दिल्ली में पानी किल्लत को लेकर कोहराम मचा हुआ है। पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं होने से नाराज महिलाओं का मटका फोड़ विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी महिलाओं ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली महिला विंग की अध्यक्ष सारिका चौधरी की मौजदागी में घोंडा विधानसभा में मटका फोड़कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने सीएम रेखा गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी की। सारिका चौधरी का कहना है कि जब पानी ही नहीं आ रहा है तो मटके का क्या करेंगे? इसलिए मटके को फोड़ कर अपना विरोध जता रहे हैं। आज अगर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार होती तो न पानी की किल्लत होती और ना ही महिलाएं मटके फोड़कर विरोध जताती।
घोंडा विधानसभा के घोंदाब्रह्मपुरी वार्ड में गुरुवार को महिलाओं ने पानी की कमी के कारण दिल्ली की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान ब्रह्मपुरी से “आप” की निगम पार्षद छाया गौरव शर्मा ने कहा कि हमने जनता की प्रमुख समस्याएं उठाई थीं, लेकिन आज वही जनता पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। अगर जनता ने अरविंद केजरीवाल और “आप” को वोट दिया होता, तो आज यह हाल न होता। दिल्ली में बिजली की स्थिति बद से बदतर है। मेरे वार्ड में 24 घंटे तक बिजली गायब रही। छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग, और महिलाएं इस कटौती से परेशान हैं।
छाया गौरव शर्मा ने कहा कि लोग मेरे पास शिकायत लेकर आए कि 24 घंटे बिजली नहीं थी। लेकिन यहां का विधायक मस्त है, जबकि जनता त्रस्त है। यमुना खादर मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गारंटी दी थी कि पहली कैबिनेट में महिलाओं को 2,500 रुपये मिलेंगे। लेकिन इन बेचारी महिलाओं को न 2,500 रुपये मिले, न 25 रुपये। बिजली पहले 24 घंटे मिलती थी, अब पूरी तरह कट कर दी गई है। भाजपा की यह गारंटी खोखली साबित हुई है।
छाया गौरव शर्मा ने कहा कि मेरे क्षेत्र में पीने का पानी इतना गंदा है कि वह सीवर से भी बदतर है। मलमूत्र सड़कों पर उफन रहा है। स्कूलों में 30-30 फीसदी फीस बढ़ाकर बच्चों को बाहर निकाला जा रहा है। यह कैसी गारंटी थी, जो मोदी जी ने दी? चार इंजन, पांच इंजन की सरकार होने के बावजूद जनता त्रस्त है। भाजपा को शर्म आनी चाहिए। सत्ता छोड़कर दिल्ली की जनता को उनके पुराने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को याद करने का मौका देना चाहिए। “आप” ने हमेशा जनता की भलाई के लिए काम किया, जबकि भाजपा ने वादे तो बड़े-बड़े किए, लेकिन जनता को ठगा।

छाया गौरव शर्मा ने कहा कि भाजपा ने कहा था, “जहां झुग्गी, वहां मकान,” लेकिन झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं। सरोजनी नगर की झुग्गियों को तोड़ा गया। क्या इसके लिए भाजपा ने अपने विधायकों को झुग्गियों में रात बिताने भेजा था? यह जनता को ठगने का तरीका था। मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रधानमंत्री मोदी से पूछना चाहती हूं कि यह कैसी झटका पार्टी है, जो वोट लेने के लिए बड़े-बड़े वादे करती है और सुविधाएं देने का समय आने पर गायब हो जाती है। “आप” ने हमेशा जनता के हित में काम किया, जबकि भाजपा ने केवल झूठ बोला।
इस दौरान महिलाओं ने कहा कि हिंदू धर्म में पानी पिलाना पुण्य का काम है, लेकिन भाजपा सरकार में यह पुण्य भी नहीं हो रहा। जनता से पानी छीन लिया गया है। मोदी जी हिंदू धर्म की बात करते हैं, लेकिन प्यासे से पानी छीनना सबसे बड़ा पाप है। भगवान ने उन्हें इतना बड़ा मौका दिया है, फिर भी वह जनता को पानी जैसी बुनियादी सुविधा नहीं दे पा रहे। उन्होंने 2,500 रुपये का वादा किया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। हमें अब न पैसा चाहिए, न कुछ और, बस पानी चाहिए।
महिलाओं ने कहा कि दिल्ली की जनता पानी के लिए तरस रही है और यह हाल तब है, जब हरियाणा में भी भाजपा की सरकार है। फिर पानी क्यों नहीं आ रहा? “आप” के शासन में ऐसी स्थिति कभी नहीं थी। दिल्ली में पानी की समस्या इतनी गंभीर है कि टंकियों में बदबूदार पानी आ रहा है। हमने इसकी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बच्चे और महिलाएं बीमार हो रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से गुजारिश है कि वह घोंडा विधानसभा में आएं और देखें कि महिलाएं और बच्चे कैसे पानी के लिए बिलख रहे हैं। अगर भाजपा सरकार पानी जैसी बुनियादी सुविधा नहीं दे सकती, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल ने हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी।