नई दिल्ली/गोवा | गोवा दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पणजी और कॉर्टलिम में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के दौरान भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि गोवा की भाजपा सरकार बिल्डस और कॉलोनाइजर्स वाली सरकार है। इन्हें गोवावासियों की बिल्कुल परवाह नहीं है। सेक्शन 39ए का इस्तेमाल कारापुर समेत पूरे गोवा को बेचने और तबाह करने के लिए किया जा रहा है। पिछले 15 सालों में भाजपा ने गोवा में सिर्फ लूट की है और गोवावासियों की जिंदगी को नरक बना दिया है। उन्होंने कहा कि कारापुर को बचाने के लिए 9 दिनों से अनशन पर बैठे रमा काणकोणकर के संघर्ष में आम आदमी पार्टी साथ खड़ी है। आम आदमी पार्टी गोवा की उम्मीद है। हम जनता के साथ मिलकर गोवा को भाजपा के शोषण और लूट से मुक्त कराएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि अनशन पर बैठे रमा काणकोणकर की 10 मांगें हैं। हम उन 10 मांगों का समर्थन करते हैं। मोटे तौर पर दो अहम मुद्दे हैं। पहला, कारापुर का जो प्रोजेक्ट है, जिसमें बड़े-बड़े बिल्डर्स को जमीन दी गई है और लगभग 1800 फ्लैट बनाने की अनुमति दी गई है, उससे कारापुर गांव पूरी तरह खत्म हो जाएगा और वहां के लोगों की जिंदगी नर्क बन जाएगी। इसलिए एक मांग यह है कि उस प्रोजेक्ट को रद्द किया जाए। दूसरी मांग यह है कि सेक्शन 39ए का इस्तेमाल करके गोवा की भाजपा सरकार बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर बिल्डर्स और कॉन्ट्रैक्टर्स को जमीनें दे रही है और गोवा को बर्बाद कर रही है, उस सेक्शन को खत्म किया जाए। हम बाकी मांगों का भी समर्थन करते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि मैं खुद कुछ दिन पहले कारापुर गया था। कारापुर में लगभग 2000 परिवार रहते हैं और यहां 1800 फ्लैट बनाने की अनुमति दी गई है। इसका मतलब है कि ज्यादातर गोवा के बाहर से 1800 परिवार आकर यहां रहेंगे। यदि हर परिवार के सुरक्षा गार्ड, नौकर और ड्राइवर को मिला लिया जाए, तो लगभग 6000 से 7000 और परिवार कारापुर में आकर रहेंगे। जो 2000 लोग आज वहां रहते हैं, उनके सिर पर अब 6000-7000 परिवार और आकर बैठ जाएंगे। इससे कारापुर के निवासियों की स्थिति स्लम में रहने वालों जैसी हो जाएगी। आज गोवा में लोग जिस खुली हवा, जंगल, जमीन, खेती और स्वच्छ पर्यावरण में रह रहे हैं, वह सब खत्म हो जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह भाजपा की सरकार मूल रूप से बिल्डरों और ठेकेदारों की सरकार है। यह गोवा के लोगों की सरकार नहीं है। गोवा के लोग नहीं चाहते कि भगवान ने उन्हें जो प्रकृति दी है, उसके साथ कोई खिलवाड़ हो। यदि यह प्रोजेक्ट बनता है, तो गोवा के लोगों की खेती और भूमिगत जल के स्रोत खत्म हो जाएंगे और उनका जीवन नर्क बन जाएगा। उनका आने-जाने का रास्ता भी प्रभावित होगा। मैं कारापुर के लोगों की इस मांग का समर्थन करता हूं और मांग करता हूं कि इस प्रोजेक्ट को तुरंत रद्द किया जाए।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि कारापुर के लोगों को विरोध करते हुए 127 दिन हो गए हैं। यहां के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के पास बिल्डर से मिलने का समय तो है, लेकिन लोगों के लिए नहीं। मुझे पता चला है कि जो बिल्डर निर्माण कर रहे हैं और जो कॉलोनाइजर हैं, उनका भाजपा से संबंध है। मूल रूप से भाजपा और इनकी सरकार गोवा को लूटने में लगी है। यह कोई इकलौता प्रोजेक्ट नहीं है। गोवा में सेक्शन 39ए का इस्तेमाल करके न जाने कितने गांवों और जगहों पर ऐसे प्रोजेक्ट को अनुमति दी गई है, जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले वीरेश ने भी अनशन किया था। वहां प्रमोद सावंत आए थे और उन्होंने सेक्शन 39ए को खत्म करने की घोषणा की थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया क्योंकि वे कर नहीं सकते। यदि सेक्शन 39ए को खत्म कर दिया गया, तो भ्रष्टाचार कैसे कर पाएंगे? बिल्डरों के साथ जो इनकी मिलीभगत है। इसलिए इन्होंने सेक्शन 39ए को अभी तक खत्म नहीं किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा के सभी 15 लाख लोगों को एक साथ आना होगा और इस सरकार को हटाना होगा। जब तक भाजपा नहीं जाएगी, तब तक गोवा बचने वाला नहीं है क्योंकि उनकी पांचों उंगलियां घी में हैं। वे कुछ ही दिनों में हर गोवावासी को झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाला बना देंगे। इसलिए सबको साथ आना होगा। जो पार्टियां सेक्शन 39ए के खिलाफ हैं, उन्हें मिलकर इसका विरोध करना होगा और चुनाव में इन्हें हराना होगा। हम गोवा के लोगों के साथ हैं और कंधे से कंधा मिलाकर इस लड़ाई में लड़ेंगे।