
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 2700 करोड़ रुपए में बने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आलीशान राजमहल को भाजपा को दिखाने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि बुधवार को सुबह 11 बजे हम मीडिया के साथ पहले मुख्यमंत्री आवास जाएंगे और उसके बाद प्रधानमंत्री के राजमहल को देखने जाएंगे। मेरी भाजपा से मांग है कि वह पीएम का राजमहल दिखाए। सीएम आवास जाकर मीडिया खुद भाजपा का झूठ देखेगी कि उसमें स्विमिंग पूल, मिनी बार और सोने का टॉयलेट कहां है? उन्होंने कहा कि देश के राजा (मोदी जी) के 2,700 करोड़ रुपए में बने राजमहल में 300 करोड़ की कालीन बिछी हुई है, 200 करोड़ का झूमर लगा है और वह 10-10 लाख के पेन, 6700 जोड़ी जूते व 5000 सूट का इस्तेमाल करते हैं। हम यह चाहते हैं कि दिल्ली और देश के लोगों को सच्चाई पता पता चले।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि गाली-गलौज पार्टी ने आम आदमी पार्टी और उनके नेताओं के खिलाफ एक अभियान छेड़ रखा है। इनका ‘आप’ नेताओं का अपमानित करना, उनके बारे में रोज उटपटांग टिप्पणियां करना और उन्हें जेल में डालना आम बात हो गई है। लेकिन इनका जो दुष्प्रचार और झूठ है, मैं उसे सबके सामने खोलना चाहता हूं। मुख्यमंत्री का आवास, जो दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए बना है, उसे इन्होंने तीन महीने में दो बार कैंसिल कर दिया। उसके बारे में सारी की सारी भाजपा, नरेंद्र मोदी से लेकर उनके सारे नेता एक ही प्रचार कर रहे हैं कि उस मुख्यमंत्री आवास में मिनी बार बना हुआ है, सोने का टॉयलेट बना हुआ है और उसमें स्विमिंग पूल बना हुआ है। मैं चाहता हूं कि पूरी दिल्ली और देश के सामने भारतीय झूठ्ठा पार्टी के लोगों का झूठ उजागर हो। पूरी दिल्ली और देश के लोगों को पता चले कि ये दिन रात मुख्यमंत्री आवास के बारे में झूठ बोलते हैं। ये हमें दिखाएं कि स्विमिंग पूल, मिनी बार और सोने का टॉयलेट कहां है? हम चाहते हैं कि इसके बारे में देश की मीडिया और एक-एक लोगों को पता चलना चाहिए। संजय सिंह ने आगे कहा कि मैं चुनौती देता हूं कि बुधवार 11 बजे मीडिया वालों के साथ चलकर इस बात का फैसला हो कि एक तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री का आवास है, जिसके बारे में भाजपा दुष्प्रचार और झूठा प्रचार कर रही है। इसी दिल्ली में देश के राजा नरेंद्र मोदी का राज महल है, जो 2700 करोड़ रुपए का बना है। इस राजमहल में हमारे राजा रहते हैं और हमारे राजा इतने अद्भुत हैं कि उन्होंने फैशन डिजाइनरों को भी फेल कर दिया है। वह दिन में तीन-तीन बार कपड़े बदलते हैं। दस-दस लाख का पेन का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने 2700 करोड़ में अपना घर बनवाया है। उनके पास 6700 जूतों की जोड़ियां हैं। उनके पास पांच हजार सूट हैं। हमारे प्रधानमंत्री जी के घर में 300 करोड़ रुपए के कालीन बिछे हुए हैं जिसमें सोने के तार लगे हुए हैं। राजमहल में 200 करोड़ रुपए का झूमर लगा हुआ है जिसमें हीरे लगे हुए हैं। इस राजमहल को पूरे देश, मीडिया और दिल्ली की मीडिया को दिखाओ। हम इनका राजमहल देखना चाहते हैं। हम उन 6700 जूतों की जोड़ियां देखना चाहते हैं जो इन्होंने रोज बदलने के लिए रखे हुए हैं। हम इनके दस-दस लाख के पेन देखना चाहते हैं। हम इनके पांच हजार सूट देखना चाहते हैं जिसे ये दिनभर में तीन-चार बदलते हैं। संजय सिंह ने कहा कि मैं भाजपा को चुनौती देता हूं और कहना चाहता हूं कि पूरे देश के सामने बुधवार को तुम्हारा झूठ उजागर होगा। हम लोग मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को 11 बजे मीडिया के साथियों के साथ चलेंगे और वहां बने सोने का टॉयलेट खोजेंगे। वहां स्विमिंग पूल और मिनी बार खोजेंगे। उसके ठीक बाद हम लोग राजा का राजमहल देखने चलेंगे। देश के राजा नरेंद्र मोदी का राजमहल , जो 8400 करोड़ के जहाज में चलते हैं, जो लाखों के चश्मे लगाते हैं, जिनके घर में तीन सौ करोड़ की कालीन पड़ी है। बुधवार को पहले हम मुख्यमंत्री आवास और उसके बाद राजा का राजमहल देखने चलेंगे। मैं मीडिया साथियों को आमंत्रित करता हूं कि वे लोग हमारे साथ बुधवार को 11 बजे मुख्यमंत्री आवास और उसके बाद राजा का राजमहल देखने के लिए जरूर चलें।