आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में जगह जगह नए कूड़े के पहाड़ खड़े कर रही चार इंजन वाली भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया है। रविवार को दिल्ली नगर निगम में “आप” के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग और सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने भाजपा सरकार द्वारा मुंडका के रामा विहार में बनाए जा रहे कूड़े के पहाड़ का दौरा किया। इस दौरान अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली के रामा विहार में कूड़े का चौथा पहाड़ बना रही है। रामा विहार के साथ ही मजलिस पार्क, निरंकारी मैदान, कादीपुर और बुराड़ी में भी कूड़ा व मलबा डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवालों को तीन कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति दिलाने के भाजपा के वादे की अब पोल खुलती जा रही है।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में तीन कूड़े के पहाड़ होने की बात कही जाती थी, लेकिन भाजपा सरकार अब रामा विहार में चौथा कूड़े का पहाड़ बना रही है। कूड़ा, सिल्ट और मलबा यहां डाला जा रहा है, जिससे मिट्टी और जल प्रदूषण हो रहा है। एक तरफ भाजपा दावा करती है कि वे कूड़े के पहाड़ हटा रहे हैं, दूसरी तरफ नए पहाड़ बना रहे हैं। उन्होंने इसे दिल्ली सरकार और एमसीडी की पूर्ण नाकामी बताया।
अकुंश नारंग ने बताया कि मुंडका ही नहीं, मजलिस पार्क, निरंकारी ग्राउंड, कादीपुर और बुराड़ी में भी ऐसी स्थिति है, जहां कूड़े के नए पहाड़ बनाए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छ भारत अभियान की बात करते हैं, मुख्यमंत्री और मेयर स्वच्छता अभियान का दावा करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मुंडका में कूड़ा और 7 फुट पानी जमा है।
वहीं, एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके भाजपा मंत्री कूड़े के पहाड़ हटाने की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में भलस्वा और बुराड़ी के कूड़े को रामा विहार में शिफ्ट किया जा रहा है। इससे मिट्टी प्रदूषण और बीमारियां फैल रही हैं। उन्होंने मांग की कि डंपिंग यार्ड बंद किया जाए और रामा विहार की स्थिति सुधारी जाए।
प्रवीण कुमार ने रेखा गुप्ता और मेयर राजा इकबाल सिंह से सवाल किया कि दिल्ली के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों? अपनी नाकामी छिपाने के लिए कूड़े के पहाड़ हटाने का दावा कर नए मौत के कुएं क्यों बनाए गए? उन्होंने इसे शर्मनाक बताया। साथ ही, रामा विहार और दिल्ली के अन्य इलाकों में अवैध डंपिंग यार्ड तुरंत बंद किए जाएं, क्योंकि यह मिट्टी प्रदूषण और बीमारियों का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि कूड़े का इस तरह निस्तारण गैरकानूनी है और इसका कोई उचित तरीका नहीं अपनाया जा रहा। उन्होंने भाजपा के इस रवैये की कड़ी निंदा की और कहा कि आम आदमी पार्टी आगे भी इस फर्जीवाड़े का खुलासा करते रहेगी।