Scrollup

नई दिल्ली, 18 अप्रैल 2024

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के तिलक नगर और जनकपुरी में ‘जेल का जवाब वोट से’ संकल्प सभा की। यहां से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी महाबल मिश्रा के समर्थन में हुई सभा में मौजूद लोगों ने देश से तानाशाह सरकार को हटाने और संविधान-लोकतंत्र को बचाने की शपथ ली। इस दौरान गोपाल राय ने कहा कि यह चुनाव केवल प्रधानमंत्री, सांसद और मंत्री चुनने का नहीं है, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने का है। अगर इस बार चूक गए तो फिर इन लोगों से संविधान और लोकतंत्र बचाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बिना सबूत के सीएम केजरीवाल को जेल में डाल दिया, ताकि वो लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सकें। जेल में उनका सुगर 300 के पार चला गया है और मोदी सरकार के दबाव में जेल प्रशासन इंसुलिन नहीं लेने दे रहा है। जनता यह देख रही है और मोदी सरकार की तानाशाही का जवाब अपने वोट से देगी।

‘जेल का जवाब वोट से’ संकल्प सभा को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को केंद्र की तानाशाही सरकार ने जेल में बंद किया हुआ है। इस बार का लोकसभा चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। यह चुनाव केवल सांसद, मंत्री और प्रधानमंत्री बनाने का नहीं है, बल्कि इस बार का चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव बन चुका है। पिछले 2 साल से लगातार संविधान और लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। अगर आप इस बार चूक गए तो इस लोकसभा चुनाव के बाद संविधान और लोकतंत्र को बचाना मुश्किल हो जाएगा।

गोपाल राय ने संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने वाले मोदी सरकार के कुछ फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि देश के नए संसद में सत्र बुलाया गया तो एक दिन में विपक्ष के 170 सांसदों को निष्कासित कर दिया गया। विपक्ष के सारे सांसदों को बाहर कर केंद्र सरकार ने संसद को कब्जे में ले लिया और मनमाना कानून पास करना शुरु कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि अभी तो यह ट्रेलर है। यह सचमुच में संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने का ट्रेलर था। पूरे देश में जहां भी गैर बीजेपी सरकार है, वहां चुन-चुनकर सरकारों को तोड़ा और खरीदा जा रहा है। विपक्ष की सरकारों को खत्म करने की साजिश की जा रही है। अब इस देश में आने वाले समय में विपक्ष की सरकारें भी नहीं रहने दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आयोग चुनाव करवाता है। मोदी सरकार ने चुनाव आयोग की समिति से देश के मुख्य न्यायाधिश को बाहर कर दिया और चुनाव आयोग को अपनी मुट्ठी में कर लिया गया। देश के अंदर ईडी, सीबीआई और आईटी समेत सभी एजेंसियां इनकी मुट्ठी में हैं। कहते हैं कि ईडी निष्पक्ष काम करती है, लेकिन भाजपा वालों के दरवाजे पर जाने से डरती है। इस देश में एक भी छापा भाजपा के नेताओं पर नहीं पड़ता है। भाजपाई जिन नेताओं पर आरोप लगाती है, वो सब बीजेपी में शामिल होते जा रहे हैं और सबकी फाइलें बंद होती जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ये ट्रेलर है। कई जगह 400 पार के पोस्टर्स और होर्डिंग्स लगे हैं। सरकार बनाने के लिए तो 272 सीट चाहिए। फिर इनको 400 सीटें क्यों चाहिए? इनके नेता घर-घर जाकर लोगों से कह रहे हैं कि 272 से सरकार बनती है लेकिन हमें 400 सीट इसलिए चाहिए क्योंकि हमें संविधान बदलना है। संविधान और लोकतंत्र की हत्या का प्लान चल रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण दिल्ली में प्रचंड बहुमत से जीते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं, जिनको जेल में बंद कर दिया गया है। पहले उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल को आमने-सामने बैठा कर मिलने से मना कर दिया गया। जानकारी मिली है कि उनका शुगर लेवल बढ़कर 300 के पार चला गया है। लेकिन केंद्र सरकार के दबाव में जेल प्रशासन उन्हें इंसुलिन देने के लिए तैयार नहीं है। भारत में बहुत सरकारें आईं और गईं लेकिन आज तक किसी ने चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल में नहीं डाला। वो कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाला किया है। इसलिए उन्हें जेल में डाला है। बीजेपी बताए कि इनकी ईडी सीबीआई 2 सालों से जांच कर रही है। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जाल को भी जेल में डाल दिया। उन्होंने हजारों जगह छापा मारा, लेकिन एक रुपए का भ्रष्टाचार नहीं मिला। ये अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी का सबूत है। अगले 10 साल में भी कोई सबूत नहीं मिलने वाला है।

गोपाल राय ने कहा कि अजित पवार पर भाजपा वाले रोज भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे। भाजपा ने उनको उपमुख्यमंत्री बना दिया। भाजपा ने अशोक चौव्हान पर आदर्श घोटाले का आरोप लगाया, वो राज्यसभा सांसद बन गए। हिमंता बिस्वा सरमा असम के मुख्यमंत्री बन गए। भ्रष्टाचार के आरोपी राघव रेड्डी के पिता मगुंटा रेड्डी एनडीए के प्रत्याशी बन गए, जबकि उसने बीजेपी को 60 करोड़ रुपए दिए, इसका सबूत भी मौजूद है। दिल्ली की जनता ने एक बार नहीं बल्कि लगातार तीन बार प्रचंड बहुमत देकर अरविंद केजरीवाल को अपना मुख्यमंत्री बनाया है। केजरीवाल ने दिल्लीवालों के लिए दिलो जान से काम किया है। केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली, पानी, महिलाओं की बस यात्रा, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा फ्री किया। अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाया। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की हर महिला को हर महीने एक हजार रुपए सम्मान राशि देने का बजट पास किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा वाले पहले दिन से केजरीवाल सरकार के काम रोकने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन केजरीवाल ने भाजपा से कहा कि तुम्हारे पास केंद्र सरकार की ताकत है तो हमारे पास दिल्लीवालों की दुवाओं की ताकत है और हमने काम किया। भाजपा की केंद्र सरकार ने सर्विसेज मामले में सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की बेंच के फैसले को संसद में पलट दिया। फिर भी ये हमें काम करने से नहीं रोक पाए। इनके पास एक भी काम बताने के लिए नहीं है। जब एलजी से काम नहीं रोक पाए तो मुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया। यह पूरी दिल्ली का अपमान है। भाजपा ने केवल अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार नहीं किया है, बल्कि उन लाखों लोगों की भावनाओं को गिरफ्तार किया है जिन्होंने वोट देकर उनको मुख्यमंत्री बनाया।

गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को पैदा करने वाली जनता जेल के बाहर है। पुलिस हमें धारा 144 का हवाला देकर इकट्ठा नहीं होने देती है, लेकिन बीजेपी को कुछ नहीं बोलती है। हम लोग धरना प्रदर्शन करने जाते हैं तो गिरफ्तार कर लिया जाता है। विधायकों, पार्षदों को घर से नहीं निकलने दिया जाता है। इन्होंने अरविंद केजरीवाल को इसलिए गिरफ्तार कर लिया, ताकि वो प्रचार न कर पाएं। इनके पास सत्ता की ताकत है तो हमें बाबा साहब ने वोट की ताकत दी है। उन्होंने दिल्लीवालों से अपील करते हुए कहा कि अगर आपको दिल से लगता है कि अरविंद केजरीवाल ने आपके लिए कुछ किया है, वो आपके परिवार और बच्चों की चिंता करता हैं और उनके लिए काम करते है तो आज आपका बेटा और भाई अरविंद केजरीवाल तकलीफ में है, जेल में अत्याचार सह रहे हैं। हमें घर-घर जाकर लोगों को समझाना होगा। 25 मई इस लड़ाई का अहम दिन है। आपको इस तानाशाही का जवाब अपने वोट से देना होगा

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia