आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में एक बार सीलिंग की कार्यवाही शुरू होने पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। एमसीडी में “आप” के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सीलिंग पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि एमसीडी में आते ही भाजपा का सीलिंग अभियान शुरू हो गया है। गुरुवार को चांदनी चौक के गंडेश्वर कटरा नील में कई दुकानें सील कर दी गई। जबकि इन्हीं व्यापारियों ने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाई और अब भाजपा उनकी ही दुकानें आवासीय बता सील कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर व्यापारियों से पैसे मांगने के आरोप लगते रहे हैं, जो पैसा नहीं देता है, उनकी दुकानें सील कर देते है। इसी तरह 2004-07 तक भाजपा ने सीलिंग अभियान चलाकर दिल्ली को बर्बाद कर दिया, लेकिन अब आम आदमी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी।
अंकुश नारंग ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर कहा कि जैसे ही एमसीडी में भाजपा की सरकार आती है, वैसे ही दिल्ली में सीलिंग शुरू हो जाती है। गुरुवार को भैया दूज के पावन पर्व पर चांदनी चौक की गली गंडेश्वर कटरा नील में 583 और 602 नंबर दुकानों व भवनों को सील कर दिया गया। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक दिल्ली का ऐतिहासिक व्यापारिक केंद्र है, जहां पुश्तैनी दुकानें हैं। हम बचपन से चांदनी चौक आ रहे हैं। सभी लोग शादियों-त्योहारों के लिए कपड़े कटरा नील से खरीदते हैं। यह वॉल सिटी का संरक्षित क्षेत्र है, जहां नीचे व्यवसाय और ऊपर आवासीय हिस्सा वर्षों से चला आ रहा है। फिर भी, भाजपा जैसे ही एमसीडी में आई है, उसने उन दुकानों की सीलिंग शुरू कर दी है।
अंकुश नारंग ने कहा कि चांदनी चौक के भाजपा सांसद खुद व्यापारियों के ही बड़े नेता हैं और व्यापारियों ने ही इस बार दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाई है। लेकिन अब व्यापारियों को ही भाजपा सरकार नुकसान पहुंचा रही है। चार इंजन की भाजपा सरकार चांदनी चौक में फिर से सीलिंग अभियान शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में भाजपा चांदनी चौक में 22 से 25 भवनों को सील करने जा रही है।
अंकुश नारंग ने कहा कि अक्सर भाजपा पर आरोप लगते रहे हैं कि भाजपा के लोग पहले दुकानें सील करते हैं, फिर व्यापारियों से पैसे की मांग करते हैं। जहां पैसे मिल जाते हैं, वहां दुकानों की सील खोल देते हैं। जो व्यापारी पैसा नहीं दे पाता, उसकी दुकानें सील बंद रहती है। ऐसी भाजपा सरकार को शर्म आनी चाहिए। उन सांसद को भी शर्म आनी चाहिए, जिन पर व्यापारियों के दम पर आज सांसद है। दिल्ली के व्यापारियों ने उन पर विश्वास किया। लेकिन आज यही भाजपा ने विशेष प्रोटेक्टिव एरिया चांदनी चौक जैसे पुराने हेरिटेज के अंदर दुकानें सील कर दी।
अंकुश नारंग ने कहा कि अक्सर भाजपा के लोग सीलिंग के दौरान कोर्ट का भी तथ्य देते हैं। जब 2004-07 में सीलिंग अभियान चला, तब भी भाजपा सत्ता में थी। तब भी भाजपा ने कोर्ट में गलत तथ्य बताए और व्यावसायिक क्षेत्र को आवासीय बताकर सीलिंग करवाई। भाजपा सरकार कोर्ट में गलत तथ्य देती है और जैसे ही सत्ता में आती है, सीलिंग शुरू कर देती है। एक तरफ भाजपा व्यापारियों से वादे करके वोट मांगती है और दूसरी तरफ सत्ता में आते ही सीलिंग शुरू कर देती है।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली के पुराने व्यापारियों की दुकानों पर किसी भी हाल में सीलिंग नहीं होनी चाहिए। भाजपा की 2004-07 की सीलिंग ड्राइव ने दिल्ली को तबाह-सा कर दिया था। भाजपा को एमसीडी में दोबारा आए हुए छह महीने हुए हैं और दिल्ली सरकार में आए 8 महीने ही हुए हैं, लेकिन वह फिर से चांदनी चौक जैसे दिल्ली के ऐतिहासिक व्यापारिक केंद्र पर सीलिंग ड्राइव चला रही है। भाजपा न दिल्ली की जनता के बारे में सोचती है, न व्यापारियों की। उन्होंने कहा कि सीलिंग की कोई वैध वजह नहीं है। एमसीडी में जहां से ‘नोट’ आ जाता है, वहां सीलिंग रुक जाती है। जहां नहीं आता, वहां हो जाती है। यह वर्षों से चल रहा है।