दिल्ली में पानी की कमी और और गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या बरकरार है। पानी की किल्लत को लेकर मंगलवार को नांगलोई विधानसभा की महिलाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ मटका फोड़ प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी की दिल्ली महिला विंग की अध्यक्ष सारिका चौधरी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सीएम रेखा गुप्ता से साफ और पूरा पानी देने की मांग की। सारिका चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली की प्यास बुझाने के नाम पर लोगों को सिर्फ खोखले वादे दिए। जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आरामगाह में छिपी बैठी हैं। भाजपा की चार इंजन की सरकार दिल्लीवालों की जरूरते पूरी करने में फेल है। इस दौरान स्थानीय पार्षद संतोष समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
सारिका चौधरी ने कहा कि नांगलोई के बी ब्लॉक में पानी की भारी समस्या है। रात के एक बजे सिर्फ आधा या एक घंटे के लिए पानी आता है, वह भी गंदा और बदबूदार पानी आता है। इस पानी को पीना, नहाना या घर के कामकाज के लिए इस्तेमाल करना असंभव है। बिना पानी के घर का कोई काम नहीं हो पाता। महिलाएं इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशान हैं। गंदे पानी की वजह से बच्चे, महिलाएं और पुरुष बीमार हो रहे हैं। जनता पूछ रही है कि अगर पानी नहीं आएगा तो वे क्या करेंगे?
सारिका चौधरी ने कहा कि पानी के साथ-साथ बिजली की समस्या भी गंभीर है। बी ब्लॉक में 8 से 9 घंटे की पावर कटौती हो रही है। रेखा सरकार के आने के बाद से बिजली और पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। इसके अलावा, महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर की सुविधा से भी वंचित किया जा रहा है। जब महिलाएं बस में चढ़ने की कोशिश करती हैं, तो उन्हें मना कर दिया जाता है। यह स्थिति दिल्ली की जनता, खासकर महिलाओं के लिए असहनीय हो गई है।
सारिका चौधरी ने कहा कि रेखा सरकार ने महिलाओं को 2500 रुपये देने और मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन ये वादे झूठे साबित हुए। न तो 2500 रुपये दिए गए और न ही गैस सिलेंडर मुफ्त मिला। उल्टा, गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपये और बढ़ा दिए गए। इस सरकार ने महिलाओं को सिर्फ ठगा है। कामकाज के लिए निकलने वाली महिलाएं पानी की अनिश्चितता के कारण परेशान हैं। उन्हें हमेशा डर रहता है कि पानी कब आएगा और कब नहीं।
सारिका चौधरी ने कहा कि जनता को लगा था कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के नाते रेखा गुप्ता महिलाओं और गरीबों की भलाई करेंगी। चूंकि वे पहले काउंसलर और पार्षद रह चुकी हैं, इसलिए उन्हें झुग्गी-झोपड़ी वालों और गरीबों के दर्द का अंदाजा होगा। लेकिन हुआ इसका उल्टा। रेखा सरकार महिलाओं का शोषण कर रही है। तीन महीने में ही दिल्ली में हाहाकार मच गया है। जनता सड़कों पर उतर आई है, खासकर महिलाएं, जो खाली घड़े लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रेखा सरकार ने गरीबों का जीना मुहाल कर दिया है। वार्ड 45 में बिना किसी सूचना के गरीबों की रेड़ी-पटरी और दुकानों को उजाड़ दिया गया। पंजाबी बस्ती में लगातार चार दिनों से डेमोलेशन चल रहा है। इस निर्दयी सरकार ने गरीबों को मोहताज बना दिया। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा की और मांग की कि गरीबों को रहने और कमाने का हक दिया जाए। दिल्ली में हर तरफ त्राहि-त्राहि मची है।
लोगों ने कहा कि दिल्ली में हर आदमी परेशान है, चाहे वह बिजली की समस्या हो, पानी की किल्लत हो, रोजगार का संकट हो, रेड़ी-पटरी वालों का मुश्किल हो या दुकानदारों की दिक्कत। यह कैसी सरकार है, जो दिल्ली को इस तरह बर्बाद कर रही है।। उन्होंने पुरजोर मांग की कि गरीबों के साथ इस तरह का व्यवहार बंद हो और बिजली- पानी की समस्या को तुरंत ठीक किया जाए।