भाजपा का डबल इंजन कबाड़ा हो चुका है। इनसे दिल्ली नहीं संभल रही है, देश में कानून व्यवस्था कैसे संभालेंगे? दिल्ली में डबल इंजन की सरकार है, लेकिन कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। दिल्ली में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री समेत तमाम देशों के राजदूत रहते हैं, लेकिन भाजपा से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है। लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। इनका डबल इंजन बर्बाद हो चुका है। सीलमपुर में हुई नाबालिग बच्चे की निर्मम हत्या को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल दंगा प्रभावित इलाके में जा रहे हैं तो फिर दिल्ली के एलजी को भी जाकर सीलपुर हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए।
सांसद संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा वाले अब कहां छिपे हैं? अब तो दिल्ली में डबल इंजन की सरकार है। मैंने संसद में दिल्ली में अपराध का मुद्दा भी उठाया था। जिस दिल्ली में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, सांसद, कैबिनेट मंत्री, दुनिया के तमाम राजदूत रहते हैं, वहां अपराध चरम पर है। कोर्ट के अंदर हत्या हो जा रही है। दिल्ली में महिला के साथ गैंगरेप के बाद उसे कई किलोमीटर तक घसीटा जाता है। अगर भाजपा से देश की राजधानी नहीं संभल रही है, तो ये देश में कानून-व्यवस्था कैसे संभालेंगे?
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा वाले पश्चिम बंगाल को लेकर रोज आग उगलते हैं, लेकिन जब उनके शासित राज्यों में घटनाएं होती हैं तो उस पर खामोश हो जाते हैं। भाजपा के नेता, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और दिल्ली की मुख्यमंत्री कुछ नहीं बोलते हैं। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल दंगा स्थल का दौरा करने जा रहे हैं, लेकिन दिल्ली के एलजी को मौके पर क्यों नहीं जा रहे हैं? एलजी को भी पीड़ित परिवार से मिलने जाना चाहिए और अपराध को देखना चाहिए। इसलिए मैं कहता हूं कि भाजपा विपक्ष की राज्य सरकारों के प्रति दुर्भावना रखकर काम करती है।
संजय सिंह ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी सरकार में थी, तब भी हम कहते थे कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था खराब है। इसे संभालने की जिम्मेदारी भाजपा की केंद्र सरकार की है, उसे ठीक करना चाहिए। लेकिन इन्होंने कोई काम नहीं किया। वहीं, आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली के सरकारी स्कूल-अस्पताल ठीक किए थे, जिसे दो महीने में ही बर्बाद करने के लिए यह लोग जरूर आ गए। निजी स्कूलों ने बच्चों की फीस बढ़ा दी। दिल्ली में लंबी-लंबी बिजली कटौती होने लगी है और अब ये लोग मोहल्ला क्लीनिक भी बंद कर रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि अब देश की राजधानी दिल्ली में लोग पलायन के पोस्टर लगा रहे हैं। इस पर भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री से सवाल पूछा जाना चाहिए कि अपराध को नियंत्रित करने के लिए भाजपा, गृह मंत्री, प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं? हर साल दिल्ली में 500 से ज्यादा हत्याएं हो रही हैं। सड़कों पर गैंगवार हो रहे हैं। यह कोई मामूली बात नहीं है। दिल्ली में कोर्ट के अंदर हत्या हो रही हैं। जहां न्याय के लिए लोग जाते हैं। दिल्ली में अब डबल इंजन की सरकार है, अपराध नियंत्रित करने के लिए सख्त और ठोस कदम उठाने चाहिए। लेकिन भाजपा का डबल इंजन कबाड़ा हो चुका है।
संजय सिंह ने पश्चिम बंगाल में हुए दंगे को लेकर कहा कि राज्यपाल दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा करना चाहते हैं, क्योंकि वह वही करेंगे, जो भाजपा कहेगी। भाजपा हमेशा देश का माहौल खराब करने में सक्रिय रहती है। जहां विपक्ष की सरकार है, वहां आग लगाना है और जहां उनकी अपनी सरकार है, वहां भी आग लगाना है। बर्बादी का दूसरा नाम भाजपा है। अगर आप देश को बर्बाद कराना चाहते हैं, तो भाजपा को वोट दीजिए। दिल्ली इसका सीधा उदाहरण है। दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी की सरकार और भाजपा की सरकार का फर्क दो महीने में देख रहे हैं। स्कूलों के सामने अभिभावक रो रहे हैं, 80-80 फीसद फीस बढ़ गई। दो महीने में दिल्ली के लोगों को पता चल गया कि भाजपा किस तरह काम करती है