आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मयूर विहार फेस तीन में आयोजित भव्य रामलीला देखी और दिल्ली समेत पूरे देश के लोगों की तरक्की और खुशी के लिए कामना की। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार द्वारा आयोजित इस रामलीला के शानदार मंचन का अरविंद केजरीवाल ने आनंद लिया। इस दौरान समलिला कमेटी द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन हमें सदैव सत्य, त्याग, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
रामलीला समारोह में आए दिल्लीवालों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यहां आकर रामलीला देखने का मुझे बहुत अच्छा लगा। रामलीला देखने यहां बहुत सारे बच्चे भी आए हैं। अरविंद केजरीवाल ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि उनके माता-पिता हर साल उन्हें अपने साथ रामलीला दिखाने के लिए लेकर जाते थे, जिससे वे रामायण की शिक्षाओं से परिचित हुए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने कहा कि रामायण हिंदू संस्कृति का अभिन्न अंग है। इसलिए बच्चों को भी रामायण से परिचित कराना जरूरी है। आजकल हमारी जीवनशैली बहुत फास्ट हो गई है। इस भागदौड़ की जिंदगी में हम लोग अपनी संस्कृति को भूलते जाते हैं। रामलीला के मौके पर हमें अपने बच्चों को अपने साथ रामलीला दिखाकर उनको रामायण से अवगत करा सकते हैं। रामलीला बच्चों को हमारी संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने का एक शानदार अवसर है।
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने लोगों से भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान राम को अगली सुबह अयोध्या का राजा बनना था, लेकिन माता कैकेई के कहने पर उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के राजपाट अपने भाई भरत को सौंप दिया और 14 वर्ष के वनवास के लिए चले गए। भगवान राम को पूरे अयोध्या की जनता प्यार करती थी और वह चाहती थी कि राम राजा बनें। अगर वह एक बार कह देते कि मैं नहीं जाऊंगा, मैं तो राजा बनूंगा, तब भी अयोध्या की जनता उन्हीं का साथ देती। लेकिन ऐसा करने से राम, राम नहीं होते। यह त्याग, माता-पिता के प्रति आज्ञाकारिता और उनकी सेवा का भाव हमें रामायण से सीखने को मिलता है। भगवान राम का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी मुस्कुराते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने अंत में रामलीला में उपस्थित लोगों की भारी संख्या को देखकर खुशी जताई और सभी को नवरात्रि, दशहरा समेत दीपावली और छठ पूजा की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान राम सभी को सुख और समृद्धि प्रदान करें।