आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे पंजाब के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ बाढ़ प्रभावित विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगे। साथ ही, सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा जमीनी स्तर पर चल रहे बाढ़ राहत कार्यों का भी जायजा लेंगे और बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात भी करेंगे। वहीं, ‘‘आप’’ सांसद संजय सिंह भी गुरुवार को पंजाब का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे। बुधवार की तरह गुरुवार को भी आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री से भरा ट्रक भेजा जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से लेकर मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक तक इस भयानक त्रासदी में पंजाब की जनता के साथ खड़े हुए हैं। मैं सभी के जज्बे को सलाम करता हूं। पंजाब के लोगों के साथ मिलकर हम बाढ़ की इस त्रासदी से उबरेंगे और पंजाब फिर से खुशहाल होगा। पंजाब के लोग बहुत हिम्मती हैं। मेरी देश के सभी लोगों से यही अपील है कि आगे आकर पंजाब की हर संभव मदद करें। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुरुवार को वह भी पंजाब जाएंगे और विभिन्न इलाकों का दौरा कर बाढ़ की मार झेल रहे पंजाब के लोगों की सेवा करेंगे।
उधर, ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता और पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने एक्स पर साझा किया कि पंजाब में नदियों में जलभराव के कारण वे खेतों के बीच से अपना रास्ता बना रही हैं। इस दौरान उपजाऊ ज़मीन कट गई, सैकड़ों एकड़ खेत नदी बहा ले गई है, किसानों की कई पीढ़ियों की मेहनत और कमाई पल भर में पानी में समा गई। तरनतारन ज़िले के एक ऐसे ही गांव में मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और ईटीओ हरभजन सिंह के साथ जाकर लोगों से मिला।
मनीष सिसोदिया ने बताया कि पट्टी विधानसभा के मरार गांव का भी उन्होंने दौरा किया। एक तरफ़ बाढ़ के पानी से ख़तरा है कि वह गांवों में घुसकर घरों में इंसान और पशुओं की जान पर बन आती है, खेत डूब रहे हैं। इसमें फिर भी यह संभावना है कि पानी निकलेगा और ज़िन्दगी दोबारा शुरू हो जाएगी। लेकिन इससे भी बड़ी समस्या यह है कि नदियों में पानी इतना आ गया है कि वे अपना रास्ता बनाने के लिए लहलहाते खेतों को बहा ले जा रही हैं। हर इलाक़े में, हर गांव में 40 से 50 एकड़ ज़मीन के फसलों वाले खेत नदियां बहा चुकी हैं। यहां समस्या यह है कि पानी तो कम भी हो जाएगा लेकिन खेत दोबारा नहीं बन पाएंगे।
मनीष सिसोदिया ने बताया कि मरार गांव के किसान निशान सिंह 10 दिन पहले तक सवा एकड़ ज़मीन के मालिक थे, लेकिन बाढ़ की बेरहम लहरें सब कुछ बहा ले गईं। आज जहां उसकी मेहनत की फसलें लहराती थीं, वहां 20 फ़ीट नीचे गर्जता दरिया बह रहा है। बुधवार को मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के साथ बाढ़ पीड़ित परिवारों से मिला। भूख, बेघरपन, टूटे सपनों और भविष्य की अनिश्चितता के बीच लोगों की आंखों में आंसू भी हैं और उम्मीद भी। हम वादा करते हैं कि किसान अकेला नहीं है। आम आदि पार्टी और पंजाब सरकार उसके साथ चट्टान की तरह खड़ी है।
वहीं, बुधवार सुबह दिल्ली से राहत सामग्री लेकर पंजाब रवाना हुए ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज भी बाढ़ पीड़ित लोगों की सेवा में जुट गए हैं। उन्होंने ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं की मदद से पीड़ित लोगों में राहत सामग्री का वितरण किया और पार्टी की तरफ से हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि पंजाब में बाढ़ से खेत-खलिहान डूबे है। घर-बार तबाह है और लोग परेशान हैं। अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर दिल्ली से राहत सामग्री लेकर पंजाब पहुंचे हैं। ऐसे समय में सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। आइए सब मिलकर पंजाब के लोगों की मदद करें।
दूसरी तरफ, ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर पार्टी के सभी सांसदों और विधायक अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए दान करेंगे। साथ ही, ‘‘आप’’ के सांसद अपने एमपीलैड्स से भी पंजाब की मदद कर रहे हैं। गुरुवार को राज्यसभा सांसद एनडी गुप्ता ने एमपीलैड्स से 25 लाख रुपए और सांसद अशोक मित्तल ने 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं, ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए एमपीलैड्स से 5 करोड़ रुपए रुपए देने की घोषणा की है। साथ ही देशवासियों से बाढ़ पीड़ित पंजाब की मदद करने की अपील की है।