आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल वैकल्पिक और काम की राजनीति को देशभर में मजबूत करने के मिशन में जुट गए हैं। दो दिन पहले आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन ASAP की घोषणा के बाद बृहस्पतिवार को देश के विभिन्न राज्यों के लिए आम आदमी पार्टी के प्रभारी और सह प्रभारी की घोषणा की गई है। देश भर में आप संगठन के विस्तार और उसकी मजबूती को धार दी जा रही है। इसके मद्देनजर “आप” ने 11 राज्यों में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त करने का एलान किया है। गुरुवार को “आप” के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं राज्यसभा सदस्य ड्रॉ. संदीप पाठक ने इन पदाधिकारियों की नियुक्ति की सूची जारी कर दी। आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इन पदाधिकारियों को लिस्ट साझा कर सभी को बधाई दी है। ये सभी पदाधिकारी सूची जारी होने के तुरंत बाद अपना पदभार ग्रहण कर लिए हैं।
आम आदमी पार्टी की तरफ से जारी सूची के मुताबिक, पार्टी ने मध्य प्रदेश में जीतेंद्र सिंह तोमर को प्रभारी बनाया गया है। जितेंद्र सिंह तोमर आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। कर्नाटक में राजेश गुप्ता को प्रभारी बनाया गया है। राजेश गुप्ता पूर्व विधायक हैं। इसी तरह, हिमाचल प्रदेश में ऋतुराज गोविंद को प्रभारी बनाया गया है। ऋतुराज गोविंद भी आम आदमी पार्टी से विधायक रह चुके हैं। वहीं, उत्तराखंड में महेंद्र यादव, राजस्थान में धीरज टोकस और महाराष्ट्र में प्रकाश जारवाल को प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह, तेलंगाना में पार्टी ने मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़, केरल में दिल्ली की पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय, तमिलनाडु में पंकज सिंह और लद्दाख में प्रवीण प्रभाकर गौर को प्रभारी बनाया गया है।
इसी प्रकार, आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सह प्रभारियों कि भी घोषणा की है। वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक दिलीप पांडे को ओवरसीज कोऑर्डिनेटर के अलावा उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी भी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में दिलीप पांडे के अलावा अनिल झा, विशेष रवि और चौधरी सुरेंद्र कुमार को भी सह प्रभारियों कि जिम्मेदारी दी गई है। जबकि उत्तराखंड में घनेंद्र भारद्वाज और हिमाचल प्रदेश में विजय फुलारा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने बताया कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार पार्टी के संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे। दो दिन पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन ASAP की घोषणा की और अब देश भर में प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति की। अरविंद केजरीवाल चाहते हैं कि देश भर में काम की वैकल्पिक राजनीति को पहुंचाया जाए, जिससे जनता का भला हो सके। परंपरागत राजनीति पार्टियों ने जाति और धर्म में देश को बांटकर पिछले 75 साल में जनता का काफी नुकसान कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने पहले दिल्ली और अब पंजाब में काम की राजनीति कर अन्य पार्टियों को भी शिक्षा -स्वास्थ्य जैसे मौलिक विषयों पर बात करने को मजबूर कर दिया है।