पिछले 11 दिनों से समान कार्य के लिए समान वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर सिविक सेंटर के बाहर हड़ताल पर बैठे 5 हजार से ज्यादा एमटीएस कर्मचारियों से सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के कई विधायक और पार्षदों ने मुलाकात की। संजय सिंह ने कर्मचारियों को भरोसा दिया कि आम आदमी पार्टी उनकी मांगों के समर्थन में है और भाजपा समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को पूरा करना ही होगा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी समान कार्य पर समान वेतन देने का आदेश दिया, लेकिन भाजपा इसे मानने के लिए तैयार नहीं हैं। भाजपा सरकार के चारों इंजन कबाड़ हो चुके हैं। इसलिए काम नहीं कर रही है। इसे ठीक करने का सही रास्ता आंदोलन, संघर्ष और लड़ाई ही है। इस अवसर पर कोंडली विधायक कुलदीप कुमार, करोलबाग विधायक विशेष रवि, मटिया महल विधायक आले मोहम्मद इकबाल, एमसीडी सह-प्रभारी श्री प्रवीण कुमार, प्रीति डोगरा समेत पार्टी के सभी निगम पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में हर बात पर दिल्ली के एलजी खड़े हो जाते थे, उनके पेट में दर्द होने लगता था। लेकिन आज 11 दिन से एमटीएस कर्मचारी धूप में तप रहे हैं, लेकिन एलजी लापता हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास कर्मचारियों से मिलने का समय नहीं है। एमसीडी मेयर राजा इकबाल सिंह एसी कमरे में बैठे हैं। बुधवार को रेखा गुप्ता ने कर्मचारियों मिलने से इंकार कर दिया। कोरोना में इन्होंने जान जोखिम में डालकर दिल्ली की सेवा की और सैनिटाइजेशन किया। आज ये समान वेतन के लिए लड़ रहे हैं, इसलिए भाजपा सरकार को इनकी मांग को पूरा करना होगा।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने इन कर्मचारियों को एमसीडी में एमटीएस का दर्जा दिलाया। सुप्रीम कोर्ट ने भी समान काम-समान वेतन का आदेश दिया। आम आदमी पार्टी ने उनके लिए काम किया और आज भी इस लड़ाई में उनके साथ हैं। हम गुनहगार को गुनहगार कहेंगे। भाजपा की चार इंजन वाली सरकार फुकी हुई है, जो काम नहीं कर रही। इसे ठीक करने का रास्ता आंदोलन, संघर्ष और लड़ाई है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट तक ने यह माना है कि समान कार्य पर समान वेतन होना चाहिए। लेकिन ये लोग सुप्रीम कोर्ट को मानने वाले लोग नहीं हैं। इनका साहस देखिए, भारत के मुख्य न्यायाधीश की माता जी ने आरएसएस के कार्यक्रम में जाने से मना किया, तो आज उसी आरएसएस और भाजपा ने मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकवाने की साजिश रची। ये लोग सुप्रीम कोर्ट, सांसद और विपक्ष की पार्टियों-सांसदों को कुछ नहीं मानते। इसलिए एक ही रास्ता आंदोलन, संघर्ष और लड़ाई का बचता है। आम आदमी पार्टी इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
संजय सिंह ने कहा कि इन लोगों ने आम आदमी पार्टी को दबाने की हर संभव कोशिश की। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और मुझे जेल में डाला गया। हमारा गुनाह यह था कि हम बच्चों को अच्छे स्कूल, अस्पताल, और कर्मचारियों को अधिकार दे रहे थे। दिल्लीवासी सात-आठ महीनों में ही भाजपा सरकार को परख चुके हैं। आज बिजली कट रही है, बारिश में दिल्ली दरिया बन जाती है। ये भाजपा के चार फुके इंजन की सरकार है। इनसे सरकार चल नहीं पा रही है। पूरी दिल्ली की जनता परेशान है।
उधर, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि इन कर्मचारियों की हड़ताल को 11 दिन हो गए। लेकिन भाजपा मेयर राजा इक़बाल सिंह और स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अब तक न तो उनकी मांगें मानीं और न ही हड़ताल स्थल पर जाकर कर्मचारियों का हाल पूछा। शुक्रवार को करवा चौथ का पावन त्यौहार है। देशभर की महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखेंगी, लेकिन इन 5200 परिवारों के घरों में आज मायूसी है। भाजपा सरकार ने उन महिलाओं की उम्मीद तोड़ दी और उनका करवा चौथ भी फीका कर दिया। मोदी जी ने देश की माताओं-बहनों की रक्षा और सम्मान का वादा किया था लेकिन अब वही माताएं और बहनें अपने परिवार के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब मेहनतकश कर्मचारियों को उनका हक़ नहीं मिलता है तो यह सिर्फ़ एक विभाग की लड़ाई नहीं होती, बल्कि इंसाफ़ बनाम अन्याय की लड़ाई बन जाती है। “आप” पार्टी इन कर्मचारियों के साथ तब तक खड़ी रहेगी जब तक इन्हें उनका पूरा अधिकार नहीं मिल जाता।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए “आप” के एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि पिछले 12 दिनों से 5 हजार एमटीएस कर्मचारी सड़क पर धूप-गर्मी में तप रहे हैं। यहां से महज 5 मीटर दूर मेयर राजा इकबाल सिंह एसी कमरे में बैठे हैं। भाजपा की चार इंजन वाली सरकार के पास पूरी दिल्ली में घूमकर अपना झूठा प्रचार करने का समय है, लेकिन कर्मचारियों से मिलने भाजपा का कोई नेता, मंत्री या विधायक नहीं आया। बुधवार को कर्मचारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास मार्च लेकर गए, लेकिन उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया। क्या ये बाहर के लोग हैं? रेखा गुप्ता खुद पार्षद रही हैं, मेयर का चुनाव लड़ चुकीं। कोरोना में इन्हीं कर्मचारियों ने सैनिटाइजेशन किया, जब कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। आज डेंगू-मलेरिया कर्मचारी पेट पालने और समान वेतन के हक के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन भाजपा के कान पर जूं नहीं रेंग रही। आम आदमी पार्टी इनके साथ खड़ी है। हमने इन्हें एमटीएस का दर्जा दिलाया था और समान कार्य, समान वेतन भी संघर्ष से दिलाकर रहेंगे।