अहमदाबाद/आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने राज्य के सौराष्ट्र, कच्छ और उत्तर गुजरात के 53 विधायकों को पत्र लिखा है। पत्र में बताया है कि गुजरात के कई जिलों में बारिश की भारी कमी के कारण खेती और पशुपालन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर संकट पैदा हो गया है। पर्याप्त पानी के अभाव में किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और पशुओं के लिए चारे की भारी कमी पैदा हो गई है, जिसके कारण किसानों, खेत मजदूरों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन और अधिक खराब होती जा रही है। ऐसी विकट परिस्थिति में प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आधिकारिक रूप से दुष्काल घोषित कर सरकार द्वारा आवश्यक राहत, सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
इसी जनवेदना और किसानों के हक-हित के लिए खंभालिया में “दुष्काल घोषणा सत्याग्रह” चलाया जा रहा है। इस गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर सभी विधायकों से जनप्रतिनिधि के रूप में किसानों की पीड़ा को समझते हुए तत्काल अपने स्तर पर प्रयास करने की अपील की गई है। राज्य के मुख्यमंत्री के समक्ष दुष्काल घोषित करने की मांग मजबूती से रखी जाए और आगामी विधानसभा सत्र में इस प्रश्न पर गहन चर्चा कर किसानों तथा पशुपालकों को न्याय दिलाया जाए, यह समय की मांग है। किसानों के व्यापक हित में सभी मिलकर आवाज उठाएं और सरकार को तत्काल राहत के कदम उठाने के लिए मजबूर करें, ऐसी आशा इसुदान गढ़वी द्वारा व्यक्त की गई है।