आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब पुलिस की सुरक्षा पुनः बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। सीएम आतिशी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की साजिश हो रही है और उन्हें भाजपा व गृहमंत्री अमित शाह से खतरा है। अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में पंजाब पुलिस अहम भूमिका निभा रही थी, लेकिन भाजपा ने साजिश रचकर चुनाव से ठीक पहले यह सुरक्षा हटा दी। अभी तक अरविंद केजरीवाल पर जितने भी हमले हुए हैं, उनमें हमलावर भाजपा के कार्यकर्ता निकले हैं और पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। सीएम आतिशी ने कहा कि भाजपा द्वारा अरविंद केजरीवाल पर हमले करवाने से दिल्ली की जनता का उनके प्रति प्यार और विश्वास और अधिक बढ़ रहा है।
केजरीवाल को जान से मारने की बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है – सीएम आतिशी
‘‘आम आदमी पार्टी’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से पंजाब पुलिस की सुरक्षा केंद्र सरकार के आदेश पर हटाए जाने को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। सीएम आतिशी ने कहा कि इस समय अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की एक बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। इस साजिश में दो प्रमुख पक्ष शामिल हैं।
पहला पक्ष भाजपा के कार्यकर्ता हैं, जो अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर हमला करते हैं। वे पत्थर फेंकते हैं, डंडों से हमला करते हैं और स्पिरिट का स्प्रे करने जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। दूसरा पक्ष साजिशकर्ता भाजपा और गृहमंत्री अमित शाह के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस है।
केजरीवाल पर लगातार हमले हो रहे, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही- सीएम आतिशी
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा और दिल्ली पुलिस की इस जुगलबंदी से अरविंद केजरीवाल की जान लेने की साजिश हो रही है। हम लगातार देख रहे हैं कि एक के बाद एक अरविंद केजरीवाल पर हमले हो रहे हैं। 24 अक्टूबर को विकासपुरी में दिल्ली पुलिस की नाक के नीचे अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ। जब सोशल मीडिया पर जांच की गई तो हमलवार भाजपा का कार्यकर्ता निकला। क्योंकि भाजपा का कार्यकर्ता था, इसलिए दिल्ली पुलिस के साथ जुगलबंदी फिर से सामने आई और पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 30 नवंबर को अरविंद केजरीवाल पर फिर हमला हुआ। जब वह मालवीय नगर में एक पब्लिक इवेंट के लिए जा रहे थे, वहां उन पर हमला करने की कोशिश की गई।
हरि नगर में केजरीवाल की गाड़ी तक हमलावर पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने नहीं रोका- सीएम आतिशी
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि इसी तरह 18 जनवरी को नई दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए। पुलिस ने जांच नहीं की। लेकिन जब हमने खुद सोशल मीडिया पर जांच की तो पता चला कि सारे हमलावर भाजपा के पदाधिकारी थी। फिर से भाजपा और दिल्ली पुलिस की यह जुगलबंदी सामने आई। दिल्ली पुलिस ने न तो भाजपा के कार्यकर्ताओं को रोका और ना ही उनके खिलाफ एक्शन लिया। गुरुवार को हरिनगर में अरविंद केजरीवाल की गाड़ी तक हमलावर पहुंच गए लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें नहीं रोका। काली बाड़ी में अरविंद केजरीवाल अपनी विधानसभा में प्रचार करने जा रहे थे, वहां बसें भरकर उनकी गाड़ी पर हमला करने के लिए पत्थरों और डंडों के साथ भाजपा के कार्यकर्ता लाए गए। “आप” सांसद संजय सिंह को वहां जाकर उस हमले को रोकना पड़ा, लेकिन दिल्ली पुलिस सामने आई। एक बार फिर से दिल्ली पुलिस और भाजपा की जुगलबंदी सामने आई।
भाजपा और अमित शाह का एक ही मकसद, किसी भी तरह केजरीवाल को खत्म करना- आतिशी
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा, दिल्ली पुलिस और अमित शाह कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल के पास जेड प्लस सुरक्षा है। मैं पूछना चाहती हूं कि इस देश के इतिहास में क्या कोई ऐसा जेड प्लस सिक्योरिटी का प्रोटेक्टी रहा है जिसकी गाड़ी की पत्थर फेंके गए हों और पुलिस सामने नहीं आई हो। क्या कोई ऐसा जेड प्लस सिक्योरिटी का प्रोटेक्टी रहा है जिस पर कोई पदार्थ फेंक देता है और पुलिस वाले वहां मौजूद होते हैं लेकिन वो उसे रोकते व पकड़ते नहीं है। क्या कोई जेड प्लस सिक्योरिटी का प्रोटेक्टी रहा है जिसकी गाड़ी पर पत्थरों और डंडों से हमला किया जाता है लेकिन पुलिस हमलावरों को रोकती नहीं है? यह अरविंद केजरीवाल के साथ क्यों हो रहा है? क्योंकि अरविंद केजरीवाल को सुरक्षा देने की जिम्मेदार दिल्ली पुलिस, भाजपा और अमित शाह के अधीन आती है। भाजपा और अमित शाह का एक ही मकसद है कि किसी भी तरह से अरविंद केजरीवाल को खत्म कर देना।
तिहाड़ जेल में भी भाजपा ने इंसुलिन रूकवा कर केजरीवाल को मारने की साजिश की – सीएम आतिशी
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि हमने देखा था जब अरविंद केजरीवाल को झूठे मुकदमे में गिरफ्तार किया गया तो यही भाजपा, इनके एलजी और इनका तिहाड़ प्रशासन अरविंद केजरीवाल की इंसुलिन को रोकने वाले में से था। अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल 400 तक पहुंच गया लेकिन भाजपा ने उन्हें इंसुलिन नहीं मिलने दी। भाजपा बार-बार अपने कार्यकर्ताओं, अपने प्रशासन और अपनी पुलिस के माध्यम से अरविंद केजरीवाल पर जानलेवा हमले और षड्यंत्र करती है।