दिल्ली के अंदर पानी की किल्लत को लेकर महिलाओं का मटका फोड़ कर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को आम आदमी महिला विंग की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी के साथ बिजवासान विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं से जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार की असफलता पर जमकर हमला बोला। सारिका चौधरी ने कहा कि दिल्ली सरकार होश में आए, पानी की सप्लाई ठीक कराए। जबसे भाजपा की सरकार आई है तब से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में पानी की भयंकर किल्लत मची हुई है। लेकिन भाजपा सरकार को कोई फ़िक्र ही नहीं है। दिल्ली की जनता हर रोज़ प्रदर्शन कर रही है लेकिन सरकार जागने का नाम नहीं ले रही है।
सारिका चौधरी ने कहा कि पूरी दिल्ली मे पानी की किल्लत हो रही है। कई इलाकों मे नाम मात्र का पानी आ रहा है और पानी इतना गंदा है कि वह सीवर से भी बदतर है। मलमूत्र सड़कों पर उफन रहा है। चार इंजन की सरकार होने के बावजूद जनता त्रस्त है। भाजपा को शर्म आनी चाहिए। सत्ता छोड़कर दिल्ली की जनता को उनके पुराने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को याद करने का मौका देना चाहिए। “आप” ने हमेशा जनता की भलाई के लिए काम किया, जबकि भाजपा ने वादे तो बड़े-बड़े किए, लेकिन जनता को ठगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रधानमंत्री मोदी से पूछना चाहती हूं कि यह कैसी झटका पार्टी है, जो वोट लेने के लिए बड़े-बड़े वादे करती है और सुविधाएं देने का समय आने पर गायब हो जाती है। “आप” ने हमेशा जनता के हित में काम किया, जबकि भाजपा ने केवल झूठ बोला। हिंदू धर्म में पानी पिलाना पुण्य का काम है, लेकिन भाजपा सरकार में यह पुण्य भी नहीं हो रहा। जनता से पानी छीन लिया गया है। मोदी जी हिंदू धर्म की बात करते हैं, लेकिन प्यासे से पानी छीनना सबसे बड़ा पाप है। भगवान ने उन्हें इतना बड़ा मौका दिया है, फिर भी वह जनता को पानी जैसी बुनियादी सुविधा नहीं दे पा रहे। उन्होंने 2,500 रुपये का वादा किया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। हमें अब न पैसा चाहिए, न कुछ और, बस पानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता पानी के लिए तरस रही है और यह हाल तब है, जब हरियाणा में भी भाजपा की सरकार है। फिर पानी क्यों नहीं आ रहा? “आप” के शासन में ऐसी स्थिति कभी नहीं थी। दिल्ली में पानी की समस्या इतनी गंभीर है कि टंकियों में बदबूदार पानी आ रहा है। हमने इसकी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बच्चे और महिलाएं बीमार हो रही हैं।