Scrollup

नई दिल्ली, 16 अप्रैल 2024

आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में ‘जेल का जवाब वोट से’ संकल्प सभा की शुरूआत कर दी। त्रिलोकपुरी में ‘‘आप’’ दिल्ली के प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने नेतृत्व में हुई सभा में लोगों ने वोट के जरिए देश से तानाशाह मोदी सरकार को हटाने की शपथ ली। ‘‘आप’’ की पहली संकल्प सभा को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने कहा कि भाजपा को पता है कि अरविंद केजरीवाल बाहर होंगे तो इंडिया गठबंधन दिल्ली की सातों सीटें जीत जाएगी और उसकी जमानत जब्त हो जाएगी। इसीलिए मोदी जी ने चुनाव के बीच में केजरीवाल को जेल में डाल दिया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों को मुफ्त बिजली, पानी, अच्छे स्कूल-अस्पताल, महिलाओं को बस में सफर, बुजुर्गों को तीर्थयात्रा की सुविधाएं दी है और अब हर महिला को एक हजार रुपए महीना देने की भी घोषणा की है। मोदी सरकार दिल्लीवालों के सबसे प्रिय मुख्यमंत्री को जेल में डालकर अपमानित कर रही है। इसलिए अब चुप नहीं रहना है। अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े होने यही सही वक्त है। हमें मिलकर जेल का जवाब वोट से देना है।

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के त्रिलोकपुरी में ‘जेल का जवाब वोट से’ संकल्प सभा की। गोपाल राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव बिगुल बज चुका है और 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान है। चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है और दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा की केंद्र सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए केजरीवाल को जेल में डाल दिया। भाजपा वाले कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार किया है। इसलिए उनको गिरफ्तार किया। जब देश की राजनीति में ईमानदारी की बात होती है तो लोग केवल अरविंद केजरीवाल को ईमानदारी का आदर्श मानते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में ढेरों भ्रष्टाचार सरेआम घूम रहे हैं। अजीत पवार पर भाजपा वाले रोज भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे। भाजपा ने उनको उपमुख्यमंत्री बना दिया। भाजपा ने अशोक चौव्हान पर आदर्श घोटाले का आरोप लगाया, वो राज्यसभा सांसद बन गए। भ्रष्टाचार के आरोपी राघव मगुंटा के पिता मगुंटा राघव एनडी के प्रत्याशी बन गए, हिमंता बिश्वा सरमा असम के मुख्यमंत्ररी बन गए। भाजपा वाले देश के जिन बड़े-बड़े घोटालेबाजों का नाम जेब में लेकर घूमते थे, आज वो सारे भ्रष्टाचारी मोदी जी की बुलेट ट्रेन में घूम रहे हैं और देश का कट्टर मुख्यमंत्री केजरीवाल जेल में हैं। यह भारत के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि चुनाव के दौरान किसी मुख्यमंत्री को जेल में बंद कर दिया गया। आज पूरी दिल्ली के लोग भाजपा से पूछ रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल का गुनाह क्या है? क्या कोई आरोप साबित हुआ है, क्या कोई एफआईआर दर्ज हुई है। भाजपा ने डेढ़ साल से मनीष सिसोदिया को जेल में बंद कर रखा है। भाजपा की ईडी-सीबीआई ने हजारों जगह छापा मारा, लेकिन एक रुपए का भ्रष्टाचार नहीं मिला है।

गोपाल राय ने कहा कि भाजपा जानती है कि अरविंद केजरीवाल बाहर रहेंगे तो इंडिया गठबंधन दिल्ली की सातों सीटें जीत लेगी और उसकी जमानत जब्त हो जाएगी। इसलिए उनको जेल में डाल दिया। दिल्लीवालों ने भाजपा के सांसदों ने 10 साल काम करने का मौका दिया, लेकिन उन्होंने कोई काम नहीं किया। इसलिए भाजपा को 7 में से 6 सांसदों का टिकट काटना पड़ा। भाजपा बताए, अगर उसके सांसदों ने काम किया तो उसने उनके टिकट क्यों काटा? वहीं, अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों के लिए दिलो जान से काम किया। केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली, पानी, महिलाओं की बस यात्रा, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा फ्री किया। अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाया। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की हर महिला को हर महीने एक हजार रुपए सम्मान राशि देने का बजट पास किया। भाजपा के निकम्मे सांसदों की विदाई हो चुकी और केजरीवाल आज जेल में हैं।

गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल से उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल को आमने-सामने बैठ कर मिलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। मोदी सरकार अत्याचार की सारी सीमाएं पार कर रही है। अरविंद केजरीवाल पूरी दिल्ली की जनता के मुख्यमंत्री हैं अगर सरकार उनका इसी तरह अपमान करती रहेगी तो आप कब तक चुप रहकर सहते रहेंगे। अगर केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के लिए काम किया है तो आज अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े होने का वक्त है। हमारे पास वोट की ताकत है। हम लोग धरना प्रदर्शन करने जाते हैं तो गिरफ्तार कर लिया जाता है। विधायकों, पार्षदों को घर से नहीं निकलने दिया जाता है। बाबा साहब अंबेडकर को पता था, तभी उन्होंने संविधान में हर व्यक्ति को एक वोट का अधिकार दिया। अगर भाजपा के पास सत्ता की ताकत का अहंकार है तो हमारे पास वोट की ताकत का अधिकार है। हम इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे और जेल का जवाब वोट से देंगे।

जब से भाजपा ने केजरीवाल को जेल में डाला है, यह चुनाव दिललीवालों के लिए दिल का चुनाव बन गया है- कुलदीप कुमार

इस दौरान पूर्वी दिल्ली से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी कुलदीप कुमार ने कहा कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी के प्रचार को रोकने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में बंद कर दिया है। जिस मुख्यमंत्री को दिल्ली का जनता ने 2015 और 2020 में प्रचंड बहुमत से जिताया और फिर नगर निगम में भी आम आदमी पार्टी को चुना, लेकिन बीजेपी ने डर के मारे जेल में बंद कर दिया। एक चुने हुए मुख्यमंत्री को इस तरह से साजिश करके जेल में डालना हर दिल्लीवासी का अपमान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग मुझे अच्छे से जानते हैं। मैं इन्हीं गलियों में खेल कूदकर बड़ा हुआ हूं। मैं जोशी कॉलोनी की एक-एक गली को जानता हूं। अगर आप अरविंद केजरीवाल के जेल का बदला लेना चाहते हैं तो 25 मई को झाडू का बटन दबाना होगा, ताकि आपके लोकप्रिय मुख्यमंत्री जेल से बाहर आ सकें। आपको बटन दबाकर बीजेपी को ये बताना होगा कि अगर आप हमारे मुख्यमंत्री को जेल में डालोगे तो दिल्ली के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। ये चुनाव आम नहीं रह गया है। जबसे इन्होंने अरविंद केजरीवाल को जेल में डाला है, तब से यह चुनाव दिल्ली के लोगों के लिए दिल का चुनाव बन गया है। इसमें जीत दिल्लीवालों की ही होगी। कुलदीप कुमार ने कहा कि आप जब भी मुझे आवाज देंगे, मैं आपके बीच खड़ा मिलूंगा। एक तरफ वो लोग खड़े हैं जो बाबा साहब अंबेडकर से संविधान को बदलकर आपके अधिकार छीनना चाहते हैं और एक तरफ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल हैं जो बाबा साहब अंबेडकर के संविधान को देश में पूर्ण रुप से लागू कराना चाहते हैं।

लोगों ने ली ‘जेल का जवाब वोट से’ देने की शपथ

गोपाल राय की अपील पर संकल्प सभा में आए लोगों ने खड़े होकर अपनी मोबाइल की लाइट जलाई और शपथ लिया कि आज इस संकल्प सभा में मैं शपथ लेता हूं कि देश में भाजपा सरकार द्वारा की जा रही तानाशाही को हटाने के लिए और संविधान व लोकतंत्र को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। तानाशाह मोदी सरकार ने हमारे प्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को, जिन्होंने दिल्लीवालों को मुफ्त बिजली, पानी, शानदार शिक्षा-स्वास्थ्य, महिलाओं को बस यात्रा, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा और अब महिलाओं को एक हजार रुपए सम्मान राशि देने का एलान किया है, उन्हें जेल में बंद करके दिल्ली की जनता का अपमान किया है। हम यह अपमान नहीं सहेंगे और 25 मई को जेल का जवाब वोट से देंगे

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia