Scrollup

नई दिल्ली, 24 मार्च 2024

इंडिया गठबंधन ने ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के समर्थन में आगामी 31 मार्च (रविवार) को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करने का बड़ा एलान किया है। इस महारैली में इंडिया गठबंधन देश की जनता से एकजुट होकर अपने लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस जन आंदोलन को तेज करने का आह्वान करेगा। इस महारैली में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के अधिकतर बड़े नेता शामिल होंगे। इंडिया ने देश से प्यार करने वाले लोगों से भारी संख्या में आकर इस महारैली को सफल बनाने और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की है। इंडिया का कहना है कि प्रधानमंत्री ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार किया। और इससे देश की जनता में भारी आक्रोश है। रविवार को इंडिया गठबंधन के घटक दलों में शामिल आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, सीपीआई-एम के राजीव कुंवर, दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा और कैबिनेट मंत्री आतिशी व सौरभ भारद्वाज ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर इस फैसले की जानकारी दी।

आज लोगों को डरा-धमकाकर, विधायकों को खरीदकर और विपक्ष के नेताओं को फर्जी मुकदमें में जेल भेजने की साजिश हो रही है- गोपाल राय

“आप” दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने जिस तानाशाहीपूर्ण रवैये के तहत लोकतंत्र की हत्या करके दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है, उससे देश में संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं से मोहब्बत करने वाले लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि बात केवल अरविंद केजरीवाल की नहीं है। आज प्रधानमंत्री पूरे देश में एक-एक करके संपूर्ण विपक्ष को खत्म करने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। षड़यंत्र करके विधायकों की खरीद फरोख्त की जा रही है और लोगों को डराया धमकाया जा रहा है। प्रधानमंत्री या तो विपक्ष को पैसे देकर खरीद रहे हैं या ईडी, सीबीआई से धमका कर अपनी पार्टी में शामिल करवा रहे हैं। जो लोग डरने-बिकने और झुकने के लिए तैयार नहीं हैं, उन सभी विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमा करके उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।

इस तानाशाही के खिलाफ दिल्ली समेत पूरे देश में यह जन आंदोलन और तेज होगा- गोपाल राय

उन्होंने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से पहले हम सबने देखा कि झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया गया। आज चाहे वो पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी हों, बिहार में तेजस्वी यादव हो या चाहे वो देश के अलग-अलग हिस्सों में इंडिया गठबंधन के नेता हों, सभी पर फर्जी मुकदमे लगाकर ये कोशिश की जा रही है कि या तो उन्हें चुप कर दिया जाए या फिर उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया जाए। जबसे सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है तबसे न सिर्फ आम जनता बल्कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर इस तानाशाही के खिलाफ खड़ा हुआ है। न सिर्फ दिल्ली की सड़कों पर, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में इसके खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आने वाले दिनों में ये आंदोलन और तेज होगा।

शहीदी दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु और सुखेदव को श्रद्धांजलि देने जा रहे इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ पुलिस ने अपराधियों जैसा सलूक किया गया- गोपाल राय

“आप” प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि एक तरफ इन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया, और दूसरी तरफ पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया है। रात में मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी हुई। बाद में चुने हुए विधायकों को भी हिरासत में ले लिया गया। सुबह-सुबह हमारे मंत्री और विधायक जब सीएम आवास पर उनके परिवार से मिलने पहुंचे। सीएम अरविंद केजरीवाल के परिवार को हाउस अरेस्ट कर लिया गया था, किसी को एंट्री तक नहीं दी गई। सभी समर्थक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन इन्होंने आम आदमी पार्टी के कार्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया। देश में इस समय आचार संहिता लागू है, ऐसे समय में एक राष्ट्रीय पार्टी के कार्यालय को सील कर दिया गया। मैं पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष हूं लेकिन मुझे वहां जाने की अनुमति नहीं थी। हमारे किसी विधायक और मंत्री को अंदर नहीं जाने दिया गया। जिसने भी जाने की कोशिश की ये आईटीओ चौक पर बैरिकेडिंग करके दिनभर उनको हिरासत में लेते रहे। उन्होंने कहा कि शनिवार को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान दिवस था। शहीदी पार्क में उनको श्रद्धांजलि देने के लिए हमे काफी मशक्कत करनी पड़ी। पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ वहां हमारे सभी मंत्री, विधायक और इंडिया गठबंधन के नेता मौजूद थे। हमारे साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा था जैसे हम अपराधी हों। ऐसे लग रहा था कि हम उन शहीदों को श्रद्धांजलि देने नहीं, बल्कि कोई अपनाध करने आए हैं। एक तो इन लोगों ने चोरी की है और उसके ऊपर सीना जोरी हो रही है।

भाजपा घोटाले का आरोप इधर लगा रही है, लेकिन 60 करोड़ का मनी ट्रेल उसी के खाते में मिले हैं- गोपाल राय

गोपाल राय ने कहा कि बीजेपी बार-बार कह रही है कि हम अरविंद केजरीवाल और विपक्ष के नेताओं को इसलिए गिरफ्तार कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है। वहीं, इलेक्टोरल बॉन्ड पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने भाजपा के लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की धज्जियां उड़ा दी हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए चंदा चोरी का काला चिट्ठा देश के सामने आ गया है। ये लोग पिछले दो सालों से शराब घोटाले की जांच करवा रहे हैं। जब कोर्ट सबूत के बारे पूछता है तो कहते हैं कि हम अभी मनी ट्रेल ढूंढ रहे हैं। सीबीआई, ईडी और आईटी कोई सबूत नहीं ढूंढ पाई। आखिरकार जब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद चंदे की डीटेल चुनाव आयोग की वेबसाइट पर डाली गई और मनी ट्रेल सामने आया तो पता चला कि घोटाले के आरोप ‘‘आप’’ पर लगाए जा रहे हैं और करीब 60 करोड़ रुपए का मनी ट्रेल बीजेपी के खाते में मिले हैं। जिस शरथ चंद्र रेड्डी को इन्होंने पहले गिरफ्तार किया, बाद में उसको जमानत दे दी और उससे इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर 60 करोड़ रुपए बीजेपी ने अपने खाते में जमा करवा लिए। मनी ट्रेल तो सामने आ गया, लेकिन अब सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स कुछ बोलेगा। बीजेपी के नेता भी चुप बैठे हैं। अगर इनमे हिम्मत है तो बताएं कि इन्होंने ये भ्रष्टाचार क्यों किया?

आज अवाज नहीं उठाए तो फिर इस तानाशाही के खिलाफ देश में किसी आंदोलन की गुजाइश नहीं बचेगी- गोपाल राय

“आप” दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि बीजेपी को इलेक्टोरल बॉन्ड से करीब 8,000 करोड़ रुपए से ज्यादा मिले हैं। वहीं, इन्होंने कांग्रेस का खाता सीज कर दिया है ताकि कांग्रेस अपना चुनाव प्रचार नहीं कर सके। बीजेपी ने ईडी, सीबीआई के छापे मरवाकर करीब 8 हजार करोड़ रुपए वसूले हैं। ये कौन सा लोकतंत्र स्थापित हो रहा है? आज पूरा विपक्ष इकट्ठा हो रहा है, क्योंकि इस देश के सामने खतरा है। बात विपक्ष के नेताओं और मुख्यमंत्री की नहीं है। बात आम आदमी पार्टी, कांग्रेस या इंडिया गठबंधन की भी नहीं है, बल्कि बात देश के लोकतंत्र की है। अगर यह देश चुप रहा तो आज अगर एक मुख्यमंत्री सरेआम गिरफ्तार को सकता है तो चुनाव के बाद कौन अपनी आवाज उठा पाएगा? अगर इतनी पुरानी पार्टी कांग्रेस का खाता सीज हो सकता है तो हर व्यापारी जो इनको चंदा नहीं देगा, उसका जबरदस्ती खाता सीज होगा। ये देश के हर नागरिक का खाता सीज करेंगे। जो इनके खिलाफ बोलने की जुर्रत करेगा, वो जेल के अंदर बंद किया जाएगा। इस देश में न तो किसी आंदोलन की गुंजाइश होगी न कुछ बोलने की गुंजाइश होगी। इस तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।

गोपाल राय ने कहा कि इन लोगों ने दिल्ली को पुलिस की छावनी बना दिया है। इस लड़ाई को और तेज और व्यापक स्तर पर लड़ने के लिए इंडिया गठबंधन ने फैसला किया है कि पूरी दिल्ली 31 मार्च को सुबह 10 बजे रामलीला मैदान में इकट्ठा होगी। दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली के तहत ‘31 तारीख को 10 बजे रामलीला मैदान चलो’ का नारा गूंजेगा। उन्होंने कहा कि मैं न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरे देश की जनता से ये अपील करता हूं कि संविधान और लोकतंत्र में विश्वास करने वाले सभी लोग, चाहे वो किसी भी राजनीतिक संगठन, सामाजिक संगठन या व्यापारिक संगठन के हो, जो लोग भी इस देश से प्यार करते हैं वो 31 मार्च को सुबह 10 बजे रामलीला मैदान पर पहुंचें। इस देश की तानाशाही को खत्म करने के लिए हम वहां से अपनी आवाज को बुलंद करेंगे और संयुक्त रूप से इस लड़ाई को और आगे बढ़ाएंगे।

भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव ने शहादत और गांधी जी ने “करो या मरो” का नारा इसलिए दिया था, ताकि हम लोकतंत्र की खुली हवा में सांस ले सकें- अरविंदर सिंह लवली

इस दौरान दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि आज पूरे देश में लोकतंत्र को खतरा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए मुहिम छेड़ रखी है। जब लोकतंत्र के उपर इतना बड़ा हमला हो रहा हो तो कांग्रेस पार्टी के पीछे होने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता है। कांग्रेस मजबूती के साथ देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों के साथ खड़ी है। यह दुख और चिंता का विषय केवल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और इंडिया गठबंधन के लिए नहीं है। यह तमाम भारतवासियों के लिए चिंता का विषय है। इसलिए लोकतंत्र की इस लड़ाई में शामिल होने के लिए खासतौर पर देश के भविष्य नौजवान पीढ़ी से अपील करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने कम उम्र में शहादत और महात्मा गांधी ने देश के लोगों को “करो या मरो” का नारा इसलिए दिया था कि हम लोकतंत्र की खुली हवा में सांस ले सकें। हम आजादी को महसूस कर सकें। लेकिन आज जिस तरह का माहौल है, इसकी कल्पना महात्मा गांधी और भगत सिंह समेत बाकी शहीदों ने नहीं की होगी। बीजेपी शासित केंद्र सरकार चुनाव में विपक्ष को “लेवल प्लेइंग फील्ड” भी नहीं देना चाहती और उसके लिए किसी भी तरह का हथकंडा अपनाने से गुरेज नहीं कर रही है। देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस का बैंक एकाउंट चुनाव से पहले सीज कर दिया जाता है और आप इसे लोकतंत्र कहते हैं। आप चुने हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अरविंद केजरीवाल को चुनाव से पहले गिरफ्तार कर लेते हैं। आप किस तरह का लोकतंत्र देश के अंदर लाना चाहते हैं। इस लोकतंत्र से रॉयल एक्ट की याद आती है, जिसमें नो अपील, नो वकील और नो दलील की बात होती थी। आज देश में इस तरह का ही माहौल बन गया है।

दिल्ली में होने जा रही यह महारैली इस सरकार के कुठाराघात के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान होगी- अरविंदर सिंह लवली

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम अपने देश को किस तरफ लेकर जाना चाहते हैं। मैं अपने मीडिया के साथियों से भी कहना चाहता हूं कि जिस तरह का माहौल चल रहा है, उसको देखकर लगता है कि आपके कैमरे पर भी प्रतिबंध लग जाएगा। इसलिए यह केवल हमारे लिए चिंता का विषय नहीं है। यह देश के सभी नागरिकों के लिए सोचने का समय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए दिल्ली में 31 मार्च को बड़ी रैली करने जा रहे हैं। इस रैली को इंडिया गठबंधन के तमाम घटक दलों के प्रमुख नेता संबोधित करेंगे। यह केवल राजनीतिक रैली नहीं होगी, बल्कि हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई की रैली होगी। यह रैली इस सरकार के कुठाराघात के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान होगी। यह रैली पूरे देश के लोगों को संदेश देगी कि हमारे पुरखों ने कुर्बानी देकर आजादी की जो लड़ाई लड़ी थी। उस कुर्बानी को जाया करने के इनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। आप एक तरफ तो दुनिया में भारत को “मदर ऑफ डेमोक्रेसी” कहते हो। लेकिन जब हिंदुस्तान के लोकतंत्र पर खतरा मंडराता है तो पूरी दुनिया में भारत की साख पर धब्बा लगता है। हम दुनिया के सामने भारत की साख के पर धब्बा लगने के इनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। मैं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के लोगों से रैली में शामिल होने क अपील करता हूं। दिल्ली के तमाम संगठन के लोग, सामाजिक संगठनों के लोग आगे आकर इस लड़ाई में अपना योगदान दें।

महारैली में वामपंथी दलों के शीर्ष नेता शामिल होकर केजरीवाल और दिल्लीवालों के साथ खड़े होंगे- राजीव कुंवर

इस दौरान सीपीआई-एम के राजीव कुंवर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के गिरफ्तार होते ही हमने तुरंत इसकी निंदा की। यह निंदा सिर्फ एक मुख्यमंत्री के गिरफ्तारी को लेकर नहीं, बल्कि जनतंत्र, लोकतंत्र और जनवाद पर हमले को लेकर भी है। इसलिए हमारी पार्टी अरविंद केजरीवाल, इंडिया गठबंधन या इस देश की किसी भी पार्टी के नेता की गिरफ्तारी के खिलाफ खड़ी होगी। चुनाव घोषित हो चुका है और उसके बाद इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। इलेक्टोरल बॉन्ड में साफ दिख रहा है और इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। इससे साफ संदेश है कि यह तानाशाह सरकार किसी भी विपक्ष को एक इंच भी जगह देने के लिए तैयार नहीं है। ये लोग जनतंत्र, लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टियों के लिए जगह छोड़ना नहीं चाहते हैं। इसके लिए हम लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमने शनिवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जाकर अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तार की खिलाफ आवाज उठाया। 31 मार्च को होने वाली रैली में सभी वामपंथी दल एकत्रित होंगे। हमारे शीर्ष नेता भी उस दिन मंच में आएंगे और अरविंद केजरीवाल के परिवार, आम आदमी पार्टी और दिल्ली की जनता के साथ खड़े होंगे। हम जनता से अपील करते हैं कि 31 मार्च को होने वाली महारैली में आकर अपना समर्थन दें।

राहुल गांधी महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और देश के कोने-कोने में जाकर आवाज उठा रहे हैं- सुभाष चोपड़ा

वहीं, दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि रामलीला मैदान में 31 मार्च को होने जा रही रैली इंडिया गठबंधन की है। इसमें शामिल होने के लिए गठबंधन के सभी पार्टियों के शीर्ष नेता आएंगे। यह रैली लोकतंत्र को बचाने के लिए है। जिस तरह से विपक्ष के नेताओं पर प्रहार किया जा रहा है। जिस तरह का माहौल देश के अंदर पैदा हो रहा है। लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ न्यायपालिका, विधायिका, कार्यपालिका और मीडिया के कमजोर होने पर देश और लोकतंत्र नहीं बच पाएगा। उन्होंने कहा कि यह रैली केंद्र में सत्ता के नशे में चूर सरकार को बताएगी कि देश का नागरिक कमजोर नहीं है। आज देश के अंदर महंगाई के खिलाफ लड़ाई हो रही है। आज देश के अंदर बेरोजगारी के खिलाफ हमारे नेता राहुल गांधी लड़ाई लड़ रहे हैं और देश के कोने-कोने में जाकर आवाज उठा रहे हैं। लेकिन उस आवाज को कुचला जा रहा है। उस आवाज को बुलंद करने, इस देश को जागरूक करने और बाबा साहब आंबेडकर के संविधान की रक्षा के लिए इस रैली का आयोजन हो रहा है। यह रैली देश के संविधान को बचाने के लिए है। यह रैली समाज हर वर्ग को बचाने के लिए है। यह रैली बेरोजगारी के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की टाइमिंग गौर करने वाली है। एक तरफ आचार संहिता लगी हुई है और दूसरी तरफ दिल्लीवालों के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया गया। दुनिया में आज इस बात की चर्चा हो रही है कि भारत में लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। यह रैली केंद्र सरकार को जता देगी कि हिंदुस्तान की जनता कमजोर नहीं है। हिंदुस्तान की जनता अपना हक लेना जानती है। हिंदुस्तान की जनता जानती है कि बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान की रक्षा कैसे करनी है।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia