आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तीन दिवसीय गोवा दौरे पर हैं। शुक्रवार को वह दिल्ली से गोवा के लिए रवाना हो गए। इस दौरे के दौरान वह आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनमें जोश व उत्साह भरने का काम करेंगे। उन्होंने एक्स पर कहा कि पिछले 13 वर्षों से गोवा में भाजपा-कांग्रेस गठबंधन की चल रही सरकार में भ्रष्टाचार व गुंडाराज चरम पर है। -“आप” द्वारा गोवा निवासियों की ओर से लगातार भाजपा-कांग्रेस गठबंधन के गुंडाराज के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है।
अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक्स पर कहा कि पिछले 13 वर्षों से गोवा में भाजपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार चल रही है। इन 13 वर्षों में गोवा ने बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण, अवैध खनन, अत्यधिक भ्रष्टाचार, हिंसा, राज्य प्रायोजित गुंडाराज, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, उच्च अपराध दर, गड्ढों में तब्दील सड़कें, महिलाओं के खिलाफ अपराध, बार-बार बिजली कटौती, व्यापक बेरोजगारी, पर्यटन में तेज गिरावट और गोवा संस्कृति पर हमले देखे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा का एक आम आदमी लगातार डर में जी रहा है। जो कोई सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत करता है, उसे या तो धमकाया जाता है या उस पर हमला किया जाता है। उसका जीवन रोजाना की यातना बन चुका है। “आप” नेता और कार्यकर्ता गोवा निवासियों की ओर से भाजपा-कांग्रेस गठबंधन की गुंडागर्दी के खिलाफ साहस पूर्वक आवाज बुलंद कर रहे हैं। मैं पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने तीन दिवसीय दौरे पर गोवा जा रहा हूं।