दिल्ली की जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाकर सत्ता में आई भाजपा ने अपने 100 दिन के कार्यकाल में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा 100 दिन के कार्यकाल को हर मोर्चे पर असफल बताया है। ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने रेखा गुप्ता की भाजपा सरकार के 100 दिन, रिपोर्ट कार्ड फेल का एक फोटो एक्स पर पोस्ट करते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भाजपा की दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने वाले हैं। बिजली, पानी, स्कूल, जल-भराव- हर पक्ष में सरकार फेल है। शुक्रवार को हम भाजपा की दिल्ली सरकार का 100 दिन का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे।
उधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी इसी फोटो को एक्स पर साझा किया है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में भाजपा सरकार के 100 दिन का लेखा-जोखा शुक्रवार को जनता के सामने रखने जा रही है। उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा कि आप भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल करने के लिए अपने सुझाव भेज सकते हैं।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि भाजपा सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में दिल्ली की जनता को लंबे-लंबे पावर कट से जूझना पड़ा है। पावर कट का सिलसिला जारी है, जबकि अभी भीषण और उमस भरी गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार में दिल्लीवालों को 24 घंटे बिजली मिलती थी। ‘‘आप’’ सरकार में दिल्ली में सबसे सस्ती बिजली भी मिलती थी, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही बिजली भी महंगी कर दी है। ‘‘आप’’ सरकार में शिक्षा माफिया का खात्मा हो चुका था, लेकिन भाजपा के आते ही प्राइवेट स्कूलों ने मनमाने तरीके से 30 से 80 फीसद तक फीस बढ़ा दी है। जबकि ‘‘आप’’ सरकार में फीस बढ़ाने की इनकी हिम्मत नहीं होती थी।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि भाजपा सरकार में जल संकट गहराता जा रहा है। कई इलाकों में पानी नहीं आ रहा है, जहां आ भी रहा है तो गंदा पानी आ रहा है। टैंकर माफिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा सरकार के इन 100 दिनों में दिल्ली ने यह भी देखा कि कई बार एक्यूआई 500 के पार पहुंच गया। इससे पहले गर्मी के दिनों में कभी भी एक्यूआई 500 के पार नहीं पहुंचा था।
‘‘आप’’ का कहना है कि भाजपा ने चुनाव के दौरान दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया था। यह भी कहा था कि पहली कैबिनेट की बैठक में यह स्कीम पास कर दी जाएगी, लेकिन अभी तक महिलाएं अपने खाते में 2500 रुपए आने का इंतजार कर रही हैं। इसी तरह भाजपा ने होली पर मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया और कहा था कि दिल्ली में लोगों को 500 रुपए में सिलेंडर दिए जाएंगे। लेकिन सरकार बनते ही ये वादे भी भूल गई। दिल्लीवालों को होली पर न तो मुफ्त सिलेंडर मिला और ना ही 500 रुपए में सिलेंडर दिया जा रहा है। भाजपा की सरकार अपने 100 दिन के कार्यकाल में सिर्फ दिल्लीवालों की परेशानियां ही बढ़ाई है।