दिल्ली में आई बाढ़ के चलते निचले इलाकों में यमुना नदी का पानी भर जाने के कारण फसलें जलमग्न हो गई हैं और इससे सैकड़ों किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट पैदा हो गया है। लिहाजा, इससे बचाने के लिए आम आदमी पार्टी विधायक दल के चीफ व्हिप संजीव झा ने सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चिट्ठी लिखी है और फसलों के नुकसान के लिए किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
संजीव झा ने कहा कि यमुना नदी में आई बाढ़ के कारण बुराड़ी समेत दिल्ली के निचले इलाकों में किसानों की फसलें जलमग्न हो गई हैं। इस आपदा से कई किसान परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट आ गया है। मुख्यमंत्री से आग्रह है कि प्रभावित किसानों के फसलों की विशेष सर्वेक्षण टीम द्वारा तुरंत जांच की जाए और बर्बाद हुई फसलों का आंकलन कर किसानों को तात्कालिक मुआवजा और राहत राशि दी जाए। उन्होंने कहा कि पिछले समय में भी सरकार ने ऐसी परिस्थितियों में किसानों को राहत प्रदान की थी। उम्मीद है कि इस बार भी हमारे किसानों को समय पर सहायता मिलेगी।
बुराड़ी से “आप” विधायक व चीफ व्हिप संजीव झा ने सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को यमुना नदी का जल स्तर बढ़ने से बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के किसानों की फसल बर्बाद होने पर सहायता प्रदान किए जाने के संबंध में पत्र लिखा। पत्र में संजीव झा ने मुख्यमंत्री से कहा है कि हाल ही में यमुना नदी के जल स्तर में लगातार वृद्धि और उसके कारण हुए जलभराव से बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बड़े पैमाने पर किसानों की फसलें जलमग्न होकर नष्ट हो गई हैं। इस आपदा से क्षेत्र के अनेक किसान परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। किसानों की यह मेहनत कई महीनों के कठिन परिश्रम का परिणाम थी, जो अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा के चलते नष्ट हो गई। इससे सैकड़ों किसान परिवारों की आय रुक गई है और उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है।
संजीव झा ने कहा है कि यह उल्लेखनीय है कि पिछली सरकार द्वारा भी ऐसी ही स्थिति में तत्काल विशेष सर्वेक्षण कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा एवं तुरंत राहत राशि प्रदान की गई थी, जिससे किसानों को समय पर राहत मिली थी। अतः मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से निवेदन है कि वह भी उसी प्रकार बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के प्रभावित किसानों का विशेष सर्वेक्षण तत्काल कराएं। नष्ट हुई फसलों का आकलन कर प्रभावित किसानों को तुरंत उचित मुआवजा और राहत राशि शीघ्र प्रदान की जाए।