Scrollup

नई दिल्ली, 26 मार्च 2024

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नाजायज गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करने वाली है। इंडिया गठबंधन की इस महारैली की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी विधानसभाओं में बैठक की। इन बैठकों में आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, पार्षद और पदाधिकारी शामिल हुए। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने 31 मार्च की रैली को लेकर बदरपुर में बैठक की। बैठक में आतिशी ने कहा कि आज का दौर तय करेगा कि आने वाले अगले 50 सालों में हमारे देश और लोकतंत्र का भविष्य क्या होगा। 1952 में जब पहला चुनाव हुआ था तो लोगों को लगता था कि पता नहीं भारत का लोकतंत्र चलेगा या नहीं चलेगा, लेकिन 1952 से लेकर भारत में हमारा संविधान कायम रहा।

आम आदमी पार्टी की मंत्री आतिशी ने आगे कहा कि आज भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा मौका आया है जब देश ही नहीं पूरी दुनिया में बात हो रही है कि क्या भारत में लोकतंत्र बचेगा या नहीं बचेगा। यह भारत के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। पिछले 10 सालों में भाजपा ने एक-एक करके लोकतंत्र की सभी संस्थाओं को खत्म कर दिया है। पहले देश में चुनाव होते थे और जो पार्टी चुनाव जीतती थी वह सरकार बनाती थी। पिछले 10 सालों में भाजपा जहां-जहां चुनाव जीत जाती है वहां सरकार बना लेती है और जहां चुनाव नहीं जीतती वहां वह जनादेश का सम्मान नहीं करती। वह जनादेश के विपरीत जाकर किसी न किसी तरीके से भाजपा की सरकार बना लेते हैं। जहां खरीद फरोख्त के बाद भी वह सरकार नहीं बना पाते वहां पर वह अपने गुंडे ईडी और सीबीआई के द्वारा विपक्ष के नेताओं पर झूठे कैस करना शुरू कर देते हैं। जो ईमानदार नेता हैं उनको जेल में डाल दिया जाता है और जो भ्रष्टाचारी होते हैं वह हाथ जोड़कर भाजपा में चले जाते हैं। जो भाजपा में जाएगा वह जेल जाने से बच जाएगा और जो भाजपा में शामिल नहीं होगा उसको जेल के अंदर डाल दिया जाएगा। आज सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और विजय नायर एक साल के ज्यादा समय से जेल के अंदर बंद हैं। मैं दिल्ली के लोगों की तरफ से अपने नेताओं को सलाम करती हूं कि इतनी मुश्किल परिस्थिति में भी वह झुके नहीं। वह बीजेपी में शामिल नहीं हुए और हिम्मत के साथ लड़ रहे हैं। हम इन नेताओं के परिवार वालों को भी सलाम करते हैं। दिल्ली वालों को जब भी जरुरत हुई है अरविंद केजरीवाल जी हमारे साथ खड़े रहे हैं। अब हमारी जिम्मेदारी है कि आज जब अरविंद केजरीवाल जी को हमारी जरूरत है तो हम सबको उनके साथ खड़ा होना है।

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जो संकट आज आम आदमी पार्टी पर आया है मुझे नहीं लगता कि इससे बड़ा संकट किसी और पार्टी पर आ सकता है। आज हमारी पूरी लीडरशिप जेल के अंदर बंद है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपनी एरोगेंस दिखाई है। 31 मार्च को हम दिल्ली में एक महारैली करने वाले हैं। आप लोगों से अनुरोध है कि आप दिल्ली के लोगों के बीच जाइए, उनको बताइए की किस तरीके से अवैध तरीके से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मोदी सरकार ने गिरफ्तार किया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों से अनुरोध कीजिए कि वह इस महारैली में शामिल होकर लोकतंत्र को बचाने में अपना सहयोग दें।

वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष और दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने कहा कि आज पूर्वी दिल्ली की सभी विधानसभाओं के अंदर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में विधानसभा, वार्ड और मंडल के कार्यकर्ता शामिल हुए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी की गिरफ्तारी के विरोध में हम 31 मार्च को दिल्ली में महारैली करने वाले हैं। इस इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारी को लेकर बैठक में चर्चा की गई। बैठक में शामिल हुए सभी साथियों ने एक सुर में अरविंद केजरीवाल जी की गिरफ्तारी का विरोध किया और सभी ने आश्वासन दिया कि मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ होने वाली इस महारैली में ज्यादा से ज्यादा तादाद में लोगों को आने का आह्वान करेंगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि भाजपा ने जो अरविंद केजरीवाल जी की साजिशन गिरफ्तारी की है, यह गिरफ्तारी बेबुनियाद और सियासी है। देश और दुनिया में मोदी सरकार की थू-थू हो रही है। लोग समझ रहे हैं कि लोकसभा चुनाव के 1 महीने पहले विपक्ष की सबसे मजबूत, इंडिया अलायंस की सबसे प्रखर और बुलंद आवाज को गिरफ्तार करना, मतलब भाजपा ने अपने डर का सबूत दे दिया है। दिल्ली के लोगों से भाजपा नफरत करती है। अगर वह नफरत नहीं करती तो किसी भी हालत में केजरीवाल जी को गिरफ्तार नहीं करती। अरविंद केजरीवाल जी ने दिल्ली वालों की जिंदगी बेहतर की है। उनको गिरफ्तार करके भाजपा कहना चाहती है कि हमको बिल्कुल अच्छा नहीं लगा कि अरविंद केजरीवाल जी ने आपके लिए अच्छे स्कूल, अस्पताल बनाए और शानदार काम किया। यह सीधे-सीधे दिल्ली की जनता के जनादेश का अपमान है। पूरा देश भाजपा के खिलाफ एकजुट है। दिल्ली के लोग इकट्ठा होकर भाजपा की इस गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए 31 मार्च को रामलीला मैदान पहुंचेंगे।

दिल्ली सरकार में मंत्री कैलाश गहलोत, राजकुमार आनंद, इमरान हुसैन और विधायक दुर्गेश पाठक, उपाध्यक्ष और विधायक राजेश गुप्ता, उपाध्यक्ष और विधायक ऋतुराज झा, उपाध्यक्ष जितेंद्र तोमर, दिल्ली से लोकसभा प्रत्याशी सहीराम, विधायक संजीव झा, विधायक मुकेश अहलावत और दिल्ली की मेयर शैली ओबरॉय समेत आम आदमी पार्टी के अन्य नेता और विधायकों ने दिल्ली की अलग-अलग विधानसभाओं में बैठक की

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia