आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एमसीडी के अधीन आने वाले कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई को कम करने का श्रेय ले रही भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ‘‘आप’’ सरकार ने कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई को कम किया और भाजपा श्रेय ले रही है। उन्होंने पूछा कि एक माह पहले ही भाजपा का मेयर बना है, तो क्या एक महीने में ही कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई कम हो गई। अगर ऐसा तो भाजपा उसका डेटा दिखाएं। सच यह है कि नवंबर 2022 में ‘‘आप’’ एमसीडी की सत्ता में आई और 2025 तक कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई को काफी कम किया। एलजी और मुख्यमंत्री का तो एमसीडी के कूड़े के पहाड़ से कोई लेना-देना ही नहीं है। फिर भी वह झूठ बोल कर श्रेय लेने की कोशिश रहे हैं।
शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा का मेयर एमसीडी में अभी एक महीने पहले ही बना है। क्या एक महीने में कूड़े का पहाड़ खत्म हो गया कि भाजपा उसका क्रेडिट लेने के लिए दौड़ रही है? अगर कूड़ा कम हुआ है, तो यह क्रेडिट “आप” की एमसीडी को दिया जाना चाहिए, क्योंकि 2022 के नवंबर में “आप” के पास एमसीडी की सत्ता आई और 2025 तक उनके कार्यकाल में कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई कम हुई। भाजपा इसे कैसे चुरा सकती है? वह इस उपलब्धि पर कैसे दावा कर सकती हैं? उपराज्यपाल (एलजी) का इसमें क्या लेना-देना है?
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एलजी का काम दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और दिल्ली पुलिस तक सीमित है। वे न तो एमसीडी चलाते हैं और न ही दिल्ली सरकार चलाते हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जो तीन महीने पहले ही आई हैं, क्या उन्होंने कूड़े का पहाड़ कम किया है? अगर हां, तो डेटा सामने रखा जाए। डेटा में दिखाया जाए कि इतने सालों में कूड़े का पहाड़ कितने इंच कम हुआ और रेखा गुप्ता के तीन महीने के कार्यकाल में कितना कम हुआ। अगर यह सच है, तो हम खुद उन्हें मुबारकबाद देंगे और दिल्ली की जनता की ओर से धन्यवाद देंगे। लेकिन सच बोला जाए। बात-बात पर झूठ बोलकर मुख्यमंत्री के पद को नीचे नहीं गिराना चाहिए।