का विस्तार कर दिया है। अब सालासर-श्री खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन रूट भी तीर्थयात्रा शुरू हो गई है। इसकी बहुत जबरदस्त डिमांड है और बड़ी लंबी लाइन लगी हुई है, इसलिए लोग अभी से अपनी बुकिंग करा लें। हम डेढ़ लाख भक्तों को इन जगहों में तीर्थ यात्रा पर लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि पटियाला के काली माता मंदिर का 80 करोड़ रुपए खर्च करके पूरा पुनर्विकास किया जा रहा है। 10 अक्टूबर के आसपास वह भी शुरू हो जाएगा। वहां बहुत भव्य और आलीशान मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। माता काली में लोगों की बहुत आस्था है, वहां जो मांगो वह मिलता है। इसलिए सभी लोग एक बार माता काली का आशीर्वाद लेने जरूर जाएं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज फगवाड़ा के अंदर एक शाम भगवान शिव के नाम भजन संध्या का आयोजन हो रहा है। इसी तरह पूरे पंजाब के 23 शहरों में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या करवाई जा रही है। आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार सनातन धर्म के लिए बहुत सारे काम कर रही है। मैं और मुख्यमंत्री भगवंत मान हर शिव भजन संध्या में जाते हैं और मान साहब खुद इन कामों में लगे हुए हैं। आज तक किसी भी पार्टी या सरकार ने सनातन धर्म के लिए इतना काम नहीं किया है, जितना आम आदमी पार्टी की सरकार कर रही है।