भाजपा और कांग्रेस के बीच रिश्तों की सोमवार को पोल खुलने जा रही है। सोमवार को दिल्ली नगर निगम के रोहिणी जोन के वार्ड कमेटी के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन का चुनाव होने जा रहा है। यहां से भाजपा समर्थित आईबीपी और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस जोन में कांग्रेस के दो पार्षद हैं। अब कांग्रेस को तय करना है कि उसके पार्षद किसको वोट देते हैं। “आप” दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि सोमवार को कांग्रेस और भाजपा का रिश्ता दिल्ली की जनता के सामने आ जाएगा।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि सोमवार को दिल्ली नगर निगम के रोहिणी ज़ोन के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के चुनाव हैं। एक तरफ़ भाजपा समर्थित आईबीपी का पैनल है और दूसरा पैनल आम आदमी पार्टी का है । दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष बता दें कि कांग्रेस के दो पार्षद सोमवार को किसको वोट देंगे। सोमवार को कांग्रेस और भाजपा का रिश्ता सामने आ जाएगा।
गौरतलब है कि नरेला जोन से “आप” से अध्यक्ष पद के लिए श्वेता खत्री और उपाध्यक्ष पद के लिए नेहा नामांकन किया है। इसी तरह, सिविल लाइन जोन से गगन चौधरी ने अध्यक्ष और टिम्सी शर्मा ने उपाध्यक्ष, रोहिणी जोन से अमृत जैन ने अध्यक्ष और ममता गुप्ता ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। सिटी-एसपी जोन से पार्षद विकास टांक ने अध्यक्ष व पूजा ने उपाध्यक्ष, करोलबाग जोन से पुनीत राय ने अध्यक्ष और कविता चौहान उपाध्यक्ष, पश्चिम जोन से निर्मला कुमारी ने अध्यक्ष और साहिल गंगवाल ने उपाध्यक्ष, दक्षिण जोन से राजीव सनवाल ने अध्यक्ष और अरुण नरवरिया ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है।
इसी तरह, शाहदरा दक्षिण जोन से धीरेंद्र कुमार (बंटी गौतम) ने अध्यक्ष और बीना ने उपाध्यक्ष, शाहदरा उत्तरी जोन से प्रियंका सक्सेना ने अध्यक्ष और शिवानी पंचाल ने उपाध्यक्ष, नजफगढ़ जोन से तिलोतमा चौधरी ने अध्यक्ष और पूनम भारद्वाज ने उपाध्यक्ष और सेंट्रल जोन से सारिका चौधरी ने अध्यक्ष के लिए नामांकन किया है।