Scrollup

आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता चट्टान की तरह अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ा है। भाजपा को लगता है कि इस कार्रवाई से आम आदमी पार्टी को तोड़ देगी तो यह उसकी गलतफहमी है। आम आदमी पार्टी की टीम बहुत मजबूत है। ‘‘आप’’ आंदोलन से निकली हुई पार्टी है। हमारे लिए गिरफ्तारी कोई नई बात नहीं है। रविवार को ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं सीएम अरविंद केजरीवाल को सीबीआई मुख्यालय जाने के बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान ने ये बातें कहीं। वहीं, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को स्वास्थ्य-शिक्षा का मॉडल देने की सजा मिल रही है, लेकिन हमारी लड़ाई जारी रहेगी। अरविंद केजरीवाल झुकेंगे नहीं, देश के लिए लड़ते रहेंगे। इस दौरान ‘‘आप’’ के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा व डॉ. संदीप पाठक, कैबिनेट मंत्री आतिशी व सौरभ भारद्वाज ने भी भाजपा और मोदी सरकार पर हमला बोला।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आगे कहा कि ये जहां खुद नहीं जा पाते हैं, वहां राज्यपाल से सरकार चलवाते हैं। इनके दिमाग में हर वक्त सिर्फ नेगेटिविटी चलती रहती है कि किसको कैसे नीचें करें। ये लोग दिन-रात यही सोचते हैं कि किसको जेल में डाल दें। वहीं हमारे दिमाग में हर वक्त यही चलता रहता है कि कैसे स्कूल-अस्पताल अच्छे कर दें। कैसे देश को नंबर-1 बनाएं। उन्हें हर वक्त डर लगा रहता है, कभी नींद ही नहीं आती है। उनको तो एक-एक दिन निकालना मुश्किल हो जाता है कि आज के दिन मैंने विपक्ष के किसी व्यक्ति को पकड़कर जेल के अंदर क्यों नहीं किया। ये जो धारणा इनके दिमाग में बैठ गई है, ये गलत है।

उन्होंने कहा कि हमें गिरफ्तारी का कोई डर नहीं है। यह रामलीला मैदान से निकली हुई पार्टी है। यहां किसी पार्टी द्वारा निकाले गए या छोड़े गए लोगों ने पार्टी नहीं बनाई है। जेल और गिरफ्तारी हमारे लिए कोई नई बात नहीं है। इन्हें जो करना है कर लें, हम सच्चे हैं। इसलिए वहां जाकर भी सच बताएंगे। जिन लोगों के दिमाग से यह डर नहीं जाता, मैं उन लोगों को कहना चाहता हूं कि रात लंबी होने से सूरज मर नहीं जाता। सच का सूरज चढ़ेगा और इसी धरती पर चढ़ेगा।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये सिर्फ घोटाले का इल्जाम लगा रहे हैं। यही नीति हमने पंजाब में भी लागू की, वहां एक साल के अंदर 41.41 फीसद राजस्व बढ़ा है। 2738 करोड़ रुपए हमारे राजस्व में बढ़े। अब इस पैसे का उपयोग हम जनता को सुविधाएं देने में करेंगे। परेशानी यह है कि पहले यह पैसा इनके पास रहता था, लेकिन अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी ने इनसे सब छिन गया। अब ये लोग कहते हैं कि हमसे एमसीडी भी ले गए। इसलिए इनको लगता है कि शायद ये आम आदमी पार्टी की टीम को तोड़ देंगे। आम आदमी पार्टी की टीम बहुत मजबूत है। हम चट्टान की तरह एक-दूसरे के साथ खड़े हैं। हमें एमसीडी चुनाव जीतने के बाद भी मेयर बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा। ये हमें जीतने के बाद भी नहीं छोड़ते हैं। अगर यही हाल रहा तो किसी दिन इस देश की 130 करोड़ जनता इन्हें ऐसा विपक्ष में बिठाएगी कि ये जिंदगी भर याद करेंगे।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि इन्हें बहुत ज्यादा डर है। इनके वाले तो किराए और दिहाड़ी पर आते हैं लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता तो हर जगह सड़कों पर घूमते रहते हैं। असल में इन्हें पता ही नहीं चलता कि आम आदमी पार्टी वाले कौन है? ये कभी पोस्टर लगाने वाले को पकड़ लेते हैं तो कभी किसी को। हमारे लिए तो आम जनता ही हमारे कार्यकर्ता हैं। हम कोई किराए और दिहाड़ी पर कार्यकर्ता लेकर नहीं आते हैं। हमारे कार्यकर्ता देश और दिल्ली के लिए जुनूनी है। हमें दिल्ली और पंजाब को ऊपर लेकर जाना है और देश को नंबर वन बनाना है। हम अपने नेता व मार्गदर्शक अरविंद केजरीवाल के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। ये लोग उनकी आवाज को दबा नहीं सकते। ये आवाज को जितना दबाने की कोशिश करेंगे वो आवाज उतनी ही जोर से उठेगी।

देश में दो शाह हैं, एक अमित शाह और दूसरा तानाशाह- संजय सिंह

‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को आम आदमी के लिए एक अनोखा मॉडल पेश करने की सजा मिल रही है। इस जुल्म और अत्याचार के खिलाफ अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल झुकेंगे नहीं, बल्कि देश के लिए लड़ते रहेंगे। अरविंद केजरीवाल ने देश को नंबर-1 बनाने के लिए सपना देखा है। उनका यह मिशन जारी रहेगा। उसके लिए एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है और इस मिशन को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि देश में दो शाह हैं। पहला अमित शाह दूसरा तानाशाह।

‘‘आप’’ को राष्ट्रीय पार्टी बनने और देश भर में विस्तार से भाजपा को डर सता रहा है- राघव चड्ढा

राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि देश की जनता देख रही है कि भाजपा कैसे एजेंसियों का दुरुपयोग कर नेताओं को जेल में डाल रही हैं। भाजपा देश के लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। पूरे देश में अरविंद केजरीवाल अकेले ऐसे नेता हैं, जो भाजपा को चुनौती दे रहे हैं, जो उसे हजम नहीं हो रहा है। इसीलिए ‘‘आप’’ को खत्म करने की हर संभव कोशिश की रही है। पंजाब में ‘‘आप’’ की सरकार है। गुजरात में अच्छा प्रदर्शन कर ‘‘आप’’ राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है और देश भर में पार्टी का विस्तार हो रहा है। इससे भाजपा को डर सता रहा है। इसी वजह से भाजपा ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर ‘‘आप’’ नेताओं को फर्जी तरीके से फंसाने की साजिश कर रही है। भाजपा विपक्षी नेताओं को जेल में डाल कर लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश कर रही है लेकिन कभी सफल नहीं होगी।

देश में जितने भ्रष्ट हैं वो भाजपा में शामिल होते हैं- डॉ. संदीप पाठक

राज्यसभा सदस्य डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि हमें देश के कानून व्यवस्था पर भरोसा है। देश को एक विकास के रास्ते पर ले जाने और अपने काम पर फोकस करने के बजाय यह सब कुछ इसलिए हो रहा है कि क्योंकि भाजपा के लिए केजरीवाल को चुनावी राजनीति में ईमानदारी से चुनाव लड़कर हराना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘‘आप’’ की जब दिल्ली में सरकार बनी तो भाजपा को नहीं लगा था कि आम आदमी पार्टी दिल्ली से बाहर जाएगी, लेकिन “आप” की पंजाब में भी सरकार बन गई। जब गुजरात का चुनाव हुआ तो भाजपा को यह अंदेशा हो गया कि इन्हें रोकना मुश्किल है क्योंकि जनता केजरीवाल को एक उम्मीद की तरह देख रही थी। तब इन्होंने पार्टी को खत्म करने के लिए षड्यंत्र बनाया। उन्होंने कहा कि हम मर जाएंगे लेकिन लोकतंत्र को खत्म करने की हो रही कोशश को कामयाब नहीं होने देंगे। देश में जितने भ्रष्ट हैं वो भाजपा में शामिल होते हैं। अगर भाजपा भ्रष्टाचार खत्म करना चाहती है तो अडानी के घोटाले की जांच क्यों नहीं कराती है, जिसका सीधा कनेक्शन प्रधानमंत्री से है।

भाजपा को सत्ता का घमंड है, अरविंद केजरीवाल और ‘‘आप’’ को नीचा दिखाने की कोशिश कर रही- सौरभ भारद्वाज

‘‘आप’’ के मुख्य प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी परिवार के मुखिया हैं। उनकों इस तरह सीबीआई का बुलाना ठीक नहीं है। भाजपा को सत्ता का घमंड है। वो अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को नीचा दिखाने की कोशिश कर रही है। सीबीआई के बुलाने के पर अरविंद केजरीवाल और “आप” के नेता सौ बार जाएंगे और एक ही सवाल को बार-बार पूछने पर वही जवाब देंगे। भाजपा के सत्ता के नशे में किसी को भी गिरफ्तार कर छोड़ भी सकती है और फिर दो-तीन महीने बाद गिरफ्तार भी करवा सकती है। दिल्ली की जनता अपने लोकप्रिय मुख्यमंत्री के साथ हो रहे अन्याय पर चुप नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की लड़ाई भ्रष्टाचार से नहीं है। हिमंत विश्व सरमा, मुकुल राय से लेकर शुभेंदू अधिकारी तक के खिलाफ भाजपा ने भ्रष्टाचारी होने का अभियान चलाकर ईडी और सीबीआई के माध्यम से मुकदमे करवाए। बाद में हिमंत विश्वा सरमा को भाजपा ने अपनी पार्टी शामिल करा मुख्यमंत्री बना दिया। इससे साफ पता चलता है कि यह लड़ाई भ्रष्टाचार की नहीं, बल्कि भाजपा के अहंकार और घमंड की लड़ाई है। भाजपा को लगता है कि वह इस तरह से डरा धमका कर विपक्ष की आवाज बंद कर देगी, तो यह स्थिति देश के लिए अच्छी नहीं है।

भाजपा के नेता खड़े होकर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाने की कर रहे साजिश- आतिशी

वहीं, ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा का डर हुई है। इसलिए वह “आप” और अरविंद केजरीवाल को रोकने की साजिश कर रही है। भाजपा की केंद्र सरकार अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को जेल में डाल दिया। अब वह अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुला रही है। भाजपा के नेता खड़े होकर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाने की साजिश रह रहे है। आतिशी ने कहा कि मैं भाजपा से कहना चाहती हूं कि आम आदमी पार्टी के नेता और एक-एक कार्यकर्ता ऐसी मिट्टी के बने हुए हैं कि वह सीबीआई और ईडी से डरने वाले नहीं है और न ही जेल जाने से डरने वाले है। हम अपनी आखरी सांस तक लोगों के हक के लिए भाजपा और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहेंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia