आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को नेहरू विहार का दौरा किया और दरिंदगी की शिकार 9 साल की बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनके आंसू पोंछे। प्रतिनिधि मंडल में शामिल दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष आतिशी, प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और नेता आदिल खान ने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। आतिशी ने कहा कि इस घटना ने दिल्ली समेत पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया है। इतनी बड़ी घटना के बाद भी दिल्ली की कानून व्यवस्था संभाल रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सीएम रेखा गुप्ता के पास पीड़ित परिवार से मिलने का समय नहीं है। दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार है, फिर भी हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
आतिशी ने कहा कि नेहरू विहार में एक 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना ने दिल्ली ही नहीं, पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया है। पीड़ित परिवार का हाल बुरा है। इस घटना के बाद से इलाके के लोग बुरी तरह से सहमे हुए हैं। आज हर परिवार को लग रहा है कि वह अपनी बेटी को घर से बाहर कदम कैसे रखने दें। हमने परिवार को मिलकर आश्वासन दिया है कि आम आदमी पार्टी हर संभव उनकी सहायता करेगी। मेरी दिल्ली सरकार से मांग है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद दी जाए। हम पुलिस कमिश्नर से भी मिलने का समय मांग रहे हैं, ताकि तेजी से कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले। इस मसले में आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आतिशी ने कहा कि आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार है। केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, पुलिस, एलजी सब भाजपा की है। इसके बाद भी भाजपा क्या कर रही है? आखिर भाजपा हमारी बच्चियों को सुरक्षित क्यों नहीं रख पा रही है? जब चुनाव का समय आता है, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हर रैली में दिखते हैं। लेकिन जब हमारी बेटियों को सुरक्षा देने की बात आती है, तो अमित शाह कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी रोज किसी न किसी कार्यक्रम में दिखती हैं। लेकिन जब एक बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या होती है तो सीएम को इसकी कोई चिंता नहीं है।
आतिशी ने दिल्ली की सभी बेटियों की तरफ से भाजपा से कहा कि दिल्ली की महिलाओं व बेटियों को सुरक्षा देना भाजपा की जिम्मेदारी है। आज पूरी दिल्ली भाजपा से सवाल पूछ रही है कि भाजपा अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से फेल हो गई है। प्रश्न यह है कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार है। केंद्रीय गृहमंत्री, मुख्यमंत्री, एलजी साहब और पुलिस कमिश्नर क्या कर रहे हैं? इन दरिंदो को पुलिस का बिल्कुल भी डर नहीं लग रहा है। इन दरिंदों को लगता है कि वह ऐसी दरिंगदी कर लेंगे और पुलिस उनको नहीं छूएगी। ऐसे दरिंदों के अंदर डर पैदा करना जरूरी है। अगर दरिंगों को जल्द से जल्द और सख्त से सख्त सजा नहीं होगी, तो यह दरिंगदी नहीं रूकेगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को जवाब देना पड़ेगा कि क्यों वह हमारी दिल्ली की बेटियों और महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रहे हैं।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने एक्स पर कहा कि नेहरू विहार में 9 साल की एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने सभी दिल्लीवासियों को झकझोर दिया है। आज पीड़ित परिवार से मुलाक़ात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि हम न्याय के लिए उनके साथ खड़े हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को परिवार की हर संभव मदद करने के लिए कहा। पूरा इलाका सहमा हुआ है। कोई भी बच्चियों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहा। इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी गृहमंत्री और मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं आए। उन्हें दिल्ली की बेटियों की कोई चिंता नहीं है। भाजपा की 4 इंजन की सरकार दिल्ली की महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा देने में फेल है।
इस दौरान ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नेहरू विहार इलाके से भाजपा के पार्षद, विधायक, सांसद जीते हुए हैं, तो क्या भाजपा की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को यहां नहीं आना चाहिए? कुछ दिन पहले बवाना की झुग्गियों में आग लगी थी। इसमें दो बच्चे जिंदा जल गए, लेकिन मुख्यमंत्री वहां भी नहीं पहुंचीं। जबकि उस वक्त मुख्यमंत्री बवाना में मौजूद थीं। सैकड़ों झुग्गियों को बुलडोजर से ढहाया जा रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री एक भी जगह पीड़ितों से मिलने नहीं गईं। दिल्ली में तीन बार भारी बारिश हुई और उसमें नौ लोग मारे गए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री किसी भी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं गईं और न ही किसी को एक रुपए का मुआवजा दिया गया। क्या मुख्यमंत्री केवल भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं से मिलकर उनका आशीर्वाद लेने के लिए हैं या उनके पास दिल्ली के लोगों के लिए काम करने का भी समय है?
उन्होंने कहा कि जब आरोपी की शिनाख्त हो चुकी है और उसके बारे में सारी जानकारी उपलब्ध है, तो फिर इतनी ढिलाई क्यों हैं, आरोपी अभी तक क्यों नहीं पकड़ा गया? हम पुलिस कमिश्नर से भी समय लेकर उनसे मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को हर पीड़ित की मदद करनी चाहिए। मुख्यमंत्री को यहां आकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए। सबसे बड़ी मदद यह होती है कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हो, ताकि पुलिस को यह संदेश जाए कि कार्रवाई को तेज करनी है।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी को ढूंढ रहे झुग्गीवाले- सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि भाजपा सांसद मनोज तिवारी को वो सारे झुग्गीवाले ढूंढ रहे हैं, जहां पर वह रात में ढोलक बजाने जाते थे। अब जब झुग्गियां टूट रहीं हैं तो मनोज तिवारी कहां हैं? आज जब करीब आदमी याद कर रहा है तो भाजपा के सातों सांसद कहां हैं। आम आदमी पार्टी भी पूछ रही है कि जहां झुग्गी टूट रही है, वहीं पर मकान क्यों नहीं दिया जा रहा है?