आम आदमी पार्टी द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रविवार को गुजरात के बोटाद मार्केट यार्ड में होने वाली किसानों की महापंचायत भाजपा की सरकार ने नहीं होने दी। इस महापंचायत में भाग लेने जा रहे “आप” गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी को भाजपा सरकार की पुलिस ने रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। ” आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और गुजरात के प्रभारी गोपाल राय समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार की इस दमनकारी कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है।
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ये गुजरात में क्या हो रहा है? आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी किसानों की सभा में हिस्सा लेने जा रहे थे और उन्हें रास्ते से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। किसानों पर गुजरात में पूरा दमन का चक्र चल रहा है।
“आप” के वरिष्ठ नेता और गुजरात के प्रभारी गोपाल राय ने एक्स पर कहा कि गुजरात की भाजपा सरकार की किसानों पर दमनकारी नीतियों के विरोध में “आप” के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी को बोटाद मार्केट यार्ड में किसान महापंचायत में जाते समय पुलिस ने रास्ते से गिरफ्तार कर लिया, यह गिरफ्तारी लोकतंत्र पर हमला है। गुजरात की जनता इस दमन का करारा जवाब देगी।
उल्लेखनीय है कि गुजरात के किसान कपास का सही मूल्य पाने के लिए आंदोलनरत हैं। मंडी में सही दाम नहीं मिलने पर आंदोलन कर रहे किसानों के नेता राजूभाई करपड़ा समेत “आप” के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। शनिवार को गुजरात के प्रभारी गोपाल राय ने भाजपा की केंद्र और गुजरात सरकार को कपास किसानों की जायज मांगे तत्काल पूरी करने की अपील की थी। साथ ही कहा था कि अगर रविवार को शाम 5 बजे से पहले मांगों नहीं पूरी की गई तो आम आदमी पार्टी बोटाद मार्केटिंग यार्ड में महापंचायत कर किसानों की आवाज बुलंद करेगी। इसके बाद भी कपास किसानों को उनका जायज हक नहीं मिलता है तो यह आंदोलन गुजरात की सभी मंडियों में किया जाएगा। इसी के तहत रविवार को इसुदान गढ़वी महापंचायत में हिस्सा लेने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।