आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को सुबह पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। लुटियंस जोन में पंडित रवि शंकर शुक्ला लेन मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय पर सीएम अरविंद केजरीवाल के विचारों को सुनने के लिए पूरी दिल्ली से बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक जुटेंगे। यह जानकारी साझा करते हुए ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के बाहर आने से पार्टी कार्याकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और पहले से सौ गुना ज्यादा ताकत से देशहित में काम करने के लिए तैयार है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को जमानत दी है, सुप्रीम कोर्ट ने पिंजरे में बंद तोते (सीबीआई) और उसके मालिक (केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह) को साफ कहा है कि वह इस तरह प्रजातंत्र को बंदी बनाना बंद करें। इससे पूरे देश में एक खुशी की लहर दौड़ गई है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह है। रविवार को सुबह पार्टी मुख्यालय में अरविंद केजरीवाल कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि स्वाभाविक सी बात है कि अरविंद केजरीवाल इतने दिन बाद कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पहले से सौ गुना ज्यादा उत्साह के साथ इस संघर्ष में देशहित के लिए काम करने के लिए तैयार हैं और यह संघर्ष जारी रहेगा।