आम आदमी पार्टी ने यमुना किनारे छठ पूजा के आयोजन को लेकर फैलाए जा रहे भाजपा सरकार के झूठ का पर्दाफाश कर दिया। “आप” के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि “आप” सरकार हमेशा से यमुना किनारे छठ आयोजन की पक्षधर रही है। “आप” सरकार और विधायकों ने कई बार यमुना किनारे छठ मनाने की अनुमति देने की मांग की थी लेकिन एलजी अधीन DDMA और हाई कोर्ट ने रोक लगाई थे। इसी तरह, अरविंद केजरीवाल ने दुर्गा पूजा और रामलीला का मंचन रात 12 बजे तक कराने के लिए भी कई बार मांग की थी, लेकिन भाजपा की केंद्र के अधीन दिल्ली पुलिस ने ऐसा नहीं होने दिया। लेकिन अब भाजपा की सरकार है तो सारी अनुमति दे दी जा रही है।
रामलीला और दुर्गा पूजा का समय रात 10 बजे से बढ़ाकर 12 बजे किए जाने को लेकर सौरभ भारद्वाज ने हैरानी जताते हुए कहा कि हमें शर्म आने लगी है कि मुख्यमंत्री जैसे प्रतिष्ठित पद से कोई इतना झूठ कैसे बोल सकता है? भाजपा सरकार अब यह अनुमति दे रही है और इसका श्रेय ले रही है, जबकि पहले दिल्ली पुलिस (जो केंद्र के ही अधीन है) ने इसे रोका था। अरविंद केजरीवाल ने कई बार समय को बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन तब अस्वीकार कर दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर दुर्गा पूजा में पहली बार जाने का दावा करने को भी झूठ बताया, क्योंकि केजरीवाल कई बार दुर्गा पूजा में शामिल हुए थे। पटाखों और छठ पूजा पर भी उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों के कारण पहले प्रतिबंध थे और अब भाजपा इसका फायदा उठा रही है।
यमुना सफाई पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पहले प्रवेश वर्मा यमुना में उठे झाग को जहर बताते थे और अधिकारियों से बहस करते थे, लेकिन अब उनकी सरकार तथाकथित जहर को खत्म करने के लिए यमुना में रसायन का छिड़काव करने की योजना बना रही है। भाजपा ने पांच साल तक दिल्लीवासियों को गुमराह किया, नौटंकी की और अब पिछली सरकार को बदनाम करने में लगी है और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर रही है।
वहीं, बुराड़ी से “आप” विधायक संजीव झा ने छठ पूजा को लेकर कहा कि अरविंद केजरीवाल और “आप” विधायकों ने कई बार उपराज्यपाल को चिट्ठी लिखकर यमुना पर छठ की अनुमति मांगी थी, लेकिन तब रोका गया। भाजपा सरकार अब यह अनुमति दे रही है और इसका श्रेय ले रही है। उन्होंने बताया कि मैं हर साल छठ पूजा के दौरान उपराज्यपाल को कार्ट के ऑर्डर को निरस्त किए जाने या बातचीत के माध्यम से अन्य समाधानों के लिए चिट्ठी लिखता था, ताकि यमुना पर छठ की अनुमति मिले। लेकिन तब आम आदमी पार्टी की नहीं सुनी गई, यमुना पर छठ को रोका गया और अब वही भाजपा तत्कालीन “आप” सरकार को बदनाम करने के लिए यह अनुमति दे रही है। इसलिए भाजपा को पिछली सरकार को बदनाम करने व झूठ परोसने के बजाय अब जनता की परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए।