आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण धरना कर रहे बच्चों पर बुधवार की रात कठोर कार्रवाई होने की संभावना पर मोदी सरकार को आगाह किया है। उन्होंने पूछा कि क्या केंद्र सरकार बच्चों पर आज रात कठोर कार्रवाई करेगी? मेरी सरकार से अपील है कि इस तरह का कोई भी दुस्साहस ना करें। यह कार्रवाई सरकार को बहुत भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जंतर मंतर के आसपास इंटरनेट सेवा बंद करके सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। इससे आशंका बढ़ गई है। उन्होंने सरकार से कहा कि ये बच्चे जेन-जी है। ये किसी से नहीं डरते। सरकार इन्हें जितना दबाएगी, ये उतने ही मजबूत होते जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी यह सुनने में आ रहा है कि जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट बंद कर दिया गया है। यह भी सुनने में आ रहा है कि वहां सुरक्षा बहुत ज्यादा कड़ी कर दी गई है और भारी संख्या में सुरक्षा बल व पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई हैं। लोगों को यह शक है कि कहीं आज रात जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में कोई बड़ा क्रैकडाउन तो नहीं होने वाला है।
अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से कहा कि मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि इस तरह का दुस्साहस मत करना। आपने सोचा था कि सोनम वांगचुक को उठा लेंगे तो धरना खत्म हो जाएगा, लेकिन उन्हें उठाने के बाद धरना और बड़ा हो गया। आपने सोचा था कि सोमवार को संसद मार्च के दौरान लाठीचार्ज करके और आंसू गैस के गोले छोड़कर बच्चों को डरा देंगे, उनमें दहशत पैदा कर देंगे, लेकिन उसके बाद यह आंदोलन और भी बड़ा हो गया।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि इसलिए मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि इस तरह का दुस्साहस मत कीजिएगा, यह आपको बहुत भारी पड़ेगा। ये बच्चे जेन-जी हैं, ये किसी से डरते नहीं हैं। आप इन्हें जितना दबाने की कोशिश करेंगे, ये उतने ही मजबूत होते जाएंगे और इनके मन का डर निकलता जाएगा। इसलिए कृपया हमारे बच्चों और हमारे युवाओं के ऊपर किसी भी तरह का कोई क्रैकडाउन नहीं होना चाहिए।