आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा अरोड़ा समाज को लेकर दिए गए आपत्ति जनक बयान पर कड़ा विरोध किया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सीएम के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पंजाब में चुनाव प्रचार के दौरान अपमान जनक बयान देने पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के प्रति अरोड़ा समाज में भारी आक्रोश है। सीएम रेखा गुप्ता को अपना बयान वापस लेकर पूरे पंजाबी और अरोड़ा समाज से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। पंजाबी समाज ने दिल्ली चुनाव में भाजपा को बढ़-चढ़कर वोट दिया और अब सीएम उसी समाज को अपमानित कर रही हैं।
सोमवार को ‘‘आप’’ मुख्यालय पर एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि रेखा गुप्ता ने जिस तरह से अरोड़ा समाज के बारे में बोला है, वो निंदनीय है। सीएम रेखा गुप्ता को अरोड़ा समाज के बारे में जरा सा भी ज्ञान नहीं है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अपने बयान के लिए अरोड़ा समाज से माफी मांगनी चाहिए। जब यूनाइटेड इंडिया था और भारत से पाकिस्तान अलग हुआ। उस समय पंजाब और सिंध भाग हुआ करता था। वहां से बहुत सारे लोग आकर दिल्ली में बसे। इनमें से अधिकतर लोग अरोड़ा समाज से हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता ने असंवैधानिक शब्द का प्रयोग किया है। सीएम रेखा गुपता ने अपने बयान में कहा है कि झाड़ू वाले का जो अरोड़ा है, वो बन नहीं सकता रोड़ा। अरोड़ा सरनेम भी है। यह सरनेम सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि हमारे पूर्वज भी यही सरनेम इस्तेमाल करते थे। अरोड़ा सरनेम को इतने अपमान जनक तरीके से बोलना और पूरे अरोड़ा समाज के उपर टिप्पणी करना, बहुत ही निंदनीय है। आम आदमी पार्टी सीएम रेखा गुप्ता के बयान की कड़ी निंदा करती है। सीएम रेखा गुप्ता बताएं कि क्या उनको ऐसी असंवैधानिक भाषा का इस्तेमाल करनी चाहिए थी।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में सबसे ज्यादा पंजाबी समाज के लोग रहते हैं। पंजाबी समाज ने बढ़ चढ़कर दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट दिया और पंजाबी समाज के वोटों की बदौलत ही आज भाजपा दिल्ली की सत्ता पर काबिज है। लेकिन आज दिल्ली की मुख्यमंत्री पंजाबी समाज के लिए अपमान जनक शब्दों का प्रयोग करती हैं। आम आदमी पार्टी सीएम के इस बयान की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि सीएम रेखा गुप्ता से पूरे अरोड़ा समाज से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान एमसीडी के करोलबाग जोन के चेयरमैन पुनीत राय और नेता वरुण राज सिंह भी मौजूद रहे।