गुजरात जीतने के मेगा प्लान के तहत गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात जोड़ो अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि गुजरात में बदलाव की बयार चल रही है। अब गुजरात जुड़ेगा, अब गुजरात बदलेगा और 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। 30 साल कांग्रेस ने और 30 साल बीजेपी ने राज किया। अब बीजेपी की हार तय है। विसावदर उपचुनाव का संदेश साफ है कि गुजरात की जनता ने ‘‘आप’’ को एक मजबूत विकल्प मान लिया है। उन्होंने 9512040404 नंबर जारी कर अपील की कि इस नंबर पर मिस्ड कॉल कर गुजरात में ‘‘आप’’ से जुड़ें। हम सब मिलकर हंसता खेलता, तरक्की और विकास वाला गुजरात बनाएंगे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी गोपाल राय, प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी, विसावदर के विधायक गोपाल इटालिया, प्रदेश संगठन महामंत्री मनोज सोरठिया और डेडियापाडा के विधायक चैतर वसावा भी मौजूद रहे।
गुरुवार को अहमदाबाद में गुजरात ‘‘आप’’ के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी और प्रभारी गोपाल राय के साथ प्रेसवार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि विसावदर विधानसभा उपचुनाव में “आप” के गोपाल इटालिया को जनता ने जबरदस्त बहुमत दिया। 2022 में भी “आप” ने विसावदर की सीट जीती थी। लेकिन इस बार जो जीत का अंतर है, वह 2022 के मुकाबले तीन गुना ज्यादा है। विसावदर की यह जीत 2027 के आम चुनाव का सेमीफाइनल है। पिछले 30 साल से गुजरात में भाजपा की सरकार है और इन 30 सालों में भाजपा ने गुजरात को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सूरत में जिस तरह से बाढ़ आ रही है, जहां अपर मीडिल क्लास ने करोड़ों रुपए के घर ले रखे हैं, उनके ड्राइंग रूम और बेडरूम में पानी घुस गया है, उनके टीवी पानी में तैर रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से दस साल पहले सूरत का यह हाल नहीं था। यह केवल मनुष्य द्वारा बनाई गई समस्या है। सूरत में बाढ़ की समस्या बीजेपी वालों के भ्रष्टाचार का नतीजा है। दो साल पहले वडोदरा और जूनागढ़ में भी बाढ़ आई थी। क्योंकि इन्होंने बिल्डरों के साथ मिलकर पानी की निकासी को पूरी व्यवस्था को रोक दिया है और पानी लोगों के घरों में भर रहा है। गुजरात में सड़कों का बुरा हाल है। किसानों को बीज, बिजली, पानी, खाद नहीं मिल रही है। किसान दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। युवाओं का भी बुरा हाल है। रोज पेपर लीक हो रहे हैं। इनसे पेपर ठीक से नहीं कराए जाते। रोजगार नहीं है। गुजरात सरकार में आधी से ज्यादा सरकारी भर्तियां खाली पड़ी हैं। सारी भर्तियां कॉन्ट्रैक्ट पर की जाती हैं। कर्मचारियों को उनके पूरे अधिकार नहीं मिलते, उनका शोषण होता है। गुजरात में हर तबका दुखी है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात का हर तबका बीजेपी की सरकार से त्रस्त है, फिर भी भाजपा बार-बार चुनाव जीतती आ रही है। इसका एकमात्र कारण यह है कि अभी तक गुजरात के लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था। लोग कहते हैं कि वह बीजेपी को हराना चाहते हैं, लेकिन किसे वोट दें? सब जानते हैं हैं कि कांग्रेस, भाजपा की जेब में है। एक तरह से कांग्रेस को हर चुनाव में भाजपा को जिताने का ठेका दिया जाता है और बीजेपी को कांग्रसे बहुत अच्दे से जिताती है। लोेेगोें का कांग्रेस पर भरोसा नहीं है। लोगों को पता है कि अगर गलती से कांग्रेस का प्रत्याशी जीत भी गया, तो वह बीजेपी में चला जाएगा। लेकिन अब गुजरात में “आप” आ गई है। अब गुजरात के लोग आम आदमी पार्टी को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह से लोगों ने विसावदर में ‘‘आप’’ को जमकर वोट दिया, उनका यह गुस्सा पूरे गुजरात में व्याप्त है। अब गुजरात के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है। पहले 30 साल कांग्रेस ने राज किया और अब 30 साल से बीजेपी राज कर रही है। अब समय का चक्र पूरा घूम गया है। बीजेपी का जाने का समय आ गया है। गंुजरात में “आप” की सरकार बनेगी। गुजरात चुनाव के लगभग ढाई साल बचे हैं। इन ढाई साल तक “आप” गुजरात में जमकर प्रचार करेगी, घर-घर जाएगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस परिप्रेक्ष्य में गुरुवार से हम लोग ‘गुजरात जोड़ो अभियान’ शुरू कर रहे हैं। इस अभियान के दो हिस्से हैं। उन्होंने 9512040404 नंबर जारी कर कहा कि गुजरात के लोग इस नंबर पर मिस्ड कॉल कर “आप” के साथ जुड़ सकते हैं। दूसरा, “आप” के कार्यकर्ता हर घर में जाएंगे। हमारा लक्ष्य है कि आगामी चुनाव तक गुजरात का हर घर कम से कम पांच बार “आप” के कार्यकर्ता या नेता कवर करें।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि “आप” युवाओं की पार्टी है। हमारे ज्यादातर नेता 40 साल से कम उम्र के हैं। गुजरात के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवा “आप” में शामिल हों। जो युवा गुजरात व परिवार की तरक्की, भ्रष्टाचार मुक्त गुजरात चाहता है, वह “आप” में शामिल हो। यह एक हवन है और इसमें दो साल अपनी आहुति दें। अगर काम से छुट्टी ले सकते हैं, तो ले लें। मैं पार्टीबाजी करने नहीं आया हूं। अगर गुजरात के लोग अपने प्रदेश की तरक्की चाहते हैं, तो अपनी पार्टियां छोड़कर “आप” में शामिल हों। हम मिलकर एक हंसता-खेलता, तरक्की और विकास वाला गुजरात बनाएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं है। अगर गठबंधन होता, तो कांग्रेस विसावदर में आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ी होती। कांग्रेस विसावदर में ‘‘आप’’ को हराने आई थी। भाजपा ने कांग्रेस को भेजा था कि आम आदमी पार्टी के वोट काटो, लेकिन कांग्रेस ने ठीक से काम नहीं किया, तो भाजपा ने उन्हें डांट भी लगाई। इंडिया गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था, अब हमारी तरफ से कोई गठबंधन नहीं है।