Scrollup

नई दिल्ली, 23 मार्च 2024

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ आम आदमी पार्टी कल पूरी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगी। आम आदमी पार्टी का विरोध प्रदर्शन दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में किया जाएगा। ‘आप’ के इस विरोध प्रदर्शन में होलिका दहन के समय पुतला फूंका जाएगा और कैंडल मार्च निकाला जाएगा।आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) और राज्यसभा सांसद डॉ संदीप पाठक ने कहा कि हम सबने देखा कि किस तरीके से मोदी सरकार ने लोकतंत्र की हत्या करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। आज मोदी सरकार देश की संस्थाओं को खत्म करने में लगी हुई है।

संदीप पाठक ने आगे कहा कि आज जो भी भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ बोलता है उसके पीछे ईडी और सीबीआई छोड़ दी जाती है। आज विपक्ष के नेताओं को डराया, धमकाया जा रहा है। मोदी सरकार ने बिना किसी सबूत के हमारे पहले ही तीन बड़े नेता सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को गिरफ्तार कर रखा है। अब मोदी सरकार ने तानाशाही दिखाते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी गिरफ्तार कर लिया। अरविंद केजरीवाल जी की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली की जनता सड़कों पर उतर आई है। पिछले दो दिनों से मोदी सरकार के खिलाफ दिल्ली की जनता विरोध प्रदर्शन कर रही है और अपने बेटे अरविंद केजरीवाल की रिहाई की मांग कर रही है। आम आदमी पार्टी रविवार को दिल्ली की सभी विधानसभाओं में विरोध प्रदर्शन करेगी। होलिका दहन के समय दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में पुतला फूंका जाएगा और कैंडल मार्च निकाला जाएगा।

वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री और प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि जब सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को जेल में डाला गया तो अरविंद केजरीवाल उनके सामने ढाल बनकर खड़े थे। अब जब अरविंद केजरीवाल जी को भाजपा ने जेल के अंदर डाल दिया है तो हम सबको मिलकर उनका कवच बनना है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए आखिरी कील साबित होने वाली है। हम मजबूती के साथ इस लड़ाई को लड़ेंगे और जीतेंगे। अरविंद केजरीवाल जी ने रात-दिन एक कर के दिल्ली की जनता के लिए काम किया है। जिस तरीके से हम पिछले दो दिन से लड़ाई लड़ रहे हैं उसी जोश के साथ आगे भी लड़ते रहना है। कल हम हर विधानसभा में विरोध प्रदर्शन करेंगे और पुतला फूंकेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के सभी विधायक, पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia