आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश संगठन महामंत्री मनोज सोरठिया ने चुनाव परिणामों पर अपनी बात रखते हुए बताया कि आज गांधीनगर महानगरपालिका, थरा और ओखा नगरपालिका सहित कुछ जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों के चुनावों और उपचुनावों के परिणाम घोषित हुए हैं। आम आदमी पार्टी ने भाडथर जिला पंचायत की सीट पर भाजपा से दोगुने वोट हासिल करके जीत दर्ज की है। यह गुजरात के किसानों और खेत मजदूरों की जीत है। गांधीनगर महानगरपालिका में आम आदमी पार्टी ने मजबूती से चुनाव लड़ा। भाजपा के तंत्र, पैसे और सत्ता के सामने आम आदमी पार्टी के 32 उम्मीदवार मजबूती से लड़े थे। हमने गांधीनगर महानगरपालिका के चुनाव में जनता के मुद्दों को उठाया था और मुद्दों पर चुनाव हो, ऐसी कोशिश की थी। गांधीनगर की जनता ने जो भी जनादेश दिया है, हम उसे सहर्ष स्वीकार करते हैं।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी के नेता मनोज सोरठिया ने बताया कि गांधीनगर में संगठनात्मक स्तर पर हमारी जो भी कमियां रह गई हैं, उन्हें सुधारने का आने वाले समय में प्रयास करेंगे और हम गांधीनगर में एक मजबूत संगठन बनाएंगे। आगामी चुनाव से पहले हम गांधीनगर में पार्टी को मजबूत करने की पूरी कोशिश करेंगे। गुजरात में एक मजबूत विपक्ष के रूप में आम आदमी पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को उठाती रही है और जनता की आवाज को बुलंद करती रही है। आम आदमी पार्टी एक मजबूत विपक्ष के रूप में यह काम करती रहेगी। एक बार फिर गांधीनगर की जनता का बहुत-बहुत धन्यवाद। साथ ही भाडथर की जनता और आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं उम्मीदवारों को बधाई देते हैं।