नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी ने यमुना को साफ करने के भाजपा के झूठे दावे की पोल खोल दी है। शुक्रवार को कोंडली से ‘‘आप’’ विधायक कुलदीप कुमार यमुना का दौरा करने पहुंचे तो वहां हर तरफ झाग और गंदगी का अंबार देखने को मिला। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दिखाया कि कैसे दिल्ली सरकार की तरफ से केमिकल का छिड़काव कर झाग को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक बार फिर भाजपा सांसद मनोज तिवारी और मंत्री प्रवेश वर्मा को कालिंदी कुंज घाट के पास यमुना में डुबकी लगाने और पानी पीने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पर भी पलटवार किया और कहा कि अगर मनोज तिवारी और किरेन रिजिजू के बीच कालिंदी कुंज के पास यमुना में तैराकी की प्रतियोगिता होगी तो दुनिया याद रखेगी।
यमुना नदी से एक वीडियो साझा कर कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि यह वही यमुना है, जहां गुरुवार को भाजपा सांसद मनोज तिवारी आए थे। यहां झाग और गंदगी का पूरा अंबार लगा हुआ है। यहां कुछ लोग पानी में केमिकल भी छिड़क रहे हैं। मैं भाजपा सांसद मनोज तिवारी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चैलेंज करता हूं कि वे आएं और अब इस गंदे पानी के अंदर डुबकी लगाएं।
कुलदीप कुमार ने आगे कहा कि 10 दिन बाद छठ पूजा का त्योहार आ रहा है। भाजपा ने कहा था कि उन्होंने यमुना साफ कर दी है, ताकि लोग यहां आकर उन्हें गालियां न दें और उनकी पोल न खुल सके। लेकिन भाजपाई लोगों को इसी गंदे यमुना के पानी में, जहां सीवर का पानी फेंका जा रहा है, डुबकी लगवाने का काम करेंगे। यहां पूरी नदी में झाग ही झाग का अंबार है। मैं मनोज तिवारी को फिर से चैलेंज करता हूं कि वे आएं और इसमें डुबकी लगाएं।
कुलदीप कुमार ने कहा कि अब भाजपाई कहेंगे कि उन्हें तो सत्ता में आए हुए दो ही साल हुए हैं। लेकिन यह आम आदमी पार्टी नहीं कह रही, खुद भाजपा ने कहा था कि उन्होंने यमुना साफ कर दी है। हमने नहीं कहा था। लेकिन अब भाजपा की पोल खुल गई है। आज भी यमुना में बहुत गंदगी है।
उधर, विधायक संजीव झा ने मनोज तिवरी का 9 नवंबर 2021 में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर उनसे कहा कि मनोज तिवारी अपना ही पुराना वीडियो देख लें, शायद उन्हें कुछ याद आ जाए। 9 नवंबर 2021 को मनोज तिवारी अपने ही फेसबुक हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें सोनिया विहार में यमुना के पानी को साफ बता रहे थे। आज उसी सोनिया विहार में डुबकी लगाकर यमुना को साफ बताने का प्रदर्शन कर रहे हैं। जब मनोज तिवारी खुद पहले ही यमुना के पानी को साफ बता चुके हैं, तो आज यह डुबकी किसे दिखाने के लिए लगा रहे हैं? मनोज तिवारी को याद रखना चाहिए कि जनता की याददाश्त इतनी कमजोर नहीं है। आपका पुराना वीडियो भी मौजूद है और आज का राजनीतिक प्रदर्शन भी।
संजीव झा ने मनोज तिवारी का 8 नवंबर 2021 का जारी एक और पुराना वीडियो साझा कर कहा कि यह वीडियो भी उसी समय की है, जब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार थी। उस वक्त मनोज तिवारी खुद सोनिया विहार में यमुना के पानी को साफ बता रहे थे। आज उसी जगह डुबकी लगाकर यमुना को साफ बताने का प्रदर्शन कर रहे हैं।