भाजपा की चार इंजन सरकार में दिल्ली के अंदर यमुना नदी भारी प्रदूषण की मार से कराह रही हैं। दिल्ली की सत्ता में आने के बाद भाजपा ने यमुना की सफाई के तमाम बड़े-बड़े दावे तो किए, लेकिन जमीनी हकीकत उसके दावों की पोल खोल रहे हैं। बुधवार को कालिंदी कुंज घाट पर यमुना के पानी में हर तरफ फैले जबरदस्त सफेद झाग ने साफ कर दिया कि भाजपा सरकार द्वारा यमुना की सफाई अभियान सिर्फ कागजों में चल रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस झाग युक्त यमुना के पानी के वीडियो को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत कई अन्य नेताओं ने साझा किया है।
आम आदमी पार्टी ने इस वीडियो को अपने आधिकारी एक्स हैंडल पर साझा करते हुए कहा कि यमुना जी के जल में प्रदूषण की वजह से पैदा हुआ यह झाग बता रहा है कि पानी में अमोनिया समेत कई अन्य विषाक्त कैमिकल भयंकर मात्रा में हैं। लेकिन भाजपा की चार इंजन की खटारा सरकार और नेताओं के हिसाब से वह यमुना जी की युद्धस्तर पर सफाई करा रहे हैं। भाजपाइयों के काम की हकीकत यह वीडियो बयान कर रही है।
उधर, आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने इस वीडिया को एक्स पर साझा करते हुए कहा कि यह भाजपा की चार इंजन की सरकार का कमाल है। इतना प्रदूषण यमुना के इतिहास में आज तक कभी नहीं हुआ। इसके अलावा, इस वीडियो को कई अन्य नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी साझा कर रहे हैं और भाजपा को उसके वादे याद दिला रहे हैं।