Scrollup

नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2024

सीएम अरविंद केजरीवाल को ‘‘जेल’’ भेजने का जवाब वोट से देने की अपील के साथ शनिवार को उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल का दिल्ली में पहला रोड शो हुआ, जिसमें भारी जन-सैलाब उमड़ पड़ा। सुनीता केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से प्रत्याशी कुलदीप कुमार के समर्थन में कल्याणपुरी में विशाल रोड शो कीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं-समर्थकों में जबरदस्त जोश और जूनून देखने को मिला। उनके हाथों में पार्टी का झंडा, सीएम केजरीवाल का कटआउट और ‘जेल का जवाब वोट से’ लिखी तख्तियां थी। जनता ने अपनी जबरदस्त उपस्थिति दर्ज कराकर भाजपा को बता दिया कि अरविंद केजरीवाल के प्रति उनका प्यार अब और बढ़ गया है और वो ‘जेल का जवाब वोट से’ देने के लिए तैयार हैं।

रोड शो के दौरान पांच प्वाइंट संविधान बचाओ, महिलाओं के लिए पिंक टिकट, तीर्थयात्रा, शिक्षा क्रांति और अनाधिकृत कॉलोनी बनाए गए थे, जहां मौजूद लोगों ने न सिर्फ सुनीता केजरीवाल का स्वागत किया, बल्कि उनका धन्यवाद भी किया कि केजरीवाल सरकार की वजह से उन्हें यह सारी सुविधाएं मिल पाईं। इस दौरान सुनीता केजीवाल ने दिल्लीवालों से कहा कि इन लोगों ने बिना आरोप साबित हुए जबरदस्ती अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल रखा है। आज भारत मां की यह बेटी आपसे विनती करती है। आप अपने वोट की ताकत से इस देश से तानाशाही को हटा दो और लोकतंत्र को बचा लो।

कल्याणपुरी में विशाल रोड शो के दौरान सुनीता केजरीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को इन लोगों ने महीने भर से जबरदस्ती जेल में डाल रखा है। अभी तक किसी कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को दोषी नहीं माना है। ये लोग कह रहे हैं कि जांच चल रही है। क्या यह जांच 10 साल चलेगी तो ये लोग अरविंद केजरीवाल को 10 साल जेल में रखेंगे। इससे पहले कोई तब जेल जाता था, जब अदालत उसे दोषी ठहरा देती थी। अभी इन्होंने एक नया सिस्टम निकाला है। ये कहते हैं कि जब तक जांच चलेगी, तब तक जेल मंें रहना पड़ेगा। यह तो इनकी सरासर गुंडगर्दी, तानाशाही है। अरविंद केजरीवाल को पिछले 22 साल से शुगर है और 12 साल से 50 यूनिट रोजाना इंसुलिन ले रहे हैं। जेल में इन्होंने अरविंद केजरीवाल की इंसुलिन बंद कर दी। उनका शुगर लेवल 300 के उपर पहुंच गया। ऐसे तो अरविंद केजरीवाल की किडनी और लीवर खराब हो जाएगा। क्या ये लोग उनको जान से मारना चाहते हैं।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मैं जानती हूं कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल से बहुत प्यार करती है। यही बात इन लोगों को खटकती है कि दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल को इतना प्यार क्यों करते हैं? अरविंद केजरीवाल का क्या कसूर है? क्या उनका यह कसूर है कि उन्होंने दिल्ली में बिजली फ्री कर दी। पहले रोज लंबे-लंबे पावर कट लगते थे। अब दिल्ली में कोई पावर कट नहीं लगता है और 24 घंटे बिजली आती है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों के बच्चों के लिए शानदार स्कूल बनवाए। आपके लिए मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल बनवाए, महिलाओं के लिए में सफर फ्री किया और अब महिलाओं को हर महीने हजार रुपए भी देंगे। इसीलिए इन्होंने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने दिल्लीवालों से कहा कि आपके मुख्यमंत्री शेर हैं, उन्हें कोई झुका नहीं सकता और तोड़ नहीं सकता। अरविंद केजरीवाल भारत मां के सच्चे लाल हैं। आज भारत मां की यह बेटी आपसे विनती करती है, इस देश को बचा लो। भारत मां को बचा लो। यह देश तानाशाही की ओर जा रहा है। भारत मां को तानाशाही से बचा लो। आप लोग अपनी वोट की ताकत को समझो और 25 मई को सभी लोग वोट देने जरूर जाएं। अपने वोट सही इस्तेमाल कर इन लोगों से अपने लोकतंत्र को बचाएंगे और तानाशाही को हटाएं। हम सब मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे। इस बार जेल का जवाब वोट से देंगे।

वहीं, पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कुमार ने कहा कि दलित समाज सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने से बेहद नाराज है। सीएम केजरीवाल ने एक सामान्य सीट से दलित के बेटे को टिकट देकर समाज का सम्मान बढ़ाया है। जनता अरविंद केजरीवाल पर हो रहे अन्याय का बदला वोट से लेगी। पूरी दिल्ली के लोग अपने बेटे अरविंद केजरीवाल साथ खड़े हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लाखों बच्चों के लिए शानदार स्कूल बनाए हैं, लोगों के लिए अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनाए। महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा दी। दिल्लीवासियों के बिजली और पानी का बिल जीरो किया है। महिलाओं को हर महीने हजार रुपए देने की घोषणा की। लेकिन बीजेपी ने झूठे केस में फंसा कर उनको जेल में डाल दिया।

रोड शो के दौरान ये पांच प्वाइंट्स बनाए गए थे

संविधान बचाओ

रोड शो के दौरान पहला प्वाइंट संविधान बचाओ का था। यहां बड़ी संख्या में समर्थक संविधान बचाने की अपील करते हुए पोस्टर, बैनर लिए खड़े थे और लोगों को जागरूक कर रहे थे कि कैसे भाजपा देश के लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की कोशिश रही है और दिल्ली की जनता के संवैधानिक अधिकारों को छीन रही है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्लीवालों की सेवा करने के लिए दिल्ली सरकार को सर्विसेज विभाग दिया था, लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार ने कानून बनाकर उसे वापस छीन लिया।

महिलाओं के लिए बसों मंे पिंक टिकट

रोड शो का दूसरा प्वाइंट पिंक टिकट था। केजरीवाल सरकार ने सरकारी बसों में महिलाओं का सफर मुफ्त कर दिया था। जब भी वो बस में सफर करती हैं तो उन्हें पिंक टिकट दिया जाता है और बदले में किराया नहीं लिया जाता है। इससे दिल्ली की हर महिला प्रतिदिन लाभांवित होती हैं। प्वाइंट पर बड़ी संख्या में खड़ी महिलाएं सुनीता केजरीवाल का स्वागत करने खड़ी थीं। महिलाओं ने कहा कि फ्री सफर की सुविधा मिलने से उन्हें आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिली है।

बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा

रोड शो में तीसरा प्वाइंट बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा था। इस प्वाइंट पर सुनीता केजरीवाल के स्वागत में बड़ी संख्या में केजरीवाल सरकार द्वारा चलाई जा रही तीर्थयात्रा योजना से लाभांवित बुजुर्ग खड़े थे। इन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने श्रवण कुमार बनकर उनको मुफ्त में तीर्थयात्रा कराई। अगर सीएम केजरीवाल श्रवण कुमार नहीं बनते तो शायद ही वो अपने जीवन में कभी इतने अच्छे से तीर्थयात्रा कर पाते।

शिक्षा क्रांति

चौथे प्वाइंट शिक्षा क्रांति का बनाया गया था। यहां भारी संख्या में स्कूली बच्चे ‘मिस यू केजरीवाल अंकल’ के पम्पलेट्स लेकर खड़े थे। उनके साथ पैरेंट्स भी थे। उनका कहना था कि सरकारी स्कूलों की हालत बहुत दयनीय थी। खस्ताहाल बिल्डिंग और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने उनके लिए शानदार वातानुकूलित स्कूल की बिल्डिंग बनवाई और अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई। आज सरकारी स्कूलों में बहुत अच्छी पढ़ाई होती है। इसी वजह से जेईई जैसी कठित प्रतियोगी परीक्षाओं में भी हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

अनधिकृत कालोनी

आखिरी प्वाइंट अनाधिकृत कॉलोनी थी। यहां खड़े झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों ने सुनीता केजरीवाल के स्वागत किया। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में सड़क, नाली, सीसी रोड, पानी और सीवर की पाइप लाइन समेत सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई है। इसके लिए लोगों ने सीएम अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद दिया।

सुनीता केजरीवाल के स्वागत में घर की बालकनी और छतों पर जमा हुए लोग

अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल पहली बार चुनाव प्रचार के लिए रोड शो करने सड़क पर उतरी थी। खुली कार में सवार सुनीता केजरीवाल हाथ जोड़ कर लोगों से ‘जेल का जवाब अपने वोट से’ देने की अपील करते हुए आगे बढ़ती जा रही थीं। उनके साथ कार में ‘‘आप’’ प्रत्याशी कुलदीप कुमार भी सवार थे। सुनीता केजरीवाल के समर्थन में पूरी सड़क जहां लोगों की भीड़ से खचाखच भर गई थी, वहीं घर की छतें और बालकनी भी खाली नहीं थी। भारी संख्या में लोग बालकनी और छतों पर आकर हाथ लहराकर सुनीता केजरीवाल का स्वागत करते दिखे। इस दौरान लोग पुष्प वर्षा भी कर रहे थे।

केजरीवाल की कटआउट लेकर पहुंचे समर्थक

सुनीता केजरीवाल के रोड शो में अरविंद केजरीवाल के प्रति समर्थकों में भारी दिवानगी दिखी। लोग अपने हाथ में आम आदमी पार्टी का झंठा के साथ ही अरविंद केजरीवाल की कटआउट भी लिए थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों के हाथों में ‘जेल का जवाब वोट से’ लिखी तख्तियां भी थी। इस दौरान लोगों ने अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद और जेल का जवाब वोट से’ समेत अन्य नारे लगाए।

उत्तराखंड के लोगों ने पारंपरिक डांस कर किया स्वागत

सुनीता केजरीवाल के रोड़ में उत्तराखंड के लोगों में भी भारी उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में उत्तराखंड के रहने वाले लोग अपने परिधान में स्वागत के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक डांस कर सुनीता केजरीवाल का स्वागत किया और अरविंद केजरीवाल के प्रति अपना पूरा समर्थन जताया

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia