दिल्ली की जनता जलभराव, साफ पानी की किल्लत, बिजली कटौती समेत तमाम समस्याओं से जूझ रही है और भाजपा सरकार इसकी चिंता छोड़ माया महल और रंग महल बनाने में व्यस्त है। मंत्री कपिल मिश्रा को आवंटित बंगले में अब एसी, टॉयलेट, खिड़कियां, पर्दे, पंखे सब बदले जाएंगे। इसके लिए एक करोड़ रुपए का टेंडर किया गया है। जबकि सीएम रेखा गुप्ता ने अपने माया महल के रिनोवेशन के लिए 60 लाख रुपए का जारी टेंडर रद्द कर दिया है। शायद अब वह 5-7 करोड़ रुपए का टेंडर कर माया महल को और आलीशान बनाने की सोच रही हैं। गुरुवार को आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा कैसे पूरा करेगी, इस बात की किसी को चिंता नहीं है।
“आप” नेता व विधायक अनिल झा ने बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि दिल्ली में भाजपा की नई सरकार को बने हुए 4-5 महीने हो गए हैं। भाजपा 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। यह पार्टी विद डिफरेंस, सुचिता थी और समाज के सबसे निचले पायदान के व्यक्ति के कल्याण के लिए सबसे पहले काम करने की बात करती थी। इन पांच महीनों में भाजपा की सच्चाई दिल्ली की जनता के सामने है। जब भाजपा विपक्ष में थी, तब खूब हंगामा करती थी। भाजपा कहती थी कि जनता के पैसे का दिल्ली के कल्याण पर खर्च होना चाहिए, आज वही भाजपा मायामहल बनाने की योजना बना रही है। भाजपा सरकार ने मायामहल की योजना बनाई, उसमें मुख्यमंत्री रहतीं। मायामहल के रिनोवेशन के लिए टेंडर भी हो गया। हालांकि अब यह टेंडर भी रद्द कर दिया गया है।
अनिल झा ने कहा कि माया महल के बाद अब 9 श्यामनाथ मार्ग पर एक नया रंग महल का निर्माण हो रहा है। रंग महल को सजाने-संवारने के लिए करीब एक करोड़ रुपए का टेंडर हुआ है। रंग महल में रिमोट वाले पंखे, एसी-टॉयलेट्स बदले गए हैं। टॉयलेट में स्टैंड होगा, जिसमें न्यूज पेपर रखा जाएगा। टॉयलेट में टीवी, एसी होंगे। माया महल की गुप्त योजना इस रंग महल में बनाई जाएंगी। गुप्त योजना बनाने वालों को अगर शौचालय जाना पड़ा तो उनको गर्मी से पसीने न आए, इसके लिए एसी लगाए जाएंगे।
अनिल झा ने कहा कि मुझे नहीं पता था कि ये लोग इतनी जल्दी बदल जाएंगे। इन लोगों में नजाकत कुछ ज्यादा ही आ गई। 9 श्यामनाथ मार्ग कपिल मिश्रा को अलॉट हुआ है। वहां सारी खिड़कियां, दरवाजे, बाथरूम बदले जाएंगे। कपिल मिश्रा कहते हैं कि सब बदल डालूंगा। माया महल का टेंडर तो कैंसिल हो गया। शायद मुख्यमंत्री को लगता है कि वह तो मुख्यमंत्री हैं, मेरा टेंडर तो 60 लाख रुपए का ही था, कपिल मिश्रा के रंग महल का टेंडर एक करोड़ का कैसे हो गया? इसलिए शायद वह अब अपने मायामहल के रिनोवेशन में 5-7 करोड़ रुपए खर्च करना चाहती हों। दिल्ली के लोगों को भाजपा अपने वादे के अनुसार 2500 रुपए महीना कैसे देगी, इस बात की उसको कोई चिंता नहीं है। भाजपा के मंत्रियों को इस बात चिंता है कि टॉयलेट में कौन सा एसी लगेगा।
अनिल झा ने कहा कि जो भाजपा सुचिता की राजनीति करने और जनता के मूल्यों के साथ काम करने की बात करते थे, बुधवार को हुई दिल्ली में बारिश में उनके सारे दावे धुल गए। दिल्ली की जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा दिल्ली में सामाजिक मूल्यों के आधार पर सरकार नहीं चला रही है। पांच महीने में भी दिल्ली की जनता को दिख गया कि भाजपा के लोगों पर सिर्फ पूंजीवाद हावी है। ये लोग सिर्फ पूंजीपतियों के लिए योजनाएं बन रहे हैं और सामाजिक मूल्यों को दरकिनार कर दिया है।
अनिल झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा शिक्षा, बिजली, महिलाओं और जन कल्याण की योजनाओं पर पहले काम किया जाना चाहिए। भाजपा की सरकार से दिल्लीवालों को कुछ नहीं मिलां। अब भाजपा की सरकार कह रही है कि दिल्ली में 60-80 हजार नकली पेंशन धारक है, उसे हटाएंगे। यह गलत बोल रहे है। सच यह है कि सरकार निराश्रित महिलाओं की पेंशन रोकने की कोशिश कर रही है। एक तरफ मंत्री अपना रंग महल और माया महल बना रहे हैं, 14 गाड़ियों में चल रहे हैं और दूसरी तरफ दिल्ली के झुग्गियों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। भाजपा की सरकार जातिगत, धार्मिक, आर्थिक आधार पर झुग्गियों पर बुलडोजर चला रही हैं। हम इसकी निंदा करते हैं।
अनिल झा ने कहा कि दिल्ली की जनता को भाजपा सरकार की प्राथमिकताएं अब समझ में आ गई है। यह वही भाजपा के नेता हैं, जो चुनाव से पहले कहते थे कि जैसा कार्यालय मिलेगा, वहीं से सरकार चला लेंगे। आज मुख्यमंत्री जिस कार्यालय में बैठ कर सरकार चला रही हैं, उसे भी पिछली सरकार ने रिनोवेट किया था। मुख्यमंत्री को उस कार्यालय में भी नहीं बैठना चाहिए। ये लोग कह रहे हैं कि पिछली सरकार ने जिन आवासों को रिनोवेट किया है, उसे होटल बनाएंगे। भाजपा दोहरा मानदंड न अपनाए। जबकि भाजपा के नेता पिछली सरकार से कहीं अधिक विलासिता के बंगले, रंग महल, माया महल बना रहे हैं। भाजपा सरकार जन कल्याणकारी कामों की प्राथमिकता छोड़कर जनता के टैक्स के पैसे से रंग महल बना रही है। “आप” इसकी घोर निंदा करती है।