आम आदमी पार्टी ने देश भर के अपने सभी कार्यकर्ताओं से पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने की अपील की है। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब में आई त्रासदी से निपटने के लिए वहां के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और पार्टी के सभी वालेंटियर्स जुटे हैं और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में जहां भी आपदा आई है, सिख समुदाय के लोग हमेशा निःस्वार्थ भाव से मदद करते हैं। अब हमें भी उनसे प्रेरणा लेकर उनकी सेवा करनी है और पंजाब को इस आपदा से बचाना है। इस दौरान ‘‘आप’’ दिल्ली के प्रदेश उपाध्यक्ष जरनैल सिंह, संजीव झा, ऋतुराज झा, कुलदीप कुमार समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे।
‘‘आप’’ मुख्यालय पर मंगलवार को प्रेसवार्ता कर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उत्तर भारत में भारी बारिश के चलते कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हैं। पंजाब के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पंजाब की ‘‘आप’’ सरकार बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है। पंजाब के अंदर ‘‘आप’’ के वलेंटियर्स, पदाधिकारी, मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक हर संभव लोगों की मदद कर रहे हैं। पंजाबी ऐसे लोग हैं कि पूरी दुनिया में कहीं विपदा आ जाए या फिर प्राकृतिक आपदा या फिर दो देशों के बीच युद्ध हो जाए, तो सबसे पहले वे वहां गुरुद्वारे में लंगर लगाते हैं और मदद करते हैं। आज हम लोग भी पंजाबियों का कुछ अनुशरण करने की कोशिश करेंगे। पंजाबियों ने पूरी दुनिया को मदद और सेवा करना सिखया है। हम लोग आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को इस सेवा में लगने के लिए अपील कर रहे हैं।
इस दौरान ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पंजाब के कई सारे जिले और हजारों पिंड, लाखों पशु, अनगिनत परिवार, हजारों एकड़ इस आपदा से प्रभावित हुई है। पंजाब सरकार, मुख्यमंत्री भगवंत मान, सभी मंत्री और बहुत सारी एनजीओ से जुड़े लोग इस आपदा में डटकर लोगों की मदद कर रहे हैं। पंजाब के लोग वैसे मदद नहीं मांगते हैं, लेकिन इस समय इंसानियत को पसंद करने वाले सारे लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि हम भी बाढ़ से प्रभावित पंजाब के लोगों की मदद करें। पंजाब के लोग कहीं भी आपदा आई है, सबसे पहले मदद करने के लिए आगे आए हैं। जिस तरह से भी मदद कर सकते हैं, हम सभी को पंजाब की मदद के लिए खड़े होना चाहिए।
जनरैल सिंह ने कहा कि राशन की उतनी जरूरत नहीं है, जितनी बाकी चीजों की है। जैसे मच्छरदानी, तिरपाल, दवाइयां, बच्चों के कपड़ों की ज्यादा जरूरत है। बाढ़ के पानी से मकान पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। मदद की प्रक्रिया अभी कई सप्ताह चलेगा। आम आदमी पार्टी ने फैसला किया है कि देश भर के सभी ‘‘आप’’ के पदाधिकारियों, विधायकों और पार्षदों के कार्यालयों पर पंजाब में राहत कार्य के लिए अभियान चलाया जाएगा। सभी से अपील है कि आप जिस तरह से इस अभियान से जुड़ सकते हैं, जरूर जुड़ें। पंजाब को हम सभी को मिलकर इस बाढ़ की आपदा से बचाना है।